भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में पिछले 15 सालों के दौरान सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनने की जंग लगातार कई मॉडल्स के बीच घूमती रही है. समय के साथ ग्राहकों की पसंद बदली है और बाजार में कॉम्पिटिशन काफी कड़ा हुआ है. इस पूरे दौर में ज्यादातर समय Maruti Suzuki की गाड़ियों का ही दबदबा रहा.Alto, Swift, Wagon R और Dzire ने अलग-अलग सालों में देश की नंबर-1 कार का ताज अपने नाम किया. लेकिन साल 2024 में Tata Punch ने इस सिलसिले को तोड़ते हुए इतिहास रच दिया और इस पूरे 15 साल के दौर में सालाना सेल्स चार्ट में टॉप करने वाली पहली Tata कार बन गई.
साल 2011 से सितंबर 2026 तक के होलसेल डिस्पैच पर नजर डालें तो 2011 से 2025 के बीच केवल 5 कारें ही साल की बेस्ट सेलिंग कार बनने का गौरव हासिल कर पाई हैं, जिनमें Maruti की Alto, स्विफ्ट, वैगनआर, डिजायर और Tata की Punch शामिल हैं.
2011 से 2017 तक रहा Maruti Alto का एकतरफा राज
Autopunditz की रिपोर्ट के मुताबिक, Maruti Suzuki की सबसे पसंदीदा छोटी कार Alto ने 2011 से 2017 के बीच लगातार सात सालों तक देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार के रूप में अपना पहला स्थान बनाए रखा. साल 2011 में इस हैचबैक ने 3.11 लाख यूनिट्स की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की थी, जो इस पूरे 15 साल के दौरान किसी भी एक कार के लिए एक साल में बिकने वाला सबसे बड़ा आंकड़ा है. Alto की जीत का सफर साल 2018 में जाकर थमा, जब सेडान सेगमेंट की Dzire ने 2.65 लाख यूनिट्स बेचकर Alto (2.57 लाख यूनिट्स) को पीछे छोड़ दिया और पहली बार टॉप स्थान हासिल किया. हालांकि, Alto ने 2019 में 2.08 लाख यूनिट्स बेचकर फिर से शानदार वापसी की और नंबर-1 का खिताब दोबारा अपने नाम कर लिया, लेकिन ये साल Alto के लिए देश की बेस्ट सेलिंग कार बनने का आखिरी साल साबित हुआ. आपको बता दें कि Alto की कीमत अभी 3.69 लाख से शुरू होती है. इसका माइलेज 33.0 km/kg तक है.
Swift और WagonR के बीच चला मुकाबला
साल 2020 में Maruti की स्पोर्टी हैचबैक Swift ने 1.61 लाख यूनिट्स बेचकर पहली बार सबसे ज्यादा बिकने वाली कार का ताज पहना. लेकिन अगले ही साल 2021 में 'टॉल-बॉय' हैचबैक WagonR ने इसे पछाड़ दिया और साल 2022 में भी 2.17 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ देश की नंबर-1 कार बनी रही. इसके बाद 2023 में स्विफ्ट ने फिर से बाजी मारी और 2.03 लाख यूनिट्स बेचकर अपना टॉप स्थान वापस पा लिया. उस साल स्विफ्ट ने वैगनआर को महज 2,168 गाड़ियों के मामूली अंतर से मात दी थी.
यह भी पढ़ें | दिवाली में कार खरीदने का प्लान? माइलेज 27 किमी तक, दाम 5.75 लाख से शुरू, कम बजट में बेहतरीन SUV
Tata Punch ने रचा इतिहास और तोड़ा Maruti का एकाधिकार
साल 2024 भारतीय ऑटोमोबाइल इतिहास के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हुआ, जब Tata मोटर्स की माइक्रो-एसयूवी Tata Punch ने 2.02 लाख यूनिट्स बेचकर Maruti के सालों पुराने एकछत्र राज को खत्म कर दिया और देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बन गई. हालांकि 2025 में Maruti की Dzire ने 2.15 लाख यूनिट्स की बिक्री के साथ फिर से पहला स्थान छीन लिया और हुंडई Creta व Tata Nexon को पीछे छोड़ दिया.
2026 में Dzire और Punch के बीच कांटे की टक्कर
साल 2026 में भी नंबर-1 का ताज पाने के लिए मुकाबला बेहद दिलचस्प और रोमांचक बना हुआ है, जहां Maruti Dzire और Tata Punch के बीच बहुत मामूली अंतर बचा है. जनवरी से सितंबर 2026 के बीच डिजायर ने 1.86 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जबकि Punch 1.82 लाख यूनिट्स के साथ इसके ठीक पीछे चल रही है. दोनों कारों के बीच महज 3,898 यूनिट्स का बहुत बारीक फासला है. वहीं 1.76 लाख यूनिट्स के साथ Tata Nexon तीसरे पायदान पर है, जबकि Maruti की Ertiga 1.65 लाख यूनिट्स के साथ चौथे और Wagon R 1.64 लाख यूनिट्स के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद है. साल 2026 के आखिरी तीन महीने (अंतिम तिमाही) अभी बाकी हैं, ऐसे में Punch बिल्कुल डिजायर की पहुंच में है और आने वाले महीनों की बिक्री ही यह तय करेगी कि साल 2026 का अंत कौन सी कार भारत की नंबर-1 बेस्ट सेलिंग कार के रूप में करेगी.
यह भी पढ़ें | दिल्ली से पटना एक चार्ज में पहुंच जाइएगा, 25 हजार में हो रही बुकिंग, जानें भारत कब आएगी ये इलेक्ट्रिक कार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं