विज्ञापन

ट्रेन में कचरा फैलाने वालों को मिजोरम ने दिया जवाब, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शेयर किया वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में मिजोरम के यात्रियों का शानदार सिविक सेंस देखने को मिला. ट्रेन से उतरने से पहले उन्होंने पूरा डिब्बा साफ कर दिया, जिसके बाद लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.

ट्रेन में कचरा फैलाने वालों को मिजोरम ने दिया जवाब, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शेयर किया वीडियो
ट्रेन की सफाई का वीडियो
Social Media

हम अक्सर विदेशों की साफ-सफाई और वहां के लोगों के सिविक सेंस की तारीफ करते हैं, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो लोगों की सोच बदल रहा है. इस वीडियो ने दिखाया है कि भारत में भी ऐसी जगह मौजूद है जहां लोग सार्वजनिक जगहों को अपनी जिम्मेदारी मानते हैं. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस वीडियो को अपने X अकाउंट पर शेयर किया है और नॉर्थ-ईस्ट से सीख लेने की बात कही है. करीब एक मिनट का ये वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.

एक ट्रेन, दो अलग तस्वीरें

वीडियो की शुरुआत एक ऐसे दृश्य से होती है, जो कई लोगों को असहज कर सकता है. इसमें मनाली टूर पर जा रहे कुछ स्कूली बच्चों के ट्रेन कोच का हाल दिखाया गया है. सीटों के आसपास कचरा बिखरा है और डिब्बे की हालत खराब नजर आती है, लेकिन इसके बाद वीडियो में मिजोरम के यात्रियों को दिखाया जाता है. ट्रेन से उतरने से पहले ये यात्री अपनी सीटों के आसपास पड़ा कचरा खुद उठाते हैं और अपने बैग में रख लेते हैं. कुछ ही देर में पूरा डिब्बा साफ दिखाई देने लगता है.

क्या है तोलमगायना की सोच

मिजोरम के लोगों के इस व्यवहार के पीछे वहां की संस्कृति का बड़ा योगदान माना जाता है. वहां एक खास शब्द प्रचलित है, जिसे तोलमगायना कहा जाता है. इसका मतलब है दूसरों की सुविधा और भलाई का ध्यान रखना. यही सोच लोगों के रोजमर्रा के व्यवहार में भी दिखाई देती है. सफाई रखना, नियमों का पालन करना और दूसरों का सम्मान करना वहां की जीवनशैली का हिस्सा माना जाता है.

ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल

मिजोरम की पहचान सिर्फ साफ-सफाई तक सीमित नहीं है. कई जगह ऐसी दुकानें भी देखने को मिलती हैं जहां दुकानदार मौजूद नहीं होता. लोग सामान लेते हैं और खुद ही पैसे रखकर चले जाते हैं. वहीं कई इलाकों में बच्चे और स्थानीय लोग मिलकर सफाई अभियान चलाते हैं. यही वजह है कि मिजोरम आज पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आ रहा है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com