- झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र में नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है
- शादी समारोह में बारातियों के रूप में आए पांच लड़कों ने लड़की को अगवा कर जंगल में गैंगरेप किया था
- पीड़िता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिन्होंने तुरंत थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई
झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र में एक नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी 5 आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया. आरोपियों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं.
शादी समारोह के दौरान अगवा, जंगल में वारदात
महुआडांड थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग पीड़िता गांव के एक शादी समारोह में आई थी. इसी थाना क्षेत्र के 5 लड़के, जो बाराती के रूप में समारोह में गए थे, पीड़िता को अगवा कर जंगल में ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया. इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए.
परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस का एक्शन
किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. परिजन तुरंत थाने पहुंचे और इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने पर थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी 5 आरोपियों को चिन्हित कर लिया। इनमें से दो आरोपी बालिग हैं.
दो बालिग जेल भेजे, तीन नाबालिग न्यायिक अभिरक्षा में
महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, दोनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि तीन नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है. उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है और पूरे प्रकरण की छानबीन जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं