8 years ago
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ आज दोपहर राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. अभी तक की जानकारी के अनुसार कमलनाथ दोपहर करीब डेढ़ बजे शपथ ले सकते हैं. उनके शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व विभिन्न विपक्षी दल के नेता भी मौजूद रहेंगे. इससे पहले आज सुबह करीब सवा दस बजे अशोक गहलोत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. वह तीसरी बार सूबे के मुख्यमंत्री बने हैं. गहलोत ने सोमवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल में सीएम पद की शपथ ली. इनके साथ ही सचिन पायलट राज्य के डिप्टी सीएम बने. राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने गहलोत और पायलट को शपथ दिलायी. इस दौरान मंच पर कई विपक्षी दलों के नेता मौजूद थे. बता दें कि अशोक गहलोत 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री बने और 2008 में दूसरी बार मुख्यमंत्री का पदभार संभाला. वहीं, उप-मुख्यमंत्री बने पायलट फिलहाल राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं. वह लोकसभा सदस्य और मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं. वह अपने जमाने में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत राजेश पायलट के पुत्र हैं. राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिलने के बाद मुख्यमंत्री पद के चयन को लेकर लंबी खींचतान हुई. गहलोत और पायलट दोनों इस पद की दौड़ में शामिल थे. मैराथन बैठकों और गहन मंथन के बाद गत 14 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष ने गहलोत को मुख्यमंत्री और पायलट को उप मुख्यमंत्री नामित करने का फैसला किया. गहलोत और पायलट के शपथ के बाद अब भोपाल में कमलनाथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. वहीं शाम करीब चार बजे भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ सीएम की शपथ लेंगे. इन तीनों राज्यों में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस सरकार बना रही है. राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ तीनों ही राज्यों में कांग्रेस ने जीत हासिल की है. इन तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार थी.