विज्ञापन

छींक के साथ नाक से निकले 1 इंच के जिंदा कीड़े, महिला को हुआ अजीब इंफेक्शन, हालत देख डॉक्टरों के भी उड़े होश

ग्रीस की एक महिला के नाक से छींक के साथ 1 इंच लंबे कीड़े निकलने का दुर्लभ मामला सामने आया है. डॉक्टरों के अनुसार यह शीप बॉट फ्लाई का संक्रमण था, जो बेहद कम मामलों में इंसानों को प्रभावित करता है. जानिए पूरा मामला और इससे जुड़ी अहम जानकारी.

छींक के साथ नाक से निकले 1 इंच के जिंदा कीड़े, महिला को हुआ अजीब इंफेक्शन, हालत देख डॉक्टरों के भी उड़े होश
नाक से निकले जिंदा कीड़े, डॉक्टर भी रह गए दंग, जानिए कैसे हुआ ये खौफनाक केस
Unsplash/प्रतीकात्मक फोटो

सोचिए, अगर आपको सर्दी-जुकाम जैसा मामूली दर्द हो और अचानक छींक के साथ नाक से जिंदा कीड़े निकल आएं, यह किसी डरावनी फिल्म जैसा लगेगा. लेकिन, ग्रीस की एक महिला के साथ ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. इस दुर्लभ मेडिकल केस ने डॉक्टरों को भी हैरान कर दिया.

क्या है पूरा मामला?

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक,  ग्रीस की 58 वर्षीय महिला के साथ यह अजीब घटना तब शुरू हुई जब वह सितंबर में खुले मैदान में काम कर रही थीं, जहां आसपास भेड़ें चर रही थीं. उस दौरान उन्होंने अपने चेहरे के आसपास कई मक्खियों को मंडराते हुए देखा, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया. करीब एक हफ्ते बाद उन्हें साइनस में दर्द महसूस होने लगा और फिर कुछ हफ्तों तक तेज खांसी भी रही. हालांकि, इसके अलावा कोई खास लक्षण नहीं थे.

जब छींक के साथ निकला कीड़ा

15 अक्टूबर को अचानक महिला को छींक आई और उसके साथ एक छोटा कीड़ा बाहर निकल आया. यह देखकर वह घबरा गईं और तुरंत डॉक्टर के पास पहुंचीं. ईएनटी (नाक-कान-गला) विशेषज्ञ ने जांच के बाद सर्जरी की और महिला के नाक के अंदर से 10 लार्वा (कीड़े के बच्चे) और एक प्यूपा (कीड़े का बीच का स्टेज) निकाला.

कौन सा था ये कीड़ा?

जांच में पता चला कि ये कीड़े भेड़ों में पाए जाने वाले शीप बॉट फ्लाई (Oestrus ovis) के लार्वा थे. ये परजीवी आमतौर पर भेड़ और बकरियों की नाक में रहते हैं और इंसानों में इनका संक्रमण बेहद दुर्लभ होता है. डॉक्टरों के मुताबिक, महिला की नाक के अंदर सेप्टम डिविएशन (नाक की हड्डी टेढ़ी होना) था. इस वजह से उनकी नाक में ऐसा वातावरण बन गया जहां ये लार्वा जिंदा रह सके और बढ़ भी सके. आम तौर पर इंसानों की नाक में ऐसे कीड़े ज्यादा समय तक जीवित नहीं रह पाते और जल्दी ही मर जाते हैं.

इलाज और रिकवरी

सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने महिला को दवाइयां और नाक साफ रखने के लिए डिकंजेस्टेंट दिए. खुशकिस्मती से अब महिला पूरी तरह ठीक हो चुकी हैं और सुरक्षित हैं. डॉक्टरों का कहना है कि ऐसा मामला बेहद दुर्लभ है. लेकिन, अगर कोई व्यक्ति पशुओं के आसपास काम करता है या उसे लंबे समय तक साइनस की समस्या रहती है, तो उसे सतर्क रहना चाहिए.

यह भी पढ़ें: रात 2 बजे गिर गई बालकनी की छत, 28 हजार रु किराया देकर भी खतरे में जिंदगी? ग्रेटर नोएडा के फ्लैट का Video वायरल

गुटखा थूकना पड़ा भारी! नेपाल में भारतीय टूरिस्टों को ऐसे सिखाया गया सबक, वायरल हो रहा Video

जॉइन करते ही परेशान हो गया कर्मचारी! 3 हफ्ते बाद ही कर दिया रिजाइन, वजह जान मैनेजर को हुआ पछतावा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nasal Worms Case, Rare Medical Case, Live Worms In Woman Nose
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com