भारत में पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री तेज़ी से बढ़ती जा रही है. पिछले साल सितम्बर में GST रेट में कटौती के बाद गाड़ियों की रिकॉर्ड सेल का ट्रेंड इस साल अप्रैल महीने में भी बरक़रार रहा.
सोसाइटी ऑफ़ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफक्चरर्स (SIAM) की गुरुवार को जारी ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय साल 2026-27 के पहले महीने अप्रैल के दौरान देश में सभी तरह की पैसेंजर गाड़ियों की रिकॉर्ड सेल दर्ज़ की गयी है.
आंकड़े जारी करते हुए ऑटो इंडस्ट्री की सबसे बड़ी संस्था SIAM ने कहा,
"वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही की गति को बरकरार रखते हुए, वित्त वर्ष 2026-27 के पहले महीने में यात्री वाहनों, तीन पहिया वाहनों और दो पहिया वाहनों की बिक्री में double-digit growth दर्ज की गई है".
कार में बोरियत खत्म! अब Android Auto पर चलेगा YouTube, Google ला रहा है सबसे बड़ा अपडेट
SIAM के मुताबिक:
- अप्रैल 2026 में यात्री वाहनों (Passenger Vehicles) की बिक्री अब तक की सबसे अधिक 4.37 लाख यूनिट दर्ज की गई. अप्रैल 2025 की तुलना में ये 25.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
- तीन पहिया वाहनों (Three-Wheelers) की बिक्री भी अब तक की सबसे अधिक 0.66 लाख यूनिट दर्ज की गई, जो अप्रैल 2025 की तुलना में 32.8 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
- अप्रैल 2026 में दो पहिया वाहनों (Two-Wheelers) की 18.73 लाख यूनिट बेची गईं, जो पिछले वर्ष के अप्रैल की तुलना में 28.4 प्रतिशत अधिक है।
SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा,
"पश्चिम एशिया में सप्लाई चेन बाधित होने के कारण कई वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोत्तरी को लेकर चिंता के बावजूद, ऑटो उद्योग में अच्छी मांग देखी गई है".
SIAM के मुताबिक, अप्रैल 2026 के दौरान सभी तरह के यात्री वाहनों (Total Passenger Vehicles) का एक्सपोर्ट भी पिछले साल अप्रैल के मुकाबले 13.3 प्रतिशत तक बढ़ गया. इस दौरान एक्सपोर्ट में सबसे ज़्यादा 84 प्रतिशत की बढ़ोतरी तीन पहिया वाहनों (Three-Wheelers) के सेग्मेंट में दर्ज़ की गयी. कुल मिलाकर सभी तरह की गाड़ियों का एक्सपोर्ट पिछले साल अप्रैल के मुकाबले इस साल अप्रैल के दौरान 38 प्रतिशत तक बढ़ गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं