दिल्ली में NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में विपक्ष उतर चुका है. गुरुवार को लोकसभा में राहुल गांधी ने विपक्ष के कई सांसदों के साथ दिल्ली में गांधी स्मृति की तरफ मार्च निकाला. पहले विपक्ष के सांसद राहुल गांधी के आवास पर इकट्ठा हुए और इसके बाद बस में बैठकर गांधी स्मृति की ओर निकले. इस दौरान जमकर बवाल भी देखने को मिला. राहुल गांधी के घर के बाहर ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा दी. लेकिन कुछ देर बाद इसे खोल दिया गया और मार्च आगे बढ़ा. विपक्ष के सांसदों के मार्च में क्या-क्या हुआ? आइए बताते हैं.
शाम करीब 7 बजे राहुल गांधी विपक्ष के सांसदों के साथ मिलकर एक बस से गांधी स्मृति की ओर निकले. इस दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में कांग्रेस समर्थक भी मौजूद थे. पुलिस ने पहले बैरिकेडिंग लगाई और विपक्षी सांसदों की बस के आगे एक बस भी खड़ी कर दी. इसके बाद कांग्रेस समर्थक नारेबाजी करने लगे. इसके बाद सांसदों ने कहा कि अगर उन्हें बस से नहीं जाने दिया जाएगा तो वो पैदल आगे बढ़ेंगे.
🔴#BREAKING | राहुल गांधी के साथ विपक्षी सांसद गांधी स्मृति पहुंचे #RahulGandhi #Congress @ashutoshjourno @BabaManoranjan pic.twitter.com/i7hCN4QMen
— NDTV India (@ndtvindia) July 23, 2026
क्या-क्या हुआ?
आज दोपहर जब विपक्षी सांसद बैठक के लिए गांधी के घर पहुंचे, तो उनके घर के बाहर बैरिकेड लगा दिए गए. बैठक खत्म होने के तुरंत बाद, कांग्रेस नेता ने गांधी स्मृति जाने की अपनी योजना की घोषणा की, जो वहां से एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर है. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य सांसद तीन बसों में सवार होते दिखे.
उन्होंने कहा, "अभी INDIA गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण ढंग से 'तीस जनवरी मार्ग' पर गांधी स्मृति जा रहे हैं. हम उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं जिन्हें हमने खो दिया. वे बच्चे जिन्हें NEET पेपर लीक के बाद अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा. हम उन छात्रों के साथ खड़े होने जा रहे हैं जो आज घायल हैं, जिन्हें न्याय और जवाबदेही की शांतिपूर्ण मांग करने पर पीटा गया."
🔴#BREAKING | राहुल गांधी के साथ गांधी स्मृति पहुंचे सांसद, नहीं की नारेबाजी दिखा शांतिपूर्ण विरोध#RahulGandhi #Congress @ashutoshjourno @BabaManoranjan @JainendraKumar pic.twitter.com/TDizwJNg6P
— NDTV India (@ndtvindia) July 23, 2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि छात्र सड़क पर हैं तो सभी विपक्षी सांसदों को लगा कि हमें सड़क पर होना चाहिए. हम पहले इंडिया गेट जाना चाहते थे लेकिन मना कर दिया तो हम गांधी स्मृति जा रहे थे, लेकिन हमें अब यहां भी रोक दिया गया है. हम तीन मूर्ति भी जाना चाहते थे लेकिन वहां भी नहीं जाने दिया गया.
वहीं कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि हम इतनी जिद्दी सरकार को यह क्यों समझाएं? क्या वे कभी वहां (गांधी स्मृति) गए हैं? उनमें बाहर आकर बात करने की हिम्मत नहीं है."
गांधी स्मृति पहुंचे राहुल गांधी, मौन प्रदर्शन किया
राहुल गांधी विपक्ष के अन्य सांसदों के साथ गांधी स्मृति पहुंचे. इस दौरान विपक्षी सांसदों ने फ्लैश लाइट जलाकर प्रदर्शन किया. विपक्ष मे प्रतीकात्मक रूप से मौन प्रदर्शन किया और कोई नारेबाजी नहीं की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं