भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अब कार खरीदार केवल माइलेज या डिजाइन नहीं देख रहे हैं बल्कि सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता बन चुकी है. इसी वजह से ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी बजट-फ्रेंडली और किफायती कारों में भी एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस सिस्टम यानी ADAS जैसे मॉडर्न फीचर्स देने लगी हैं. ADAS टेक्नोलॉजी कैमरे और रडार की मदद से सड़क पर सामने आने वाले खतरों को खुद पहचानती है और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बड़े हादसों को टालने में मदद करती है. यदि आप भी बेहद कम बजट में बेहतरीन सेफ्टी फीचर्स वाली कार खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो आपको यहां पर सस्ती लेकिन बेहतरीन 4 कारों के बताने में जा रहे हैं.
Honda Amaze
प्रीमियम सेडान सेगमेंट में Honda Amaze भारत में मिलने वाली सबसे सस्ती और सुरक्षित कारों में से एक है. इस कार में Level-2 ADAS की सुविधा केवल इसके सबसे टॉप वेरिएंट ZX में मिलती है. इसके मैनुअल वर्जन की एक्स-शोरूम कीमत 9.39 लाख रुपये है. जबकि ऑटोमैटिक CVT वर्जन की कीमत 10 लाख रखी गई है. इस सेडान में खूबसूरत फ्रंट ग्रिल, ऑल-एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप्स और एक एलिगेंट स्टांस मिलता है. केबिन के भीतर प्रीमियम डुअल-टोन डैशबोर्ड, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट के साथ 8-इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 416-लीटर का बड़ा बूट स्पेस मिलता है.
इसमें 1.2-लीटर का i-VTEC पेट्रोल इंजन मिलता है जो 89 bhp की पावर और 110 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी के अनुसार, 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ ये 18.65 किमी/लीटर और ऑटोमैटिक CVT के साथ 19.46 किमी/लीटर का माइलेज देती है. सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं. इसमें कैमरा-बेस्ड Honda Sensing ADAS सूट है, जिसमें कोलिजन मिटिगेशन ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट, रोड डिपार्चर मिटिगेशन और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे बेहद जरूरी फीचर्स मिलते हैं.
Maruti Suzuki Baleno
देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली प्रीमियम हैचबैक Maruti Suzuki Baleno भी अब एडवांस सेफ्टी अपग्रेड के साथ आती है. इसके सबसे टॉप-एंड वेरिएंट Alpha (O) में लेवल-2 ADAS की सुविधा दी गई है. इसके मैनुअल वर्जन की एक्स-शोरूम कीमत 9.59 लाख रुपये है. जबकि AMT यानी ऑटोमैटिक वेरिएंट की कीमत 10.09 लाख रुपये से शुरू होती है.
इसमें बाहर की तरफ रडार सेंसर हाउसिंग के साथ नया नेक्सवेव ग्रिल, स्लीक एलईडी डीआरएल और नए अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. केबिन के भीतर प्रीमियम ब्लू-एंड-ब्लैक थीम, फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील, सेगमेंट-फर्स्ट वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 9-इंच का स्मार्टप्ले प्रो+ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), कूल्ड वायरलेस चार्जर और पार्किंग को आसान बनाने के लिए 360-डिग्री कैमरा मिलता है.
ये कार नए 1.2-लीटर 3-सिलेंडर Z-Series पेट्रोल इंजन पर चलती है जो 82 bhp की पावर और 112 Nm का टॉर्क देती है. इसका मैनुअल मॉडल 23.80 किमी/लीटर और ऑटोमैटिक AGS (AMT) गियरबॉक्स के साथ 24.77 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देने का दावा करता है. सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग्स, हिल-होल्ड असिस्ट और ईएसपी के साथ Level-2 ADAS मिलता है. इसमें ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट, हाई बीम असिस्ट और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल शामिल हैं.
Mahindra XUV 3XO
यदि आप कॉम्पैक्ट हैचबैक या सेडान के बजाय एक मस्कुलर SUV खरीदना चाहते हैं, तो Mahindra XUV 3XO आपके लिए सबसे सेफ और बढ़िया ऑप्शन है. इस SUV में ADAS फीचर्स इसके AX5 L वेरिएंट से मिलने शुरू होते हैं, इसकी एक्स-शोरूम कीमतें 11.66 लाख से 12.71 लाख रुपये के बीच हैं. इसका मस्कुलर डिजाइन सी-शेप एलईडी डीआरएल, कनेक्टेड एलईडी टेल-लैंप्स और एक चौड़ा स्टांस मिलता है. अंदर की तरफ प्रीमियम सॉफ्ट-टच केबिन, पैनोरमिक सनरूफ, 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन, पूरी तरह से डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वायरलेस चार्जिंग और Harman Kardon प्रीमियम ऑडियो सिस्टम मिलता है.
इसमें 1.2-लीटर mStallion TGDi टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 129 bhp की पावर और 230 Nm का भारी टॉर्क जनरेट करता है. ये 6-स्पीड मैनुअल और टॉर्क कनवर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ लगभग 18 से 20 किमी/लीटर का माइलेज देती है. इस SUV को Bharat NCAP से 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग मिली है. इसके सुरक्षा फीचर्स में 6 एयरबैग्स, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक्स और रडार व कैमरा बेस्ट Level-2 ADAS दिया गया है, जो इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट और स्मार्ट क्रूज कंट्रोल जैसे सपोर्ट देते हैं.
Honda City
जो लोगबड़ी और सबसे भरोसेमंद सेडान कार चाहते हैं, वे Honda City की ओर जा सकते हैं. इस कार में ADAS की शुरुआत इसके V वेरिएंट से ही हो जाती है. जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमतें मैनुअल के लिए 13.29 लाख और ऑटोमैटिक CVT वेरिएंट के लिए 14.29 लाख हैं. ये कार अपनी शार्प क्रोम ग्रिल, एलईडी टेल-लैंप्स और लंबी एलिगेंट बॉडी के साथ बेहद खूबसूरत दिखती है. केबिन के भीतर बेज-एंड-ब्लैक सॉफ्ट-टच इंटीरियर, 8-इंच इंफोटेनमेंट सिस्टम, एम्बिएंट लाइटिंग, रियर एसी वेंट्स और सेगमेंट में सबसे बेहतरीन रियर-सीट लेगरूम मिलता है.
ये कार 1.5-लीटर i-VTEC पेट्रोल इंजन के साथ आती है. ये 121 bhp की पावर और 145 Nm का टॉर्क देती है. ये 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड CVT गियरबॉक्स के साथ 17.8 से 18.4 किमी/लीटर का माइलेज देती है. 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग वाली इस सेडान में 6 एयरबैग्स, ब्लाइंड-स्पॉट असिस्ट के लिए LaneWatch कैमरा और Honda Sensing Level-2 ADAS सूट मिलता है, जिसमें कोलिजन ब्रेकिंग, लेन डिपार्चर असिस्ट, रोड डिपार्चर प्रिवेंशन और अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे उन्नत सेफ्टी फीचर्स शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- गुरुग्राम हादसे के बाद चमचमाती वापस आई Aprilia RS 457, बाइक देख इमोशनल हो गई बाइकर Sia
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं