विज्ञापन

नोएडा में हर साल 10 प्रतिशत बढ़ी 1BHK की कीमत, ओनर बोला- 5 साल बाद मिल रहे लगभग डबल पैसे

नोएडा में एक छोटा सा फ्लैट आज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. सिर्फ 26 लाख के निवेश पर जब एजेंट बंपर ऑफर लेकर आया, तो मालिक ने एक ऐसी वजह बताकर बेचने से मना कर दिया जिसने सबका दिल जीत लिया.

नोएडा में हर साल 10 प्रतिशत बढ़ी 1BHK की कीमत, ओनर बोला- 5 साल बाद मिल रहे लगभग डबल पैसे
शख्स ने प्रॉपर्टी एजेंट का ऑफर ठुकरा दिया.

Viral post: कभी दिल्ली-एनसीआर में नोएडा को लोग थोड़ा सस्ता और बजट वाला इलाका मानते थे. लेकिन आज नोएडा ने बड़े-बड़े महारथियों जैसे बेंगलुरु और गुरुग्राम को भी पछाड़ दिया है. यहां प्रॉपर्टी की कीमतें रॉकेट की रफ्तार से भाग रही हैं. इस चमकते बाजार की हकीकत बयां करती है 'विवेक' नाम के एक शख्स की कहानी, जिन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी किस्मत का ताला खुलने का किस्सा साझा किया है. बात साल 2021 की है. विवेक ने नोएडा में एक छोटा सा 1 BHK फ्लैट खरीदा. जेब से लगे कुल 26 लाख रुपये. विवेक का इरादा बिल्कुल साफ था, उन्हें वहां खुद नहीं रहना था, इसलिए सौदा पूरी तरह 'बिना किसी मोह-माया' यानी सिर्फ निवेश के लिए था.

फ्लैट खरीदने के बाद उन्होंने उसमें बढ़िया सा साजो-सामान (फर्नीचर) लगवाया और चाबी एक प्रॉपर्टी एजेंट को सौंप दी ताकि किरायेदार मिल सके. अब किस्मत देखिए, यह फ्लैट नोएडा के सेक्टर 52 में था, जहां से दिल्ली और नोएडा दोनों की मेट्रो बिल्कुल पास है. नतीजा यह हुआ कि पिछले 5 सालों में यह फ्लैट एक हफ्ते के लिए भी खाली नहीं रहा. किराये की कमाई लगातार जेब में आती रही.

बंपर ऑफर को ठुकराया

विवेक इन 5 सालों में सिर्फ दो बार अपने इस फ्लैट को देखने गए. लेकिन जब एजेंट का फोन आया, तो पूरी कहानी ही बदल गई. एजेंट ने कहा, "सर, एक खरीदार तैयार है और आपके इस फ्लैट के पूरे 42 लाख रुपये देने को राजी है!"

यानी सीधे-सीधे 61 फीसदी का बंपर मुनाफा. कोई भी आम इंसान होता तो तुरंत सौदा पक्का कर लेता. लेकिन विवेक ने साफ मना कर दिया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "मैं इसे नहीं बेच रहा. अभी मुझे पैसों की कोई तंगी नहीं है, और सच कहूं तो अब मुझे इस आशियाने से एक दिली लगाव सा हो गया है."

सोशल मीडिया में हो रही तारीफ

विवेक की इस पोस्ट ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया. लोग उनकी इस सूझबूझ की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कोई कह रहा है कि 'जब तक इससे बेहतर निवेश का विकल्प न मिले, इसे मत बेचना', तो कोई अपना दुख-सुख साझा कर रहा है.एक यूजर ने लिखा कि उसने नोएडा के सेक्टर 76 में 78 लाख का फ्लैट लिया था, जो आज ढाई करोड़ से ज्यादा का हो चुका है और दलाल उन्हें बेचने के लिए लगातार फोन चमकाते रहते हैं. कुल मिलाकर कहानी का सार यही है कि नोएडा में जिसने सही वक्त पर सही दांव खेल दिया, उसकी तो मानो पांचों उंगलियां घी में हैं. आपका इस बारे में क्या सोचना है?

ये भी पढ़ें: बचपन से देख नहीं सकती थी बिटिया, 15 स्कूलों ने भी किया रिजेक्ट; आज मां के हौसले से जीत रही है दुनिया

दिमाग है या कंप्यूटर! 9 साल की उम्र में पूरी गीता और 4000 संस्कृत श्लोक मुंह जुबानी याद, हारे बड़े-बड़े सूरमा

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida Property Market, Delhi Ncr Real Estate Market, Noida Flat Buyers, Noida Flat Price, Noida Flat Registry
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com