विज्ञापन

समाजवादी पार्टी की लिस्ट पर इमरान मसूद के तल्ख तेवर.. 'उनको अच्छी नहीं लगती है बुलंदी मेरी'

यूपी चुनाव के लिए गठबंधन और कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी की पहली लिस्ट पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है. उन्होंने शायराना अंदाज हमला बोला है.

गठबंधन की खबरों के बीच एसपी और कांग्रेस में तनातनी.
Photo: IANS
  • समाजवादी पार्टी ने गठबंधन पर कांग्रेस से बातचीत के बीच ही 5 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी.
  • इमरान मसूद ने कहा- अगर आप ऐसा बर्ताव करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है.
  • इमरान मसूद ने इशारा किया है कि सहारनपुर में कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतार सकती है.

'उनको अच्छी नहीं लगती है बुलंदी मेरी, 
उनको शायद मेरी परवाज़ बहुत खलती है.'

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत और तनातनी की खबरों के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने शायराना अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने गठबंधन से जुड़े सवाल पर शेर सुनाते हुए कहा, "बस यही जवाब है. कांग्रेस जब चाहेगी, अपने उम्मीदवार उतारेगी, इसमें बड़ी बात क्या है? अगर आप गठबंधन के बीच ऐसा बर्ताव करते हैं, तो यह गठबंधन नहीं है. इसका मतलब है कि आपकी तरफ से कोई गंभीरता नहीं है."

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत मुश्किल दौर में पहुंचती दिख रही है. दरअसल, कांग्रेस के साथ बातचीत फाइनल स्टेज में न पहुंचने के बावजूद, एसपी ने आगे बढ़कर आगामी चुनावों के लिए अपने पांच उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. इनमें सहारनपुर जिले की दो सीटें सहारनपुर देहात और बेहट भी शामिल हैं. इमरान मसूद सहारनपुर से ही लोकसभा सांसद हैं.

गठबंधन से जुड़ी पहली लिस्ट से जुड़े सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, "गठबंधन कहां है? अगर आप इस तरह से काम कर रहे हैं, तो फिर गठबंधन कहां है? आगे क्या करना है, यह हमारा नेतृत्व तय करेगा. मुझे तो कुछ समझ नहीं आ रहा. यहां आप कुछ और कहते हैं और वहां कुछ और ही हो जाता है. यह फैसला हमारी पार्टी को लेना है."

उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश जी क्या कर रहे हैं या क्या नहीं, यह मेरे लिए कोई बड़ा मुद्दा नहीं है. मैं अपनी पार्टी से बंधा हुआ हूं और मेरी पार्टी जो भी कहेगी, मुझे वही करना होगा.

समाजवादी पार्टी से नाराज हैं इमरान मसूद?

दरअसल, इमरान मसूद समाजवादी पार्टी से नाराज बताए जा रहे हैं. पहली लिस्ट जारी होने के बाद ही कम्युनिकेशन गैप नजर आ रहा है. अब इस आशंका जताई जा रही है कि क्या आने वाले वक्त में समाजवादी पार्टी का फैसला कांग्रेस की मुश्किलें खड़ी कर सकता है.

क्या मैसेज देना चाहते हैं अखिलेश यादव?

यूपी चुनाव के लिए गठबंधन को लेकर अभी दोनों पार्टियों के बीच बातचीत पूरी नहीं हुई है और दो राउंड की बातचीत होनी बाकी है. इस बीस समाजवादी पार्टी के कैंडिडेट उतारने का फैसला यही बताता है कि एसपी कांग्रेस को संदेश देना चाहती है कि वह बहुत ज्यादा परवाह नहीं करती है. साथ ही यह भी बताने की कोशिश की जा रही है कि गठबंधन में किसकी ज्यादा चलेगी.

कांग्रेस को बहुत हैरानी हुई है. इससे जमीनी स्तर पर भी नुकसान होता है क्योंकि सिर्फ नेताओं के हाथ मिला लेने और गठबंधन कर लेने से कुछ नहीं होता, जमीन पर कार्यकर्ताओं की कमेस्ट्री से बहुत असर पड़ता है. एसपी के फैसले से कार्यकर्ताओं की कमेस्ट्री पर असर पड़ेगा. 

इमरान मसूद के करीबियों को कहना है कि भले ही समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवार उतार दिए हों, लेकिन दोनों सीटों पर हम अपने उम्मीदवार उतारेंगे. अब देखना यही होगा कि बिहार में जिस तरह से गठबंधन में लड़ने के बावजूद आरजेडी और कांग्रेस के बीच फ्रेंडली फाइट हुई थी, वही यूपी में भी नजर आएगा या नहीं, यह  देखने वाली बात होगी.

कांग्रेस की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन कांग्रेस के प्रभारी, अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष के करीबियों का कहना है कि यह बहुत हैरान करने वाली बात है कि बातचीत के बीच ही एसपी ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है.

यह भी पढ़ें | UP चुनावः सपा की पहली लिस्ट से गठबंधन में फूट? क्या 2024 वाली कहानी दोहराने में जुटे अखिलेश

यह भी पढ़ें | UP चुनावः सपा ने जारी की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, कांग्रेस की मांग वाली सीटों पर भी ऐलान; बढ़ाया दबाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Election, Imran Masood, Samajwadi Congress Alliance, Samajwadi Party (SP) President Akhilesh Yadav, Saharanpur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com