विज्ञापन

कभी नेताओं से लेकर अफसरों तक की पहली पसंद थी यह कार, फिर क्यों खत्म हो गया एंबेसडर का राज?

Ambassador Car Story: भारत की सड़कों पर कभी एकछत्र राज करने वाली और 'किंग ऑफ इंडियन रोड्स' कहलाने वाली 'एंबेसडर' (Ambassador) कार की कहानी बेहद दिलचस्प है. कभी नेताओं, मंत्रियों और सरकारी अधिकारियों की पहली पसंद रही हिंदुस्तान मोटर्स की एंबेसडर कार का भारतीय सड़कों पर दशकों तक दबदबा रहा. लेकिन मारुति 800 की एंट्री, विदेशी कंपनियों से बढ़ती कंपटीशन और बदलती ग्राहक पसंद ने इसका बाजार छीन लिया. लगातार घटती बिक्री और आर्थिक संकट के बीच मई 2014 में इसका प्रोडक्शन बंद हो गया.

कभी नेताओं से लेकर अफसरों तक की पहली पसंद थी यह कार, फिर क्यों खत्म हो गया एंबेसडर का राज?
VIPs की पहली पसंद एंबेसडर कार कैसे हो गई बाजार से बाहर?
NDTV Graphics

Ambassador Car Story: एक दौर था जब देश के नेताओं, मंत्रियों और बड़े सरकारी अधिकारियों की पहली पसंद एंबेसडर कार हुआ करती थी. सफेद रंग की यह बड़ी और मजबूत कार सत्ता, रुतबे और रसूख की पहचान मानी जाती थी. प्रधानमंत्री से लेकर जिला स्तर के बड़े अधिकारियों तक के काफिले में एंबेसडर की मौजूदगी आम बात थी. सरकारी दफ्तरों से लेकर रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट तक यह कार सड़कों पर अपनी अलग पहचान रखती थी. लेकिन वक्त बदला और देखते ही देखते कभी भारतीय सड़कों पर राज करने वाली एंबेसडर कार इतिहास का हिस्सा बन गई.

इस कार को बनाने वाली कंपनी हिंदुस्तान मोटर्स की स्थापना 1942 में हुई थी. कंपनी ने ब्रिटेन की कार निर्माता कंपनी मॉरिस मोटर्स के साथ तकनीकी सहयोग किया. इसी सहयोग के तहत मॉरिस ऑक्सफोर्ड के डिजाइन पर आधारित एंबेसडर कार को 1957 में भारतीय बाजार में उतारा गया. देखते ही देखते यह कार भारतीय परिवारों, सरकारी अधिकारियों और नेताओं के बीच पॉपुलर हो गई. इसकी मजबूत बॉडी, ज्यादा जगह और खराब सड़कों पर चलने की क्षमता ने इसे खास पहचान दिलाई.

सरकारी गाड़ियों में बन गई थी पहली पसंद

आजादी के बाद कई दशकों तक भारत में कारों के विकल्प बेहद सीमित थे. उस दौर में एंबेसडर और प्रीमियर पद्मिनी जैसी कारों का बाजार पर दबदबा था. एंबेसडर अपनी मजबूती और आरामदायक सफर की वजह से सरकारी विभागों की पसंद बन गई. देश के कई प्रधानमंत्रियों, मंत्रियों और वरिष्ठ नौकरशाहों ने भी इसका इस्तेमाल किया. हालांकि, सरकारी विभागों के लिए केवल एंबेसडर खरीदने का कोई जरूरी नियम नहीं था, लेकिन इसका इस्तेमाल इतना ज्यादा था कि यह सरकारी व्यवस्था की पहचान बन गई.

यह भी पढ़ें | WhatsApp ग्रुप में निवेश के नाम पर बड़ा खेल! SEBI ने बताया कैसे खाली हो सकता है आपका बैंक खाता

मारुति 800 ने बदल दिया कारों का बाजार

एंबेसडर की पॉपुलैरिटी को सबसे बड़ी चुनौती 1983 में मिली, जब मारुति 800 भारतीय बाजार में आई. छोटी, किफायती और कम ईंधन खर्च करने वाली इस कार ने मिडिल क्लास को आकर्षित किया. इसके बाद लोगों की पसंद बड़ी और भारी कारों से बदलकर छोटी और आधुनिक कारों की तरफ जाने लगी. 1990 के दशक में आर्थिक उदारीकरण के बाद भारतीय बाजार में विदेशी कंपनियों की एंट्री भी शुरू हुई. नई कंपनियां बेहतर डिजाइन, आधुनिक तकनीक और ज्यादा माइलेज वाली कारें लेकर आईं. दूसरी तरफ एंबेसडर का डिजाइन और तकनीक लंबे समय तक लगभग एक जैसे रहे. कंपनी समय के साथ ग्राहकों की बदलती जरूरतों के मुताबिक कार को आधुनिक बनाने में पीछे रह गई.

कब बंद हुआ एंबेसडर का प्रोडक्शन?

बदलती पसंद और लगातार घटती मांग का असर हिंदुस्तान मोटर्स के कारोबार पर भी पड़ा. कंपनी की आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी और एंबेसडर की बिक्री में भारी गिरावट आई. बीबीसी की 2014 की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2013-14 में कंपनी ने केवल 2,200 एंबेसडर कारें बेची थीं. आखिरकार 25 मई 2014 को हिंदुस्तान मोटर्स ने पश्चिम बंगाल के उत्तरपाड़ा प्लांट में प्रोडक्शन बंद कर दिया. कंपनी ने इसकी वजह कमजोर मांग, पैसों की कमी, कम प्रोडक्टिविटी और बढ़ती देनदारियों को बताया. इस तरह करीब 6 दशक तक भारतीय सड़कों पर अपनी पहचान बनाए रखने वाली एंबेसडर कार का सफर थम गया. एंबेसडर भले ही अब नई कार के रूप में सड़कों पर नजर नहीं आती, लेकिन भारतीय ऑटोमोबाइल इतिहास में इसकी जगह आज भी खास है. यह सिर्फ एक कार नहीं थी, बल्कि उस दौर की पहचान थी, जब गाड़ियों का इस्तेमाल जरूरत के साथ-साथ रुतबे और प्रतिष्ठा से भी जुड़ा हुआ था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ambassador, Business News, Ambassador Car History
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com