Trending Story in Hindi: कभी-कभी असल जिंदगी की चोरियां फिल्मों की कहानी को भी पीछे छोड़ देती हैं. सिंगापुर में दो भारतीय पर्यटकों ने बिल्कुल ऐसा ही किया. उन्होंने मुंह के अंदर हीरा छिपाकर एक ऐसी चोरी को अंजाम दिया, जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. हालांकि, उनकी ये चालाकी ज्यादा देर काम नहीं आई और अब उन्हें जेल की हवा खानी पड़ रही है.
क्या था पूरा मामला?
यह घटना 19 जून की है. 41 साल के मनोजकुमार कुर्जीभाई और 30 साल के उनके साथी मिलन रामनिकभाई सिंगापुर के मशहूर चाइनाटाउन इलाके की एक ज्वेलरी शॉप में पहुंचे. उनकी नजर वहां रखे एक खास 4.95 कैरेट के हीरे पर थी. इस हीरे की कीमत करीब 1,54,000 डॉलर (लगभग 1.48 करोड़ रुपये) थी.
चोरी का तरीका समझें
इन दोनों ने चोरी का जो तरीका अपनाया, वो बेहद शातिर था. मनोजकुमार ने दुकान के मैनेजर को अपनी बातों में उलझा लिया. इसी बीच, मिलन ने बड़ी सफाई से असली हीरे को उस नकली हीरे से बदल दिया, जो उसने पहले से ही अपने मुंह में छिपा रखा था. अदला-बदली के बाद, मिलन ने करोड़ों का वो असली हीरा अपने मुंह में दबा लिया. इसके बाद दोनों बिना कुछ खरीदे बड़े आराम से दुकान से बाहर निकल गए.
सीसीटीवी ने फेरा पानी
चोरों को लगा कि उनका प्लान हिट हो गया है और कोई उन्हें पकड़ नहीं पाएगा. लेकिन, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों ने उनकी पूरी चालाकी रिकॉर्ड कर ली थी. पुलिस फौरन हरकत में आई और उसी दिन दोनों को एयरपोर्ट से तब गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे देश से भागने की फिराक में थे. तलाशी लेने पर असली हीरा उनके एक बैग से मिल गया.
कोर्ट ने क्या सजा सुनाई
अदालत में अपना जुर्म कबूल करने के बाद, मनोजकुमार को दो साल, दो महीने और दो हफ्ते की जेल की सजा सुनाई गई है. वहीं, उसका साथी मिलन अभी पुलिस रिमांड में है और जल्द ही उसकी सजा पर भी फैसला आ जाएगा.
एक रहस्य जो अब भी अनसुलझा हैइस पूरी कहानी में सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात ये है कि दोनों चोर भारत से ही वह नकली हीरा बनाकर लाए थे. यह नकली हीरा दिखने, वजन और यहां तक कि सीरियल नंबर में भी बिल्कुल असली हीरे जैसा था. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सिंगापुर के इस खास हीरे की इतनी सटीक जानकारी उन्हें भारत में बैठे-बैठे कैसे मिल गई.
ये भी पढ़ें:- ऊंट के पैरों में पड़ गए छाले, 50 डिग्री की भीषण गर्मी में बेदम हुए 'रेगिस्तान के जहाज'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं