विज्ञापन

RPS बेटे की विदाई पर गले लगकर रोने लगी मां, जाते समय सैल्यूट किया, VIDEO वायरल

12वीं में फेल होने से लेकर राजस्थान पुलिस सेवा में RPS बनने तक का सफर तय करने वाले बृजेश परमार का भावुक वीडियो वायरल हो रहा है. ट्रेनिंग के लिए रवाना होते समय मां ने उन्हें गले लगाकर विदा किया और सैल्यूट भी किया.

RPS बेटे की विदाई पर गले लगकर रोने लगी मां, जाते समय सैल्यूट किया, VIDEO वायरल
rsp brijesh parmar mother emotional farewell video viral
NDTV
  • बृजेश परमार राजस्थान पुलिस सेवा में चयनित हुए और 4 अक्टूबर 2026 को डीएसपी प्रशिक्षण के लिए घर से रवाना हुए थे
  • बृजेश की मां ने उन्हें प्रशिक्षण के लिए विदा करते समय भावुक होकर गले लगाया और सैल्यूट किया था
  • बृजेश ने 12वीं में विज्ञान संकाय चुना था लेकिन उसमें असफल रहे और फिर कॉलेज में भी सफलता नहीं मिली थी

RPS Brijesh Parmar:  राजस्थान पुलिस सेवा में चयनित बृजेश परमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं. 12वीं में फेल होने से लेकर आरपीएस अध‍िकारी बनने तक का सफर तय करने वाले बृजेश का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में उनकी मां उन्हें गले लगाकर फूट-फूटकर रोती नजर आ रही हैं. बेटे को विदा करते समय वह उसे सैल्यूट भी करती हैं. इसके बाद बृजेश डीएसपी की ट्रेनिंग के लिए रवाना हो जाते हैं. बृजेश परमार मूल रूप से राजस्थान के सिरोही जिले के गोयली गांव के रहने वाले हैं. वर्तमान में उनका परिवार कोटा में रहता है. उनके पिता केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में एएसआई के पद पर गया हवाई अड्डे पर सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं.

NDTV से बातचीत में बृजेश परमार ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2024 उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें राजस्थान पुलिस सेवा आवंटित हुई है. आरपीएस प्रशिक्षण के लिए वह 4 अक्टूबर 2026 को घर से रवाना हुए थे. मां का गले लगकर रोने वाला वायरल वीडियो उसी समय का है. बेटे को जयपुर प्रशिक्षण के लिए विदा करते समय उनकी मां लहरी देवी भावुक हो गई थीं.

12वीं में फेल, फिर कॉलेज में भी असफल रहे

अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बृजेश परमार ने बताया कि 12वीं कक्षा में उन्होंने दोस्तों के कहने पर विज्ञान संकाय चुन लिया था, लेकिन उसमें रुचि नहीं होने के कारण वह फेल हो गए. गणित, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान में उन्हें क्रमशः 3, 3 और 4 अंक मिले थे. इसके बाद उन्होंने किसी तरह 12वीं पास की, लेकिन कॉलेज में भी असफल रहे. पढ़ाई छोड़कर वह डांस में करियर बनाने के लिए दिल्ली और मुंबई चले गए. काफी समय बाद वापस लौटकर उन्होंने दोबारा पढ़ाई शुरू की. 

यूट्यूब से की तैयारी, दो बार पास की RPSC परीक्षा

बृजेश परमार ने बताया कि पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने यूट्यूब वीडियो देखकर आरपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की. पहले ही प्रयास में उन्होंने राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2023 उत्तीर्ण कर ली. वर्तमान में वह सहकारिता विभाग में अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं. इसके बाद उन्होंने दूसरा प्रयास किया और राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2024 भी पास कर ली. इस बार उनका चयन राजस्थान पुलिस सेवा में हुआ. अब वह प्रशिक्षण पूरा कर राजस्थान पुलिस में डीएसपी के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे.

यह भी पढ़ें- 12वीं में मिले थे सिर्फ 3 नंबर, अब DSP बने बृजेश परमार, पढ़ें IPS मनोज शर्मा जैसी कहान 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DSP, RPS, Viral Video, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com