VIRAL VIDEO: साइकिल पर सवार होकर अकेले ही खतरनाक रेगिस्तानों और ऊंचे पहाड़ों को नाप देना कोई बच्चों का खेल नहीं है. पुरुलिया के रहने वाले अक्षय भगत ने यह कमाल कर दिखाया है. छह महीने तक अफ्रीका के बेहद कठिन रास्तों पर साइकिल चलाने के बाद आखिरकार अक्षय अपने घर लौट आए हैं. उनकी इस कामयाबी से पूरे इलाके में जश्न का माहौल है.
अक्षय ने यह सफर सिर्फ रोमांच के लिए नहीं, बल्कि एक बेहद जरूरी सामाजिक संदेश देने के लिए शुरू किया था. वह बाल विवाह के खिलाफ लोगों को जागरूक करना चाहते थे. इसी नेक मकसद और फौलादी इरादों के साथ उन्होंने देश की सीमाएं पार कीं और दुनिया भर में भारत का नाम रोशन किया. उन्होंने अपनी पूरी जर्नी यूट्यूब चैनल 'Akshay Bhagat Cycleman' पर शेयर की है. इसमें उन्होंने अपनी यात्रा से जुड़े वीडियो अपलोड किए हैं.
साइकिल से नाप दी दुनिया
अपने जर्नी में अक्षय ने अफ्रीका के युगांडा, तंजानिया, रवांडा और इथियोपिया जैसे कई देशों का सफर साइकिल से तय किया. इस दौरान उन्होंने भीषण गर्मी वाले कालाहारी रेगिस्तान और बेहद खतरनाक मून माउंटेन को भी अपनी साइकिल से पार कर लिया. उनकी इस हिम्मत को देखकर हर कोई हैरान है.
अक्षय अब तक चीन, रूस, श्रीलंका और अफगानिस्तान सहित दुनिया के 25 देशों की यात्रा साइकिल से पूरी कर चुके हैं. नई जगहों को देखना, वहां के लोगों से मिलना और भारतीय संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाना ही उनका सबसे बड़ा जुनून है. जंगलमहल के एक छोटे से गांव से निकलकर दुनिया जीतने वाले अक्षय आज हमारे युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुके हैं.
कौन हैं यूट्यूब ट्रैवलर अक्षय भगत?
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया का रहने वाला एक साधारण सा लड़का अक्षय भगत. कंधे पर उम्मीदों का थैला और पैरों के नीचे सिर्फ एक साइकिल. अक्षय का लक्ष्य कोई आम सैर-सपाटा नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाना है. इसके लिए उसने अपनी जर्नी बंगाल से थाईलैंड, लाओस, वियतनाम और कंबोडिया होते हुए रूस और फिर कई अफ्रीकी देश साइकिल से नाप दिए.
यह भी पढ़ें | पुष्कर मेले में छाए आदिवासियों के तीर-कमान, दुकानदार दीदी बोलीं- ये 250 फीट तक फेंक सकते हैं
यह भी पढ़ें | चाय की टपरी से हर दिन 7500 कमाता है शख्स, नहीं खोलना चाहता कैफे, बताया इसके पीछे का गणित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं