बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस Sunny Leone के कार कलेक्शन में एक और नई बेहद दमदार गाड़ी शामिल हो गई है. सनी लियोनी ने ऑफ-रोडिंग क्षमता के लिए पूरी दुनिया में पहचानी जाने वाली लग्जरी SUV Jeep Wrangler Rubicon को खरीदा है. उन्होंने इस SUV के यूएस-स्पेक मॉडल को अमेरिका के टेक्सास शहर में खरीदा है. इस नई गाड़ी की डिलीवरी लेते हुए उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपनी इस सफेद रंग की नई कार को "ममाज बीस्ट" बताया है.
आपको बता दें कि भारतीय बाजार में Jeep Wrangler की एक्स-शोरूम कीमत 72.30 लाख रुपये से शुरू होती है. Jeep Wrangler हाल ही में लॉन्च हुए स्पेशल व्हाइटकैप एडिशन जैसे कई खास वेरिएंट्स में बिक्री के लिए उपलब्ध है.
सनी लियोनी की नई व्हाइट Jeep Wrangler Rubicon
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो के अनुसार, सनी लियोनी ने अपने लिए क्लासिक व्हाइट कलर की Rubicon चुनी है. अमेरिका के मार्केट में ये SUV फायरक्रैकर रेड, हाइड्रो ब्लू पर्ल, एनविल क्लियर, ब्लैक क्लियर, ग्रेनाइट क्रिस्टल, मोजिटो क्लियर और गोल्डीलॉक्स जैसे कई कलर ऑप्शन्स में उपलब्ध है. इसके अलावा, अमेरिकी बाजार में इस गाड़ी का टू-डोर मॉडल भी मिलता है. हालांकि, ये भारतीय बाजार में उपलब्ध नहीं है, लेकिन सनी ने अपने लिए ज्यादा प्रैक्टिकल फोर-डोर वेरिएंट ही सेलेक्ट है.
Jeep Wrangler Rubicon के स्पेसिफिकेशन्स
वीडियो में सनी लियोनी बताती हैं कि उन्होंने खास टेक्सास की सड़कों और वहां के कठिन रास्तों पर ऑफ-रोडिंग करने के लिए Jeep Wrangler Rubicon को चुना है. उन्होंने इसे वहां की परिस्थितियों के लिए ये सबसे बेहतरीन SUV बताया है. इस SUV में 2.0-लीटर का चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है. ये दमदार इंजन 270 hp की मैक्सिमम पावर और 400 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में पूरी तरह सक्षम है.
यह भी पढ़ें | 20KM तक का माइलेज, प्रीमियम फीचर्स, कीमत 7.89 लाख से शुरू, सबसे सस्ती टर्बो-इंजन कारें
इस इंजन को 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और एक बेहद एडवांस फोर-व्हील-ड्राइव (4WD) सिस्टम के साथ जोड़ा गया है, जो मुश्किल से मुश्किल रास्तों, कीचड़, पत्थरों और पानी के बीच से गाड़ी को आसानी से निकाल ले जाता है. अपने बड़े साइज और मजबूती के कारण ये SUV सीधे तौर पर Land Rover Defender और Mercedes-Benz G-Wagen जैसी दुनिया की सबसे महंगी गाड़ियों के साथ मुकाबला करती है. इसमें बड़े साइज के 17-इंच और 18-इंच के अलॉय व्हील्स का ऑप्शन मिलता है.
केबिन के अंदर मिलने वाले लग्जरी फीचर्स
बाहर से बेहद मस्कुलर दिखने वाली Jeep Wrangler Rubicon अंदर से उतनी ही आरामदायक और आधुनिक तकनीकों से लैस है. इसके केबिन के अंदर ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करने वाला 12.3-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. सफर के दौरान बेहतरीन म्यूजिक के लिए 9-स्पीकर वाला प्रीमियम ऑडियो सिस्टम मिलता है. इसके अलावा ड्यूल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल (AC), गर्म होने वाले हीटेड हीटेड डोर, चाबी से दूर बैठे गाड़ी चालू करने के लिए रिमोट स्टार्ट/स्टॉप और ठंड के मौसम के लिए गर्म होने वाली हीटेड फ्रंट सीट्स जैसे कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं.
सनी लियोनी का कार कलेक्शन
Jeep Wrangler Rubicon की इन्हीं खूबियों के कारण यह गाड़ी केवल सनी लियोनी की ही नहीं, बल्कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों की भी पहली पसंद बनी हुई है. भारत में इस कार को पसंद करने वाले सेलेब्रिटीज में ऋतिक रोशन, सैफ अली खान, करण कुंद्रा और संजय मिश्रा जैसे बड़े नाम शामिल हैं. जिनके गैरेज में ये रफ-एंड-टफ गाड़ी पहले से मौजूद है.
अगर सनी लियोनी के कार कलेक्शन की बात करें तो रिपोर्ट के अनुसार, उनके पास इस नई जीप के अलावा पहले से ही Maserati Quattroporte, BMW 7 Series, Audi A5 और भारत में घूमने के लिए MG Gloster जैसी कई बेहद महंगी और शानदार गाड़ियां मौजूद हैं.
यह भी पढ़ें | 8.5 लाख वाली SUV की कीमत धड़ाम! 1.55 लाख की सीधी छूट, फीचर्स और लुक भी दमदार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं