Mahindra Discount Offers: इस त्योहारी सीजन में कई गाड़ियों पर बंपर छूट दी जा रही है. SUV मैन्युफैक्चरिंग कंपनी Mahindra ने अक्टूबर 2026 के लिए अपनी कई पॉपुलर SUV और इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर बंपर फेस्टिव ऑफर्स की घोषणा कर दी है. इन स्कीम्स के तहत ग्राहकों को एक्सचेंज ऑफर्स, कॉर्पोरेट डिस्काउंट, भारी कैश डिस्काउंट और फ्री एक्सेसरीज पैकेज दिए जा रहे हैं. कंपनी की सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ियां जैसे XUV 3XO, Scorpio N, Thar और XUV400 EV पर इस महीने बेहद शानदार डील्स मिल रही हैं.
Mahindra XUV 3XO: चुनिंदा वेरिएंट्स पर बचत
Mahindra की कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO पर वेरिएंट के अनुसार अलग-अलग ऑफर्स दिए जा रहे हैं. MX2 Pro, MX3, और MX3 Pro पेट्रोल वेरिएंट्स पर इस महीने सबसे ज्यादा छूट मिल रही है. इन ट्रिम्स को खरीदने पर ग्राहकों को 40 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट और 20 हजार रुपये की मुफ्त एक्सेसरीज दी जा रही है. इससे टोटल बचत 60 हजार रुपये तक हो जाती है. जबकि इसके डीजल मॉडल्स पर ग्राहकों को 10 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट और 15 हजार की एक्सेसरीज मिल रही है. इससे टोटल फायदा 25 हजार रुपये तक पहुंच जाता है.
Scorpio Classic और Scorpio N पर बंपर फायदे
Mahindra की आइकॉनिक Scorpio रेंज पर इस महीने कंपनी की तरफ से अब तक का सबसे बड़ा कैश डिस्काउंट दिया जा रहा है. Scorpio Classic के दोनों वेरिएंट्स पर फेस्टिव ऑफर्स लागू हैं. इसके Classic S वेरिएंट पर 15 हजार रुपये का कैश डिस्काउंट और 20 हजार रुपये की एक्सेसरीज मिल रही है, जबकि इसके महंगे Classic S11 वेरिएंट पर 25 हजार रुपये की नकद छूट और 20 हजार की एक्सेसरीज दी जा रही है.
Scorpio N पर भी बंपर डिस्काउंट मिल रहा है. इसके सबसे टॉप वेरिएंट Scorpio N Z8L 7-Seater 4WD AT को खरीदने पर ग्राहकों को सीधे 1.25 लाख रुपये का कैश डिस्काउंट और 25 हजार रुपये की एक्सेसरीज दी जा रही है. यानी इस गाड़ी पर ग्राहक सीधे 1.5 लाख रुपये तक की बचत कर सकते हैं. जबकि इसके 2WD AT वेरिएंट्स पर 50 हजार रुपये की नकद छूट और 25 हजार रुपये का एक्सेसरी पैकेज मिल रहा है.
Thar और Thar Roxx पर मिलने वाले डिस्काउंट्स
ऑफ-रोडिंग के दीवानों की पहली पसंद Mahindra Thar पर भी इस महीने शानदार छूट मिल रही है. इसके पेट्रोल और डीजल दोनों 4WD वेरिएंट्स पर ग्राहकों को 50 हजार रुपये का सीधा कैश डिस्काउंट और 30 हजार रुपये की मुफ्त एक्सेसरीज मिल रही है. इससे टोटल फायदा 80 हजार रुपये तक हो जाता है. इसके 2WD LX वेरिएंट को खरीदने पर ग्राहकों को 30 हजार रुपये की मुफ्त एक्सेसरीज दी जा रही है. हालांकि, हाल ही में लॉन्च हुई Mahindra Thar Roxx पर इस महीने कोई भी फेस्टिव डिस्काउंट या ऑफर नहीं दिया जा रहा है.
XUV400 EV और BE 6 पर ऑफर्स
इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेगमेंट में महिंद्रा अपनी XUV400 EV EL Pro मॉडल पर सीधे 1 लाख रुपये का भारी-भरकम कैश डिस्काउंट दे रही है, जो इसे इस त्योहारी सीजन में कंपनी की सबसे ज्यादा छूट वाली इलेक्ट्रिक कार बनाता है. इसके अलावा, कंपनी की सबसे नई इलेक्ट्रिक कारों BE 6 और XEV 9E पर कोई स्टैंडर्ड फेस्टिव ऑफर जारी नहीं किया गया है. हालांकि, कंपनी का कहना है कि ग्राहक अपने स्थानीय शोरूम और स्टॉक की उपलब्धता के आधार पर डीलरशिप स्तर के स्पेशल ऑफर्स पा सकते हैं.
नोट- आपको बता दें कि इन ऑफर्स में बदलाव समय है. इस वजह से फाइनल डील करने से पहले डीलरशिप से ऑफर्स और डिस्काउंट के बारे में जरूर क्रॉस-चेक कर लें.
यह भी पढ़ें | 21.8 किमी का माइलेज, कीमत 10.91 लाख, इस SUV पर टूट पड़े लोग, बिक गई 15 लाख यूनिट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं