विज्ञापन

अब दुनिया को धमकी देने लगा इजरायल, UN महासभा में नेतन्याहू ने दिखाया बीपर, जिससे मोसाद ने किए थे 3000 धमाके

UN महासभा के मंच पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक पेजर दिखाया और कहा कि यह चीज हिज्बुल्लाह को तो जरूर याद है. आखिर 2024 में कैसे मोसाद ने एक साथ हिज्बुल्लाह के हजारों पेजर में धमाके किए थे.

अब दुनिया को धमकी देने लगा इजरायल, UN महासभा में नेतन्याहू ने दिखाया बीपर, जिससे मोसाद ने किए थे 3000 धमाके
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने UNGA में पेजर दिखाया (फोटो- AFP)
  • यूएन महासभा में नेतन्याहू ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ 2024 के पेजर धमाकों को याद दिलाते हुए पेजर दिखाया
  • 17 सितंबर 2024 को हिज्बुल्लाह समर्थकों के पेजरों में धमाके हुए, जिनमें 39 लोग मारे गए और हजारों घायल हुए
  • इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद ने हिज्बुल्लाह के 5000 पेजरों में विस्फोटक लगाकर हमले को अंजाम दिया था

UN महासभा के मंच पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भाषण देने पहुंचे तो कई देशों के प्रतिनिधि विरोध में अपनी सीट छोड़कर बाहर चले गए. नेतन्याहू ने उन्हें कायर कहा. लेकिन इसके बाद उन्होंने जो किया, उसने सबका ध्यान खींच लिया. नेतन्याहू ने मंच पर एक छोटी सी मशीन- पेजर हाथ में उठाया और पूछा कि क्या आपको बीपर याद हैं. फिर बोले कि हिज्बुल्लाह को तो ये जरूर याद होंगे. आखिर दो साल पुराने हमले से जुड़े एक पेजर को नेतन्याहू UN के मंच पर क्यों लेकर आए? क्या था उस छोटे से डिवाइस का वो राज, जिसने 2024 में हिज्बुल्लाह को हिला दिया था? आइए समझते हैं.

नेतन्याहू ने क्या किया?

इस भाषण के लिए, नेतन्याहू ने एक पेजर दिखाया. पेजर को बीपर भी कहते हैं. पेजर एक छोटा वायरलेस डिवाइस होता है, जिस पर किसी व्यक्ति को छोटा मैसेज या कॉल-बैक का सिग्नल भेजा जा सकता है. मोबाइल फोन से पहले इसका इस्तेमाल डॉक्टर, पुलिस और दूसरे जरूरी काम करने वाले लोगों से तुरंत संपर्क करने के लिए होता था. लेकिन यहां नेतन्याहू का पेजर दिखाने का उद्देश्य दूसरा था. उनके हाथ में मौजूद पेजर उन विस्फोटक-भरे डिवाइस जैसा ही था जिनका इस्तेमाल इजरायलियों ने 2024 में हिज्बुल्लाह के दर्जनों समर्थकों को मारने के लिए किया था.

नेतन्याहू ने यहां मंच से कहा, "क्या आपको बीपर याद हैं? क्या आपको ये चीजें याद हैं? क्या वे आपको याद हैं? खैर, मैं आपको बता सकता हूं कि हिज्बुल्लाह को तो वे जरूर याद हैं."

क्या नेतन्याहू दुनिया को धमका रहे थे?

दुनिया भर में अलग-थलग पड़ते जा रहे बेंजामिन नेतन्याहू जब UN महासभा में अपना पक्ष रख रहे थे तो वहां ज्यादातर सीटें खाली थीं. भाषण के बीच भी इजरायल की हिंसक ताकत के बारे में नेतन्याहू की बातों का विरोध हुआ, दुनिया भर के दर्जनों राजनयिकों ने उनके भाषण के दौरान हूटिंग की और विरोध जताते हुए वहां से चले गए. इसके बाद नेतन्याहू ने पेजर लहराया और हिज्बुल्लाह का नाम लिया. जुबां पर नाम सिर्फ हिज्बुल्लाह का था लेकिन निशाने पर हर वह देश थे जो इजरायल के कदमों के विरोध में खड़े हैं.

2024 में क्या हुआ था?

17 सितंबर 2024 को बेरूत के दक्षिणी इलाकों और हिज्बुल्लाह के दूसरे गढ़ों में एक साथ हजारों पेजर में धमाके हुए. ज्यादातर मामलों में, धमाके से पहले डिवाइस से बीप की आवाज आई, जिससे पता चला कि कोई मैसेज आ रहा है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार अस्पताल ले जाए गए कई लोगों की आंखों में चोटें थीं, उंगलियाँ कटी हुई थीं या पेट में गहरे जख्म थे, जिससे पता चलता है कि धमाके के समय वे डिवाइस के बहुत करीब थे. कुल मिलाकर, पेजर हमले और अगले दिन हुए दूसरे हमले (जिसमें हथियार बनाए गए वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल हुआ) में 39 लोग मारे गए और 3400 से ज्यादा घायल हो गए.

इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने कैबिनेट मीटिंग में इस हमले की जिम्मेदारी ली. उन्होंने मंत्रियों को बताया कि सीनियर डिफेंस अधिकारी और राजनीतिक नेता पेजर में धमाका करने के खिलाफ थे, लेकिन उन्होंने ऑपरेशन को आगे बढ़ाया. दरअसल हिज्बुल्लाह के लड़ाके इजरायल की लोकेशन-ट्रैकिंग से बचने के लिए बातचीत के कम-तकनीक वाले जरिया के तौर पर पेजर का इस्तेमाल कर रहे थे. पेजर धमाकों के बाद, इज़राइल ने हवाई हमले में हिज्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह को मार डाला और दक्षिणी लेबनान में घुसपैठ शुरू कर दी.

एक सवाल आपके दिमाग में यह भी आएगा कि आखिर हिज्बुल्लाह के पेजर में धमाका कैसे किया गया, उसके अंदर विस्फोटक कैसे लगे. लेबनान के सुरक्षा सूत्रों ने रॉयटर्स को बताया था कि इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने हिज्बुल्लाह द्वारा धमाकों से कुछ महीने पहले ऑर्डर किए गए 5,000 पेजर में विस्फोटक लगाए थे. सूत्रों ने बताया कि एक साथ 3,000 पेजर पर एक कोड भेजा गया, जिससे धमाके हुए.

यह भी पढ़ें: 'आतंकवादियों को पनाह देना कब बंद करेंगे?'; UNGA में हाफिज सईद पर सवालों से बचते रहे शहबाज शरीफ, भारत ने घेरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UNGA 2026, Benjamin Netanyahu, Israel Hezbollah Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com