Mahindra अपनी बिल्कुल नई और पहली फैक्ट्री-फिटेड CNG कार XUV 3XO ZNG की आधिकारिक बुकिंग आज सुबह 11 बजे से शुरू करने जा रही है. इस बड़े कदम के साथ Mahindra ने भारत के मेनस्ट्रीम CNG SUV सेगमेंट में ऑफिशियली एंट्री कर ली है. बाजार में इस नई SUV का सीधा मुकाबला पहले से मौजूद Tata Nexon iCNG और Maruti Suzuki Brezza S-CNG जैसी दिग्गज कॉम्पैक्ट CNG गाड़ियों से होने वाला है.
पावरफुल टर्बो इंजन और परफॉर्मेंस
आमतौर पर CNG मोड पर चलते समय कारों की पावर और टॉर्क में काफी गिरावट देखी जाती है, लेकिन Mahindra ने अपनी इस नई तकनीक के दम पर इस धारणा को पूरी तरह बदल दिया है. इसके इंजन कंपार्टमेंट में 1.2-लीटर का MPFI टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. CNG मोड पर चलने के बावजूद ये कार अपने पेट्रोल मॉडल के बराबर ही पूरे 111 PS की मैक्सिमम पावर और 200 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है. Mahindra के अनुसार, उन्होंने इसके टर्बोचार्जर कैलिब्रेशन और ECU मैपिंग में खास मैकेनिकल बदलाव किए हैं ताकि ग्राहकों को बिना किसी लैग के पेट्रोल जैसी ही धांसू परफॉर्मेंस मिल सके.
कंपनी का दावा है कि Mahindra XUV 3XO ZNG 24.70 किमी प्रति किलोग्राम का बंपर माइलेज दे सकती है. इसके साथ ही ये सेगमेंट की सबसे तेज CNG कार भी बन गई है जो मात्र 11.8 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटे की रफ्तार पकड़ने में पूरी तरह सक्षम है.
केबिन के अंदर पैनोरमिक सनरूफ
Mahindra XUV 3XO ZNG के केबिन को पूरी तरह से मॉडर्न फीचर्स से लोड किया है. इस सेगमेंट में पहली बार किसी CNG कार के साथ एक बड़ी पैनोरमिक सनरूफ दी जा रही है. केबिन के अंदर प्रीमियम लेदरेट सीट्स, Dolby Atmos साउंड सिस्टम, 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और ड्राइवर के लिए 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है.
Mahindra XUV 3XO ZNG में ड्राइवर की सहूलियत के लिए तीन अलग-अलग स्टीयरिंग मोड्स (नॉर्मल, कंफर्ट और स्पोर्ट), इंजन पुश-स्टार्ट/स्टॉप बटन, तंग जगहों पर आसानी से पार्क करने के लिए 360-डिग्री कैमरा, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), पीछे की तरफ वाइपर, आगे व पीछे दोनों तरफ आर्मरेस्ट और पीछे की तरफ शानदार कनेक्टेड एलईडी टेललाइट्स दी गई हैं. सेफ्टी को मजबूत करने के लिए इसमें 6 एयरबैग्स, ABS, EBD, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक्स, सभी यात्रियों के लिए 3-पॉइंट सीट बेल्ट्स, रियर पार्किंग सेंसर्स, सीट-बेल्ट रिमाइंडर और हाई-स्पीड अलर्ट सिस्टम जैसे जरूरी फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं. डिजाइन के मामले में ये कार अपने पेट्रोल मॉडल जैसी ही दिखती है, केवल इसके टेलगेट पर कंपनी ने एक अलग पहचान देने के लिए 'ZNG' की स्पेशल बेजिंग दी है.
Mahindra XUV 3XO ZNG की एक्स-शोरूम कीमतें
Mahindra XUV 3XO ZNG को चार वेरिएंट्स के साथ लॉन्च किया गया है. इसके बेस वेरिएंट को XUV 3XO ZNG MX Edge कहा गया है. जिसकी कीमत 9.99 लाख रुपये है. जबकि XUV 3XO ZNG RevX Edge (O) वेरिएंट की कीमत 10.79 लाख रुपये रखी गई है. इसके XUV 3XO ZNG AX5 वेरिएंट की कीमत 11.19 लाख रुपये है. सबसे टॉप वेरिएंट XUV 3XO ZNG RevX A की कीमत 12.27 लाख रुपये रखी गई है.
यह भी पढ़ें | 19.46 KM का माइलेज, दाम 8 लाख से कम, अकेले पूरी कंपनी की सेल्स खींच रही है ये कार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं