विज्ञापन

आसमान से बरसे गुलाबी नोट! बालकनी से महिला ने लुटा दिए 1.5 करोड़, लूटने वालों की लग गई लॉटरी

आपने बारिश में पानी बरसते तो बहुत देखा होगा, लेकिन क्या कभी नोटों की बारिश देखी है? हाल ही में एक मोहतरमा ने अपनी बालकनी से करीब डेढ़ करोड़ रुपये हवा में उड़ा दिए. नजारा ऐसा था कि नीचे खड़े राहगीरों की तो जैसे निकल पड़ी. सोशल मीडिया पर ये वीडियो आग की तरह फैल रहा है.

आसमान से बरसे गुलाबी नोट! बालकनी से महिला ने लुटा दिए 1.5 करोड़, लूटने वालों की लग गई लॉटरी
पैसों की बारिश देख चकराया लोगों का सिर! महिला ने बालकनी से उड़ाया नोटों का बंडल, मच गई लूट

Cash throwing viral video: कहते हैं कि जब ऊपर वाला देता है तो छप्पर फाड़कर देता है, लेकिन चीन के ग्वांगडोंग में तो बालकनी से ही कुबेर का खजाना खुल गया. एक महिला ने अपने आलीशान अपार्टमेंट की खिड़की खोली और देखते ही देखते 1.62 लाख डॉलर यानी करीब डेढ़ करोड़ रुपये हवा के हवाले कर दिए. ये नोट कोई चूरन वाले नोट नहीं थे, बल्कि असली 1,000 हांगकांग डॉलर के कड़क नोट थे. अब आप ही सोचिए, जब हवा में नोट लहराएंगे, तो जनता तो हाथ फैलाएगी ही.

नीचे मची लूट, पुलिस के छूटे पसीने (Hong Kong dollar notes viral)

जैसे ही नोटों की बरसात शुरू हुई, सड़क पर चलते लोग और पड़ोसी अपनी सुध-बुध खो बैठे. हर कोई इस 'मुफ्त की दौलत' को लपकने के लिए दौड़ पड़ा. माहौल ऐसा हो गया कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. शुरुआती जांच में पता चला कि ये कोई दिखावा नहीं था, बल्कि महिला किसी पारिवारिक परेशानी और बीमारी की खबर सुनकर दिमागी तौर पर काफी परेशान थी. दुख की इस घड़ी में उसने ये 'अनोखा' रास्ता चुन लिया.

ईमानदारी का इम्तिहान और पुलिस की गुजारिश (Police Appeal to Return the Money)

हैरानी की बात ये है कि प्रॉपर्टी मैनेजमेंट ने भी तस्दीक की है कि, उड़ाए गए नोट बिल्कुल असली थे. अब पुलिस लाउडस्पीकर लेकर लोगों के पीछे पड़ी है कि 'भाई, जिसका है उसे लौटा दो.' कुछ नेक दिल लोगों ने तो पैसे वापस कर दिए, लेकिन कइयों के हाथ जो लगा, वो उसे अपना 'नसीब' मानकर चंपत हो गए. वैसे चीन में ये पहली बार नहीं हुआ है, इससे पहले भी संदिग्धों ने सबूत मिटाने के चक्कर में खिड़की से नोटों की गड्डियां फेंकी थीं.

ये भी पढ़ें:-अब 'जीभ' देखकर वेटर बताएगा क्या खाना है! यहां रेस्टोरेंट में AI रोबोट ने उड़ाए सबके होश

कहते हैं न कि पैसा इंसान को सुकून नहीं दे सकता, ये वाकया इसी बात की गवाही देता है. दुख और परेशानी में इंसान क्या कुछ नहीं कर बैठता. फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन ये वीडियो पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है.

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com