फेस्टिव सीजन का ऐलान हो गया है. ऐसे में कई लोग दशहरा या दिवाली में अपने लिए नई कार खरीदना चाहते हैं. भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इन दिनों सनरूफ और शानदार माइलेज वाली बजट-फ्रेंडली कॉम्पैक्ट SUV कारों का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है. मिडिल क्लास फैमली के लिए ऐसी गाड़ियां पहली पसंद बन चुकी हैं जो बजट में फिट होने के साथ-साथ खराब रास्तों पर आसानी से चल सकें और सेफ्टी स्टैंडरड् से लैस हों. यदि आप भी इस त्योहारी सीजन में अपने परिवार के लिए लगभग 5 लाख से 7 लाख की शुरुआती कीमत वाली एक SUV घर लाने की सोच रहे हैं, तो बाजार में कई ऑप्शन मौजूद हैं. आइए आपको सबके बारे में एक-एक करके बताते हैं.
Tata Punch
टाटा मोटर्स की ये माइक्रो-SUV भारतीय परिवारों के बीच अपनी मजबूती और बोल्ड ऑफ-रोड लुक के लिए सबसे पॉपुलर गाड़ी बनी हुई है. टाटा पंच की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत मात्र 5.64 लाख रखी गई है. इसका हाई ग्राउंड क्लीयरेंस और मस्कुलर डिजाइन इसे भारतीय सड़कों के गड्ढों से निपटने के लिए बेहद सक्षम बनाता है. इसके केबिन में एक इलेक्ट्रिक सनरूफ, 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं.
ये कार 1.2-लीटर रिफाइंड पेट्रोल इंजन से पावर्ड होती है. कंपनी का दावा है कि ये मैनुअल गियरबॉक्स के साथ 20.09 किमी/लीटर का शानदार माइलेज दे सकती है. टाटा ने इसमें अपनी पेटेंट ट्विन-सिलेंडर CNG तकनीक दी है. जिसमें दो छोटे CNG सिलेंडरों को डिक्की के नीचे छुपाया गया है, जिससे भारी सामान रखने के लिए बूट स्पेस बिल्कुल खाली रहता है. कंपनी के अनुसार, CNG मोड में ये कार 26.99 किमी/किग्रा का बंपर माइलेज देती है. सुरक्षा के लिए इसे Global NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल है और इसमें पैसेंजर्स की सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें- 10 लाख से कम में आई जबरदस्त कार, चुटकी बजाते ही पकड़ेगी तूफानी रफ्तार, चलते-फिरते करेगी मसाज
Hyundai Exter
Hyundai की Exter अपने सेगमेंट-फर्स्ट आधुनिक फीचर्स और रिफाइंड केबिन के दम पर बजट ग्राहकों के बीच तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. Hyundai Exter की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत मात्र 5.79 लाख से शुरू होती है. इसके केबिन को काफी हवादार और स्पेशियस बनाया गया है जिससे लंबी यात्राओं के दौरान थकान नहीं होती है. इस कार में ग्राहकों को सिंगल-पेन इलेक्ट्रिक सनरूफ, दुर्घटनाओं और सीन को रिकॉर्ड करने के लिए एक इन-बिल्ट डैशकैम और एक बड़ा 8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है.
ये कार हुंडई के बेहद शांत और रिफाइंड 1.2-लीटर, 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन के साथ आती है. कंपनी दावा करती है कि ये पेट्रोल मोड में 19.4 किमी/लीटर का माइलेज देती है. इसके फैक्ट्री-फिटेड CNG वेरिएंट का माइलेज और भी शानदार 27.1 किमी/किग्रा है. यात्रियों की सेफ्टी मजूबत करने के लिए हुंडई ने इस कार के सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स को स्टैंडर्ड रूप से शामिल किया है.
Maruti Suzuki Brezza
यदि आप थोड़े बड़े साइज की और रफ-एंड-टफ कॉम्पैक्ट SUV चाहते हैं, तो Maruti Suzuki Brezza देश के सबसे भरोसेमंद और टिकाऊ ऑप्शन में से एक है. Maruti Brezza की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.39 लाख रुपये रखी गई है. इसके बोल्ड डिजाइन में चारों तरफ रफ बॉडी क्लैडिंग, एलईडी हेडलैंप्स और एक मस्कुलर रियर प्रोफाइल मिलता है. इसके ड्यूल-टोन प्रीमियम केबिन में हेड-अप डिस्प्ले (HUD), वायरलेस चार्जिंग पैड, पीछे के यात्रियों के लिए स्पेशल एसी वेंट्स, शानदार इलेक्ट्रिक सनरूफ और 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है.
Maruti Suzuki Brezza में मारुति का बेहद सक्सेसफुल 1.5-लीटर K15C पेट्रोल इंजन मिलता है. ये अपनी स्मूथनेस और बेजोड़ लाइफ के लिए जाना जाता है. ये मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स ऑप्शन्स के साथ आती है और वेरिएंट के अनुसार 17 से 20 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देती है. सेफ्टी के लिए इस SUV में 6 एयरबैग्स, एबीएस, ईबीडी और गाड़ी को फिसलने से बचाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) दिया गया है.
अगर आप सनरूफ के साथ नई कार खरीदना चाहते हैं तो आपके पास ये टॉप के ऑप्शन्स हैं. इन कारों की बिक्री भी खूब होती हैं. हालांकि, इसके अलावा भी आपके पास Skoda Kylaq और Nissan Magnite का ऑप्शन है. ये भी बजट कीमत में दमदार परफॉर्मेंस और फीचर्स के साथ आती हैं.
यह भी पढ़ें- 360° कैमरा-ADAS.. रोड पर गरदा उड़ाने आ गई Honda की कार, Seltos-Grand Vitara को टक्कर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं