भारतीय कार खरीदारों के बीच CNG कारें तेजी से पहली पसंद बनती जा रही हैं. खासतौर पर वे लोग इसको पसंद कर रहे हैं जो इलेक्ट्रिक वाहन (EV) खरीदे बिना सीधे अपने फ्यूल खर्च को कम करना चाह रहे हैं. इसको देखते हुए Maruti Suzuki ने अपनी पॉपुलर CNG कारों का AMT (ऑटोमैटिक) गियरबॉक्स वर्जन उपलब्ध करवाया है. इससे बेहद कम CNG खर्च के साथ बिना क्लच दबाए गाड़ी चलाने की शानदार सुविधा मिलती है. आइए आपको तीनों कारों के बारे में एक-एक करके बताते हैं.
Maruti Baleno
Maruti Baleno कंपनी की प्रीमियम Nexa चैन की पहली CNG कार है जिसे अब ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन दिया गया है. ये नया CNG AMT ऑप्शन इस प्रीमियम हैचबैक के Delta वेरिएंट में पेश किया गया है. इसकी मुंबई में ऑन-रोड कीमत 9.54 लाख है. इस नए ऑटोमैटिक सेटअप के साथ Maruti Suzuki 34.47 किमी/किलोग्राम का माइलेज देने का दावा कर रही है. ये इसके रेगुलर मैनुअल CNG (CNG-MT) वेरिएंट से करीब 0.85 किमी/किलोग्राम अधिक है. माइलेज के अलावा इसके बाकी फीचर्स और इंजन पावर में कोई बदलाव नहीं किया गया है.

Baleno में CNG का सिलेंडर पहले की तरह ही बूट स्पेस के भीतर स्टेपनी के साथ रखा गया है, जिसके कारण सामान रखने के लिए प्रैक्टिकल बूट स्पेस काफी कम बचता है. इस प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में बलेनो CNG-एएमटी का सीधा मुकाबला केवल Tata Altroz CNG से है. जो अपने 'ट्विन-सिलेंडर'सेटअप की बदौलत बूट स्पेस के मामले में बलेनो से काफी बेहतर है.
Maruti Swift CNG AMT
देश की सबसे पसंदीदा हैचबैक Maruti Suzuki Swift के CNG मॉडल में अब ग्राहकों को AMT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का शानदार ऑप्शन दे दिया गया है. मुंबई में इसकी ऑन-रोड कीमत 7.92 लाख से शुरू होती है. ये वेरिएंट बाजार में VXi, VXi(O) और ZXi ट्रिम्स में बिक्री के लिए उपलब्ध है. ये कार अपने रेगुलर मैनुअल मॉडल की तरह ही 1.2-लीटर के 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर काम करती है.
हालांकि, AMT गियरबॉक्स मिलने के बाद इसका माइलेज बढ़कर 35.34 किमी/किलोग्राम तक पहुंच जाता है. ये इसके मैनुअल मॉडल के मुकाबले करीब 2.49 किमी/किलोग्राम अधिक है. Baleno की तरह ही नई स्विफ्ट में भी बाकी के सभी डिजाइन और फीचर्स इसके स्टैंडर्ड वर्जन की तरह ही रखे गए हैं. भारतीय बाजार में नई Swift CNG AMT का सीधा मुकाबला Tata Tiago CNG से होगा.

Maruti Dzire CNG AMT
इस ऑटोमैटिक CNG तिकड़ी की तीसरी और आखिरी कार Maruti Suzuki Dzire है. इसकी कीमत 9.77 लाख रुपये है. ये VXi और ZXi ट्रिम्स में ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराई गई है. मैकेनिकल तौर पर यह सेडान कार काफी हद तक स्विफ्ट CNG AMT जैसी ही है. जिसमें समान 1.2-लीटर इंजन और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स दिया गया है.
लेकिन माइलेज के मामले में यह सेडान इन तीनों कारों में सबसे आगे निकल जाती है. डिजायर CNG AMT 36.47 किमी/किलोग्राम का माइलेज देने का दावा करती है. ये इसके मैनुअल CNG मॉडल से 2.74 किमी/किलोग्राम ज्यादा है. स्विफ्ट की तरह ही इसमें भी CNG टैंक बूट स्पेस के भीतर दिया गया है, लेकिन मारुति ने भारी CNG टैंक के वजन को संभालने और यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए इसके सस्पेंशन सेटअप में खास बदलाव किए हैं. बाजार में इसका सबसे नजदीकी मुकाबला Tata Tigor CNG से है.
आपको बता दें कि Tata Motors के बाद मारुति सुजुकी देश की ऐसी दूसरी कार मैन्युफैक्चर कंपनी बन गई है जो फैक्ट्री-फिटेड (कंपनी से फिट) CNG के साथ AMT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का कॉम्बो दे रही है. इन तीनों ही कारों के नए AMT ऑटोमैटिक वेरिएंट्स की कीमतें इनके पुराने मैनुअल CNG वेरिएंट्स से केवल 35,000 रुपये अधिक हैं. इतने मामूली प्रीमियम पर ऑटोमैटिक कार मिलना एक बहुत ही बेहतरीन सौदा है. यदि आप भी भारी ट्रैफिक वाले शहरों में बिना पैर थकाए गाड़ी चलाना चाहते हैं और भारी पेट्रोल खर्च से बचना चाहते हैं, तो मारुति की ये तीनों कारें आपके लिए सबसे आसान और बजट-फ्रेंडली ऑप्शन बन चुकी हैं.
ये भी पढ़ें- 11.99 लाख में मिलेंगे लेदर सीट्स और 8-स्पीकर! Tata Sierra Legend Series लॉन्च, देखें नए वेरिएंट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं