राजस्थान से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. ठगी की यह वारदात किसी आम नागरिक से हुई है, बल्कि एक रिटायर्ड जज के साथ हुई. जानकारी के मुताबिक, जयपुर के रिटायर्ड डिस्ट्रिक्ट जज से डिजिटल अरेस्ट करके 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई. साइबर ठग CBI अफसर और रिजर्व बैंक के मैनेजर बन जज को 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट किए रखा. धोखाधड़ी का पता चलने पर बुधवार को थाने में मामला दर्ज कराया गया.
खुद CBI अफसर बता किया डिजिटल अरेस्ट
ज्योति नगर थाने में मामला दर्ज करवाकर पीड़ित के भांजे ने बताया कि रिटायर्ड डिस्ट्रिक्ट जज गणपत सिंह भंडारी को 28 जुलाई को एक अनजान नंबर से व्हाटसऐप वीडियो कॉल आया. सामने वाले ने खुद को मुंबई का सीबीआई अधिकारी बताया. उस समय उसने पुलिस की वर्दी पहन रखा था. खुद को सीबीआई अधिकारी बताने वाले ने कहा कि 50 करोड़ रुपये का हवाला लेनेदेन पकड़ा गया है, जिसमें से 40 लाख रुपये कथित तौर एसबीआई बैंक के उनके खाते में जमा किए गए थे.
गिरफ्तारी का डर दिखाकर मांगी जानकारी
ठग ने उन्हें गिरफ्तारी की धमकी दी और परिवार के सदस्यों को इस बारे में न बताने की चेतावनी दी. बाद में एक अन्य व्यक्ति ने वाट्सएप पर जज गणपत भंडारी से बात की और खुद को रिजर्व बैंक का मैनेजर बताया. उसने कथित तौर पर पीड़ित जज से कहा कि हवाला लेनदेन से जुड़ा पैसा म्यूचुअल फंड में निवेश किया गया है और उनसे उनके वित्तीय निवेश की जानकारी मांगी.
7 दिन में जज भंडारी ने ट्रांसफर किए 2.5 करोड़ रुपये
डर और दबाव में आकर पीड़ित ने कथित तौर पर अपने म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जानकारी कॉल करने वालों के साथ साझा की. इसके बाद ठगों ने जांच में मदद के बहाने उन्हें अलग-अलग बैंक खातों में पैसे डालने के लिए कहा. जज भंडारी ने तीन से 10 अगस्त के बीच गांधी नगर स्थित अपने एसबीआई खाते से 2,50,51,000 रुपये हस्तांतरित किए.
इसके बाद ठग यही तक नहीं रुके. उन्होंने जज गणपत सिंह से अपने PPF खाते से भी पैसे निकालने को कहा. जब वह बुधवार को इस लेनदेन के लिए एसबीआई (SBI) की जौहरी बाजार ब्रांच पहुंचे तो बैंक मैनेजर को शक हुआ और उन्होंने इस लेन-देन को रोक दिया. बैंक मैनेजर ने जज भंडारी से पूछताछ की और उन्हें बताया कि ऐसा लगता है कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं. इसके बाद पीड़ित ने अपने भांजे से संपर्क किया जिन्होंने ज्योति नगर थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जज के साथ ठगी के मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढे़ं-
137 कंपनियों में से 107 निकलीं फर्जी! 547 करोड़ का कारोबार टैक्स चोरी के घेरे में
सट्टे वाले 'बादशाह' के ठिकाने पर बुलडोजर एक्शन, 6 बीघा में बना आलीशान फार्महाउस ध्वस्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं