विज्ञापन

परात भर-भरकर घी गटक रहे मारवाड़ के लोग, देखने वाले बोले- शहरवालों का तो हाजमा बिगड़ जाएगा

पश्चिमी राजस्थान के मारवाड़ से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां नौजवान बिना हाथ लगाए सीधे परात से मुंह लगाकर पानी की तरह शुद्ध देसी घी पी रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर लोग दंग हैं और शहर की लाइफस्टाइल पर चुटकी ले रहे हैं.

परात भर-भरकर घी गटक रहे मारवाड़ के लोग, देखने वाले बोले- शहरवालों का तो हाजमा बिगड़ जाएगा
बिना हाथ लगाए परात से सीधे घी गटकते दिखे नौजवान.
x@Kapil_Jyani_

VIRAL VIDEO: शहर के लोगों को डॉक्टर अक्सर एक चम्मच घी भी सोच-समझकर खाने की सलाह देते हैं. लेकिन पश्चिमी राजस्थान से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जहां लोग पानी की तरह कटोरे और परात भर-भरकर शुद्ध देसी घी पी रहे हैं. सोशल मीडिया पर यह वीडियो इस वक्त खूब सुर्खियां बटोर रहा है.

इस वीडियो को एक्स पर कपिल बिश्नोई नाम के यूजर ने शेयर किया है. उन्होंने मारवाड़ की शान बताते हुए लिखा कि हमारे यहां भले ही पानी की कमी हो जाए, लेकिन दूध और घी की कभी कमी नहीं होती. आज भी मारवाड़ के कई घरों में इतना देसी घी जमा रहता है कि शादी-ब्याह में दो-चार हजार लोगों का पूरा खाना घर के ही घी में बन जाता है.

परात से सीधे घी गटकते दिखे नौजवान

वायरल वीडियो में कुछ बुजुर्ग और पुरुष एक बड़ी सी परात में पारंपरिक चूरमा और ढेर सारा पिघला हुआ पीला देसी घी तैयार करते दिख रहे हैं. वह परात के एक हिस्से में घी को इकट्ठा कर लेते हैं. इसके बाद जो होता है, उस पर यकीन करना मुश्किल है. 

रस्म या फिर किसी शर्त के तहत, कई नौजवान बारी-बारी से घुटनों के बल बैठते हैं और बिना हाथ लगाए सीधे परात से मुंह लगाकर घी पीना शुरू कर देते हैं. जब ये लड़के घी पी रहे होते हैं, तो पास खड़े लोग लोटे और जग से परात में लगातार और घी उड़ेलते जाते हैं ताकि सिलसिला रुके नहीं.   

वीडियो के आखिर में लोग चूरमे के ऊपर लबालब देसी घी डालकर बड़े चाव से खाते दिख रहे हैं. राजस्थान के गांवों में आज भी इस तरह घी परोसना ताकत और तगड़ी मेहमाननवाजी की निशानी माना जाता है.

पूरा वीडियो यहां देखिए

शादी नहीं, मृत्युभोज से जुड़ा है वीडियो

सोशल मीडिया पर जब यह वीडियो वायरल हुआ, तो कई स्थानीय लोगों ने इसके पीछे की असली कहानी भी बताई. वासु देव ओझा (@VASUDEVOJH2496) नाम के यूजर ने साफ किया कि यह किसी शादी का नहीं, बल्कि सारस्वत समाज के 'पैंतालीसवें मेले' का वीडियो है. यह आयोजन किसी की मृत्यु के बाद होता है, जिसमें पूरा समाज इकट्ठा होता है. अनिल ओझा (@AnilOjh54132804) ने भी पुष्टि की कि यह उन्हीं के इलाके का कार्यक्रम है.

यह भी पढ़ें | पुष्कर मेले में छाए आदिवासियों के तीर-कमान, दुकानदार दीदी बोलीं- ये 250 फीट तक फेंक सकते हैं

'शहर वालों का तो हाजमा ही बिगड़ जाए'

इतनी भारी मात्रा में घी का इस्तेमाल देखकर इंटरनेट यूजर्स भी दंग हैं. बादशाहभाई (@Badshahbhai7383) ने यहां के रिवाज के बारे में बताया कि जब तक खाने वाला खुद हाथ जोड़कर मना न कर दे, तब तक उसकी थाली में घी डाला जाता रहता है. रोहित शर्मा (@srsharmajj) ने इस नजारे को 'घी की नदियां' बताया. वहीं मुकेश माथुर (@MukeshM20789085) ने शहर के लोगों की लाइफस्टाइल पर चुटकी ली. उन्होंने लिखा कि सबसे बड़ी बात तो इस घी को पचाना है. गांव के लोग अपनी कड़ी मेहनत से इसे आसानी से हजम कर जाते हैं, जबकि शहर वालों को तो इतना घी देखकर ही पसीना आ जाए.

यह भी पढ़ें | चीन के स्टोव चूल्हे उछल-उछलकर पका रहे सब्जी, देखकर लोग बोले- हम वेज-नॉनवेज में उलझे हैं

यह भी पढ़ें | साइकिल से अफ्रीका का कालाहारी रेगिस्तान घूम आया बंगाल का व्लॉगर, 25 देशों की यात्रा के पीछे वजह थी 'बाल विवाह'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Viral Video, Desi Ghee, Rajasthan Traditional Dance, Khabar Zara Hatke 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com