पासपोर्ट आमतौर पर लोग सालों तक संभालकर रखते हैं. कई लोगों के पासपोर्ट में गिने-चुने वीजा और कुछ मुहरें ही होती हैं. लेकिन एक शख्स ऐसा भी है, जिसकी घूमने की चाहत ने पासपोर्ट के पन्नों की गिनती ही खत्म कर दी. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो खूब देखा जा रहा है, जिसमें वो अपनी पुरानी पासपोर्ट बुक्स दिखा रहा है. हैरानी की बात ये है कि उसकी एक-दो नहीं, बल्कि 16 पासपोर्ट बुक वीजा और इमिग्रेशन स्टैम्प से भर चुकी हैं. बताया जाता है कि उसने सिर्फ 6 साल 6 महीने 22 दिन में पूरी दुनिया की यात्रा पूरी कर ली. अब लोग उसकी कहानी सुनकर चौंक रहे हैं.
कौन है ये शख्स
वायरल वीडियो में नजर आने वाले बेनी प्रसाद एक म्यूजिशियन और ट्रैवलर हैं. उन्होंने दुनिया के कई देशों का दौरा किया. सफर इतना ज्यादा रहा कि पासपोर्ट के पन्ने जल्दी-जल्दी भरते गए. जब एक पासपोर्ट में जगह खत्म हो जाती थी तो नया बनवाना पड़ता था. इसी तरह समय के साथ उनकी 16 पासपोर्ट बुक इस्तेमाल हो गईं.
क्यों बनवाने पड़े इतने पासपोर्ट
बेनी के मुताबिक कई देशों में जाने से पहले वीजा लेना जरूरी होता है. हर बार नया वीजा पासपोर्ट में जुड़ता गया. इसके साथ ही अलग-अलग देशों की एंट्री और एग्जिट की मुहरें भी लगती रहीं. लगातार अलग अलग जगहों के ट्रिप की वजह से पासपोर्ट के पन्ने भरते गए और उन्हें बार-बार नई बुक लेनी पड़ी.
लोगों को सबसे ज्यादा किस बात ने चौंकाया
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो को 5 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं. हजारों लोग इस पर अपनी राय दे चुके हैं. कई यूजर्स ने लिखा कि उन्होंने पहली बार किसी के पास इतने सारे पासपोर्ट देखे हैं. कुछ लोगों ने कहा कि दुनिया घूमना एक सपना होता है, लेकिन इतने कम समय में इसे पूरा करना वाकई खास बात है. वैसे तो सोशल मीडिया पर घूमने-फिरने से जुड़े वीडियो अक्सर वायरल होते रहते हैं. लेकिन इस बार लोगों का ध्यान किसी देश, शहर या खूबसूरत जगह ने नहीं खींचा. चर्चा उस शख्स की हो रही है, जिसकी 16 पासपोर्ट बुक सिर्फ सफर करते-करते भर गईं. यही वजह है कि ये वीडियो लगातार लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं