दिल्ली-एनसीआर से मध्यप्रदेश के ग्वालियर तक का सफर बेहद आसान होने वाला है. सरकार आगरा और ग्वालियर के बीच ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बना रही है. इस हाई स्पीड कॉरिडोर का रास्ता साफ हो गया है. भले ही यह एक्सप्रेसवे आगरा और ग्वालियर के बीच बनेगा, लेकिन इसके बनने के बाद दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान जैसे शहरों से भी मध्य प्रदेश की पहुंच आसान हो जाएगी. इस एक्सप्रेसवे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. आइए इस एक्सप्रेसवे के बारे में हर जरूरी बात बताते हैं.
आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे का रास्ता साफ
यह एक्सप्रेसवे भूमि अधिग्रहण से नाराज प्रभावित किसानों की वजह से अटका हुआ था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगरा जिले के कुछ गावों के किसानों ने सर्किल रेट पर आपत्ति जताई थी. हालांकि अब उन्हें पूर्व निर्धारित सर्किल रेट से अधिक मुआवजा मिलेगा. NHAI के इस फैसले के साथ ही एक्सप्रेसवे के निर्माण में लंबे समय से चली आ रही बड़ी अड़चन दूर हो गई है.
क्या है आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे की खासियत?
यह करीब 88 किलोमीटर लंबा और 6-लेन वाला एक बेहद आधुनिक, एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे है.
NHAI के अनुसार, इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक कंस्ट्रक्शन डेडलाइन 30 महीने तय की गई है.
जिस गति से काम चल रहा है, उससे उम्मीद है कि यह दो साल में पूरा हो सकता है.
यह एक्सप्रेसवे आगरा इनर रिंग रोड पर स्थित देवरी गांव (यूपी) से शुरू होता है और ग्वालियर (एमपी) के पास सुसेरा गांव (NH-44 ग्वालियर बाईपास) पर समाप्त होता है.
सवा घंटे में आगरा से ग्वालियर का सफर
फिलहाल आगरा और ग्वालियर के बीच यात्रा करने में लगभग 2.5 से 3.5 घंटे का समय लगता है. इस एक्सप्रेसवे के शुरू हो जाने के बाद यह दूरी बेहद सुरक्षित और सुगम हो जाएगी और यात्रा का समय घटकर महज एक से सवा घंटा रह जाएगा. इस प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत करीब 4600 करोड़ है, जिसे बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर मॉडल पर विकसित किया जा रहा है.
दिल्ली-एनसीआर से भी सफर होगा आसान
भले ही यह एक्सप्रेसवे आगरा और ग्वालियर के बीच बन रहा है, लेकिन यह इनडायरेक्ट दिल्ली-एनसीआर से भी जुड़ेगा. दरअसल दिल्ली से आगरा तक पहले से यमुना एक्सप्रेसवे भी है. ऐसे में अब आगरा से आगे बन रहा ये नया एक्सप्रेसवे एनसीआर के शहरों से ग्वालियर समेत मध्यप्रदेश की कनेक्टिविटी आसान कर देगा.
यह भी पढ़ें: कानपुर से महोबा डेढ़ घंटे में, बुंदेलखंड का नया सुपरफास्ट एक्सप्रेसवे, यूपी से एमपी तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं