क्रिकेट के गलियारों से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने अपने हेड कोच का ऐलान कर दिया है. इस बार फ्रेंचाइजी ने भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर जहीर खान पर दाव लगाया है. जहीर से पहले विशेष भूमिका में न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर स्टीफन फ्लेमिंग थे. उनकी देख रेख में टीम ने करीब 18 सालों तक शिरकत किया था. मगर उनका कार्यकाल अब समाप्त हो चुका है. उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम की कमान संभाली है. उनसे पहले उनके ही हमवतन पूर्व क्रिकेटर ब्रेंडन मैकुलम इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम के हेड कोच थे.
पहले भी कोचिंग और मैनेजमेंट की भूमिका में नजर आ चूके हैं जहीर
यह पहली बार नहीं है जब जहीर खान कोचिंग या मैनेजमेंट की भूमिका में नजर आने वाले हैं. वह पहले भी कई टीमों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. वह मुंबई इंडियंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस और बाद में हेड ऑफ ग्लोबल डेवलपमेंट रह चुके हैं. इसके अलावा आईपीएल 2025 में उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर के तौर पर देखा गया था.

जहीर खान का आईपीएल करियर
खिलाड़ी के तौर पर भी जहीर खान का आईपीएल में प्रदर्शन सराहनीय रहा है. उन्होंने यहां साल 2017 में संन्यास लेने से पहले कुल 100 मुकाबलों में हिस्सा लिया. इस बीच वह 27.27 की औसत से 102 विकेट चटकाने में कामयाब रहे. जिसमें एक बार चार विकेट चटकाने का भी कारनामा शामिल है. आईपीएल में 17 रन खर्च कर चार विकेट उनका एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है.
जहीर खान का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
वहीं बात करें जहीर खान के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के बारे में तो वह देश के लिए 2000 से 2014 के बीच कुल 303 मुकाबले खेलने में कामयाब रहे. इस दौरान उन्हें 373 पारियों में 31.48 की औसत से 597 सफलता हाथ लगी. जहीर के नाम टेस्ट क्रिकेट में 311, वनडे में 282 और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 17 विकेट दर्ज है.
सीएसके का हेड कोच बनने के बाद जहीर खान का बयान
सीएसके का हेड कोच बनने के बाद जहीर खान ने कहा, 'आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात है. एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने मैदान पर कई बार सीएसके का सामना किया है और उन मुकाबलों का आनंद उठाया है. चेपॉक में सुपरफैंस की तरफ से बनाया गया माहौल इसे और भी खास बना देता है. इतनी समृद्ध विरासत वाली फ्रेंचाइजी से जुड़ने का मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.'
सीएसके की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने किया जहीर का स्वागत
वहीं सीएसके की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने जहीर का स्वागत करते हुए कहा है, 'हमें यह पुष्टि करते हुए काफी खुशी हो रही है कि जहीर खान चेन्नई सुपर किंग्स के नए मुख्य कोच होंगे. जहीर का शानदार क्रिकेट करियर और युवा प्रतिभाओं को निखारने की क्षमता उन्हें हमारी टीम के लिए मूल्यवान जोड़ बनाती है. हमें पूरा विश्वास है कि उनका मार्गदर्शन इस फ्रेंचाइजी की नींव को और मजबूत करेगा.'
सीएसके के प्रबंध निदेशक के.एस. विश्वनाथन का बयान
सीएसके के प्रबंध निदेशक के.एस. विश्वनाथन ने कहा, 'जहीर विश्व स्तरीय गेंदबाज रहे हैं और वर्षों से उन्होंने कई युवा क्रिकेटरों, खासकर तेज गेंदबाजों का मार्गदर्शन किया है. एक खिलाड़ी के तौर पर 2000 के दशक में भारत की सफलता के पीछे जहीर खान की अहम भूमिका रही है. वह क्रिकेट की बेहतरीन समझ रखने वाले लोगों में शामिल हैं. हम उन्हें अपने परिवार का हिस्सा बनाने को बेहद उत्साहित हैं.'
यह भी पढ़ें- 'जरा मुंह छुपाकर जाओ', हार का मातम नहीं, जश्न का माहौल! रजाउल्लाह के स्वागत पर आगबबूला हुए अकरम, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं