विज्ञापन

दुनिया की सबसे तेज ट्रेन के लिए बन रहा 438 KM का रेल कॉरिडोर, 500KM की रफ्तार के सामने बुलेट ट्रेन भी होगी फेल, पहाड़ चीरकर बनी विशाल सुरंग

जापान 438 किलोमीटर का हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बना रहा है जिसका नाम चुओ शिंकानसेन मैगलेव लाइन परियोजना है. दो चरणों वाले इस प्रोजेक्ट में दुनिया की सबसे लंबी रेल सुरंगों में से एक बन रही है- दक्षिणी आल्प्स टनल जो करीब 25 किलोमीटर लंबी होगी. इस लाइन पर 500 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें चलेंगी.

दुनिया की सबसे तेज ट्रेन के लिए बन रहा 438 KM का रेल कॉरिडोर, 500KM की रफ्तार के सामने बुलेट ट्रेन भी होगी फेल, पहाड़ चीरकर बनी विशाल सुरंग
world fastest train: जापान बना रहा चुओ शिंकानसेन मैगलेव रेलवे कॉरिडोर (AI फोटो)

जापान दुनिया की सबसे तेज रफ्तार वाली ट्रेन को दौड़ाने के लिए चुओ शिंकानसेन (Chuo Shinkansen) नाम से एक बेहद आधुनिक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बना रहा है. यह पूरा रेल कॉरिडोर 438 किलोमीटर का होगा और इसमें 500 KM/H की रफ्तार से दुनिया की सबसे तेज ट्रेन दौड़ेगी. यह कोई आम ट्रेन नहीं. यह जापान की मैग्लेव ट्रेन होगी जो किसी दूसरे बुलेट ट्रेन से भी तेज होगी. सबसे खास बात है कि इस चुओ शिंकानसेन रेल कॉरिडोर में दुनिया की सबसे लंबी रेल सुरंगों में से एक बन रही है- दक्षिणी आल्प्स टनल जो करीब 25 किलोमीटर लंबी होगी और अधिकतम गहराई जमीन से करीब 1400 मीटर नीचे होगी. यह इस पूरे प्रोजेक्ट की सबसे महत्वपूर्ण और बनाने में चुनौतीपूर्ण अंडरग्राउंड सुरंग है. 

438 किमी का हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, अधिकतर हिस्सा सुरंगों में

इस हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को दो चरणों में बनाया जाएगा. पहला चरण लगभग 286 किमी लंबा होगा और टोक्यो (शिनागावा स्टेशन) को नागोया से जोड़ेगा, जिससे यात्रा का समय घटकर लगभग 40 मिनट रह जाएगा. दूसरे चरण में ओसाका तक विस्तार होगा. नागोया के बाद इस लाइन को शिन-ओसाका तक बढ़ाया जाएगा, जिससे इस पूरी रेल कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 438 किमी की होगी. इससे टोक्यो से ओसाका का सफर करीब 67 मिनट में पूरा हो सकेगा.

अब इस रूट की बात करें तो 286 किमी लंबे पहले चरण में 246.6 KM हिस्सा सुरंगों का होगा. यह कुल रूट का लगभग 86% है. इसी में दक्षिणी जापानी आल्प्स के नीचे बनने वाली 25 किमी की सुरंग इस परियोजना का सबसे बड़ा इंजीनियरिंग हिस्सा है. इस सुरंग का काम दो प्रांतों में पहले से चल रहा है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण शिज़ुओका खंड (लगभग 8.9 किमी) का काम पर्यावरण और ओई नदी के जल स्तर से जुड़े विवादों के कारण सालों तक रुका रहा. इसमें बड़ा अपडेट है कि जुलाई 2026 में शिजुओका प्रांत और इस प्रोजेक्ट को बना रही JR Central के बीच पर्यावरण संरक्षण समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद इस रुके हुए हिस्से के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. मार्च 2027 में खुदाई फिर से शुरू हो जाएगी.

इसके सामने तो बुलेट ट्रेन भी होगी फेल

इस रेल लाइन पर सामान्य बुलेट ट्रेन नहीं, बल्कि सुपरकंडक्टिंग मैग्लेव ट्रेन चलाई जाएगी. इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत इसकी रफ्तार है. यह करीब 500 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ने के लिए तैयार की जा रही है. इस प्रोजेक्ट के तहत टोक्यो, नागोया और ओसाका शहरों को हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. बुलेट ट्रेन तो आमतौर पर 300-320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है लेकिन यह जापानी मैग्लेव ट्रेन को 500 किमी प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ाया जाएगा. ऐसा नहीं है कि यह कोई ख्याली बात है. जापान की मैग्लेव टेस्ट ट्रेन ने अप्रैल 2015 में परीक्षण के दौरान 603 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की थी.

मैग्लेव ट्रेन में सुपरकंडक्टिंग मैग्लेव तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है. सामान्य ट्रेन के पहिए पटरी पर चलते हैं, लेकिन मैग्लेव ट्रेन चुंबकीय शक्ति की मदद से गाइडवे के ऊपर उठकर चलती है. ट्रेन और गाइडवे के बीच सीधा संपर्क नहीं होता. इससे पहियों और पटरी के बीच होने वाला घर्षण लगभग खत्म हो जाता है.

बनने के बाद मैग्लेव ट्रेन से टोक्यो से नागोया का सफर करीब 40 मिनट में पूरा करने का लक्ष्य है. फिलहाल शिंकानसेन बुलेट ट्रेन से इस यात्रा में लगभग डेढ़ घंटे लगते हैं.

वैसे तो जापान की चुओ शिंकानसेन मैग्लेव लाइन परियोजना के पहले चरण को 2027 में ही शुरू करने का टारगेट था लेकिन पर्यावरण और जल संसाधन से जुड़ी चिंताओं की वजह से ऐसा हुआ नहीं. काम कई बार रुका. अब इसके पहले चरण के जल्द से जल्द 2036 या 2037 में शुरू होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें | चीन बना रहा दुनिया की सबसे लंबी अंडरवॉटर हाईवे टनल, 75 मीटर नीचे सुरंग में गुजरेगा 6 लेन का एक्सप्रेसवे

यह भी पढ़ें | ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, 96 KM सुरंग से गुजरेगी ट्रेन, केदारनाथ-बदरीनाथ की यात्रा होगी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Infrastructure Project, MAglev Train, Bullet Train
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com