इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी Ather Energy ने अपने Annual Community Day इवेंट में नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Ather Konarc लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 99,999 रुपये रखी है. इस नए स्कूटर के साथ Ather ने मास-मार्केट यानी बजट सेगमेंट में अपनी सीधी एंट्री कर ली है. कंपनी अपने इस नए मॉडल के जरिए 450 सीरीज और Rizta के बाद अब ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को टारगेट कर रही है.
99,999 रुपये से कीमत शुरू
Ather Konarc को अलग-अलग रेंज ऑप्शन के साथ बाजार में उतारा गया है. इसमें 100 किलोमीटर रेंज वाले बेस वैरिएंट की कीमत 99,999 रुपये है. इसके 125 किलोमीटर रेंज वाले वैरिएंट की कीमत 1,21,999 रुपये रखी गई है. इन दोनों ही मॉडल्स की बिक्री सितंबर 2026 से शुरू होगी. इसके अलावा 161 किलोमीटर रेंज वाले वैरिएंट की कीमत 1,44,999 रुपये तय की गई है.
कंपनी के फ्यूचर प्लान में 200 किलोमीटर की लंबी रेंज वाला Konarc मॉडल भी शामिल है. हालांकि, कंपनी के अनुसार, इसे साल 2027 की तीसरी तिमाही में लाया जाएगा. साथ ही 2027 की दूसरी तिमाही में Konarc Z सीरीज को 125 और 161 किलोमीटर रेंज ऑप्शंस के साथ पेश करने की तैयारी है.
Ather के नेक्स्ट-जनरेशन EL प्लेटफॉर्म पर तैयार
ये नया स्कूटर Ather के नेक्स्ट-जनरेशन EL प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया पहला मॉडल है. कंपनी के मुताबिक इस नए प्लेटफॉर्म को बेहतर परफॉर्मेंस और आसान मैन्युफैक्चरिंग को ध्यान में रखकर बनाया गया है. 450 सीरीज के बाद ये कंपनी का पहला नया व्हीकल प्लेटफॉर्म है, जिस पर आगे चलकर कंपनी के कई अन्य नए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स भी तैयार किए जाएंगे. डिजाइन की बात करें तो कंपनी ने स्पोर्टी 450 सीरीज के मुकाबले Konarc को एक सिंपल और फैमिली-फ्रेंडली लुक दिया है.
कीमत और रेंज के मामले में Ather Konarc का सीधा मुकाबला बाजार में पहले से मौजूद TVS iQube और Bajaj Chetak C2501 जैसे पॉपुलर स्कूटर से होगा. 99,999 रुपये के शुरुआती प्राइस टैग के साथ यह TVS और बजाज के बेस मॉडल्स को कड़ी टक्कर देता है. वहीं इसका 125 किलोमीटर रेंज वाला वैरिएंट Ather के अपने Rizta S मॉडल के प्राइस ब्रैकेट में आता है, लेकिन प्रीमियम 450 सीरीज के मुकाबले काफी बजट-फ्रेंडली ऑप्शन बनकर सामने आया है.
ये भी पढ़ें- Meta पर 17.1 बिलियन डॉलर का जुर्माना, अब YouTube और TikTok पर भी क्यों नियम थोपना चाहते हैं जकरबर्ग?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं