विज्ञापन

दिल्‍ली, नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद या गुरुग्राम... जानिए NCR के किस शहर में कम हुए फ्लैट के दाम

Real Estate Report Latest: कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने भारतीय रियल एस्टेट सेक्टर का आउटलुक ‘आकर्षक’ रखा है. पहली तिमाही में बिक्री मूल्य 9% बढ़ा, लेकिन कुल बिक्री मात्रा में सिर्फ 3% की वृद्धि हुई और एनसीआर में बिक्री 27% घटी.

दिल्‍ली, नोएडा, फरीदाबाद, गाजियाबाद या गुरुग्राम... जानिए NCR के किस शहर में कम हुए फ्लैट के दाम
NCR में कहां खरीद सकते हैं सस्‍ते में मकान?
(NDTV File Photo)

Buyingg Home: इस त्योहारी सीजन दिल्ली-NCR में घर खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये आपके लिए जरूरी खबर हो सकती है. एक तरफ जहां नोएडा, गुरुग्राम और दूसरे इलाकों में प्रॉपर्टी के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, वहीं NCR का एक शहर ऐसा है जहां घरों की कीमतें कम हुई हैं. कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, गाजियाबाद में सालभर में प्रॉपर्टी की कीमतों में 17% तक की गिरावट दर्ज की गई है. ऐसे में फेस्टिव सीजन के दौरान बजट-फ्रेंडली घर ढूंढ रहे लोगों के लिए गाजियाबाद एक किफायती ऑप्शन हो  सकता है.

दूसरी ओर गुरुग्राम और नोएडा में मकान की कीमतें बढ़ी हैं. जेएमएस ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह ने कहा, 'गुरुग्राम और नोएडा जैसे बाजारों में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी किसी सामान्य या अस्थायी तेजी के बजाय एक बड़े और स्थायी बदलाव को दिखाती है. 2019 से गुरुग्राम में 117% की प्राइस ग्रोथ हमारे प्रोजेक्ट्स में देखे गए ट्रेंड से भी मेल खाती है.'

उन्‍होंने कहा, 'इस डेटा की सबसे अहम बात यह है कि इसी अवधि में रेंटल यील्ड में 80 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी हुई है. यानी खरीदारों को प्रॉपर्टी की कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा लेने के लिए किराये से मिलने वाले रिटर्न से समझौता नहीं करना पड़ा.'

गाजियाबाद में 17% तक सस्ते हुए घर

कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली-NCR में गाजियाबाद अकेला ऐसा  शहर है जहां प्रॉपर्टी की कीमतों में एक साल में सीधे 17% की गिरावट आई है. एक तरफ जहां NCR के बाकी कई इलाकों में घरों के दाम बढ़ रहे हैं, वहीं, गाजियाबाद में कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. यही वजह है कि कम बजट में प्रॉपर्टी खरीदने वालों लोगों के लिए यहां अपने सपनों का आशियाना बनाना काफी आसान है. 

रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में गाजियाबाद में प्रॉपर्टी का औसत भाव घटकर ₹9,210 प्रति वर्ग फुट रह गया है. पिछली तिमाही के मुकाबले भी इसमें 11% की कमी आई है.

दाम घटे तो बिक्री में आया उछाल

रिपोर्ट के मुताबिक,कीमतों में गिरावट के बावजूद प्रॉपर्टी की बिक्री अच्छी रही है. इस तिमाही में  गाजियाबाद में 35 लाख वर्ग फुट की बिक्री हुई, जो पूरे NCR की कुल बिक्री का 15% है.यानी गाजियाबाद में प्रॉपर्टी के दाम कम होने  का सीधा फायदा खरीदारों को मिल रहा है.

इसके अलावा गाजियाबाद में अभी भी करीब 3.11 करोड़ वर्ग फुट ऐसी प्रॉपर्टी पड़ी है जो बिकी नहीं है.इसमें कई अटके हुए प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं.यानी बजट में घर तलाश रहे लोगों के पास प्रॉपर्टी चुनने के ज्यादा ऑप्शन होंगे.

नोएडा बन गया NCR का सबसे महंगा इलाका

जहां गाजियाबाद में घरों के दाम गिरे हैं, वहीं नोएडा में प्रॉपर्टी की कीमतों में तेज उछाल आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा में प्रॉपर्टी के दाम सालाना आधार पर 61% बढ़कर 25,805 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गए हैं. इस तरह नोएडा NCR का सबसे महंगा शहर बन गया है.

बीपीटीपी लिमिटेड के प्रेसिडेंट और CEO मानिक मलिक ने कहा, 'प्रमुख बाजारों में घरों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी किसी अस्थायी तेजी के बजाय एक बड़े और स्थायी बदलाव को दिखाती है. आज घर खरीदने वाले मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कनेक्टिविटी और अच्छे सोशल इकोसिस्टम वाले इलाकों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे लंबे समय में प्रॉपर्टी की वैल्यू बढ़ती है.' 

उन्‍होंने कहा कि गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद जैसे बाजार इस ट्रेंड का फायदा उठा रहे हैं, जिसे लगातार हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश, क्वालिटी डेवलपमेंट और खरीदारों की बदलती उम्मीदों से समर्थन मिल रहा है. हमारा मानना है कि इस तेजी को मजबूत मार्केट फंडामेंटल्स का समर्थन हासिल है और आगे भी लंबे समय तक ग्रोथ की संभावनाओं वाले, बेहतर तरीके से प्लान किए गए माइक्रो-मार्केट्स को इसका फायदा मिलता रहेगा.

नई दिल्ली में 94% और फरीदाबाद में 264% का उछाल

नई दिल्ली एरिया में प्रॉपर्टी की कीमतों में सालाना आधार पर 94% की भारी बढ़त दर्ज की गई है. यहां औसत भाव बढ़कर 24,917 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गया है.वहीं, फरीदाबाद में कीमतों में 264% की रिकॉर्ड सालाना छलांग देखी गई है. यहां प्रॉपर्टी का औसत भाव 11,242 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गया है.

गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा में भी बढ़े घरों के दाम

गुरुग्राम में प्रॉपर्टी की कीमतें सालाना आधार पर 6% बढ़कर 21,538 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गई हैं. वहीं, ग्रेटर नोएडा में घरों के दाम 18% बढ़कर 12,826 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गए हैं.यानी बजट के हिसाब से घर खरीदने वाले लोगों को गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा के प्रॉपर्टी रेट्स की तुलना जरूर करनी चाहिए.

पायनियर अर्बन लैंड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऋषभ पेरिवाल ने कहा, 'डेवलपर्स का फोकस खास तौर पर गुरुग्राम के रियल एस्टेट बाजार पर है, जो तेजी से आगे बढ़ रहा है. यहां जो बदलाव देखने को मिल रहा है, वो सिर्फ प्रॉपर्टी की कीमतों में बढ़ोतरी तक सीमित नहीं है, बल्कि रेजिडेंशियल और कमर्शियल दोनों सेक्टर में व्यापक विकास हो रहा है.' 

पूरे NCR में 27% घटी घरों की बिक्री

पूरे दिल्ली-NCR की बात करें तो नए प्रोजेक्ट्स की कम लॉन्चिंग के चलते कुल बिक्री में 27% की गिरावट आई है.फिलहाल पूरे NCR में लगभग 21.8 करोड़ वर्ग फुट प्रॉपर्टी बिना बिकी पड़ी है.बाजार की रफ्तार को देखते हुए इस पूरे स्टॉक को खाली होने में करीब 2 साल से ज्यादा का समय लग सकता है.

ऋषभ पेरिवाल ने कहा, 'गुरुग्राम का कमर्शियल रियल एस्टेट सेक्टर भी मजबूत बना हुआ है, जिसे ग्रेड-A ऑफिस स्पेस और प्रीमियम रिटेल हब की मजबूत मांग से समर्थन मिल रहा है. लंबी अवधि में बेहतर वैल्यू की तलाश करने वाले खरीदारों और डेवलपर्स, दोनों के लिए दिल्ली-NCR अब सिर्फ रियल एस्टेट की तेजी का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसे आगे बढ़ाने वाले प्रमुख बाजारों में शामिल हो गया है.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Real Estate Market, Real Estate Advice, Ghaziabad Property Trends 2026, Noida Property Market, NCR Property Market
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com