यदि आप इस फेस्टिव सीजन में अपने लिए बंपर छूट के साथ अलग दिखने वाली कार खरीदना चाहते हैं तो अब बेहद बढ़िया मौका है. अक्टूबर के महीने में फ्रांस की व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग कंपनी Citroen अपनी खूबसूरत कूपे-स्टाइल SUV Citroen Basalt (अब Basalt X) पर 1.55 लाख रुपये तक का भारी-भरकम डिस्काउंट और ऑफर्स दे रही है. 8.5 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत वाली गाड़ी पर 1.55 लाख रुपये की छूट मिलना बड़ी बात है.
यानी आप लगभग 20 प्रतिशत तक की छूट नहीं कार पर पा सकते हैं. Citroen की ये स्पेशल स्कीम केवल 31 अक्टूबर तक लिमिटेड स्टॉक पर ही उपलब्ध है. हालांकि, इस पर मिलने वाला फायदा आपके चुने गए वेरिएंट पर निर्भर करेगा. आपको बता दें कि बिना किसी छूट के, अभी Basalt X की एक्स-शोरूम कीमत 8.55 लाख रुपये से लेकर 14.10 लाख रुपये के बीच है.
कूपे-डिजाइन और इंजन ऑप्शन्स
Citroen Basalt X का सबसे बड़ा अट्रैक्शन इसका स्पोर्टी कूपे-डिजाइन है. इसमें पीछे की तरफ स्लोपिंग रूफलाइन दी गई है. ये कार दो अलग-अलग पेट्रोल इंजन ऑप्शन के साथ आती है. इसमें पहला 1.2-लीटर का नॉर्मल नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है जो 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है. वहीं, जो लोग तेज रफ्तार और थ्रिल पसंद करते हैं, उनके लिए इसमें 1.2-लीटर का दमदार टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ बिक्री के लिए उपलब्ध है. कंपनी का दावा है कि इंजन और वेरिएंट के आधार पर ये कार 18 से 19.5 किमी प्रति लीटर तक का शानदार माइलेज दे सकती है.
केबिन के अंदर मिलने वाले हाई-टेक फीचर्स और बूट स्पेस
महिंद्रा और टाटा की कारों को टक्कर देने के लिए Citroen ने इस कार के केबिन को भी प्रीमियम फीचर्स से लोड किया है. इस कार के केबिन में 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ड्राइवर के लिए 7-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, और सफर के दौरान फोन चार्ज करने के लिए वायरलेस चार्जिंग पैड मिलता है. इसके साथ ही गर्मी के मौसम के लिए इसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, क्रूज कंट्रोल और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए 360-डिग्री पार्किंग कैमरा जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं. लंबी फैमली ट्रिप पर सामान रखने के लिए इसमें 470 लीटर का विशाल बूट स्पेस दिया गया है, जो इस बजट की दूसरी कारों के मुकाबले बहुत बड़ा है.
यह भी पढ़ें | पैनोरमिक सनरूफ, 24.70 किमी तक का माइलेज, आज से Mahindra की CNG SUV की बुकिंग
हालांकि, Citroen Basalt X को खरीदने से पहले ग्राहकों को एक बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि भारतीय बाजार में Citroen का डीलर और सर्विस नेटवर्क इसके कंपीटिर Tata Curvv के मुकाबले काफी छोटा है. इस वजह से बुकिंग करने से पहले अपने शहर में इसके सर्विस सेंटर की उपलब्धता की जांच जरूर कर लें. यदि आपके शहर में Citroen की सर्विस मौजूद है और आप भीड़ से अलग दिखने वाली एक बेहद स्पोर्टी कार चाहते हैं, तो इस अक्टूबर के फेस्टिव सीजन में इसे खरीदना आपके लिए सबसे फायदे का सौदा साबित हो सकता है.
नोट: ध्यान रखें कि एक्स-शोरूम कीमत में आरटीओ रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस शामिल नहीं होते हैं, इसलिए आपकी फाइनल ऑन-रोड कीमत थोड़ी अधिक होगी. इसके साथ ही ये डिस्काउंट अलग-अलग शहरों, स्थानीय डीलरशिप्स और स्टॉक के आधार पर बदल सकता है. इस वजह से गाड़ी बुक करने से पहले अपने नजदीकी Citroen शोरूम पर जाकर सटीक डिस्काउंट को कन्फर्म जरूर कर लें. डीलर से ये भी जरूर पूछें कि आपको जो गाड़ी दी जा रही है वह साल 2025 की है या 2026 की, क्योंकि पिछले महीने पुराने स्टॉक पर डिस्काउंट करीब 60 हजार रुपये और ज्यादा मिल रहा था.
यह भी पढ़ें | 20KM तक का माइलेज, प्रीमियम फीचर्स, कीमत 7.89 लाख से शुरू, सबसे सस्ती टर्बो-इंजन कारें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं