विज्ञापन

दिल्ली-NCR में 60 लाख का 2BHK चाहिए, जानिए नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में कहां मिलेगा कैसा घर

NCR 2BHK Under 75 Lakh: 60 से 75 लाख रुपये में NCR में 2BHK फ्लैट चाहिए, तो दिल्‍ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में कई विकल्प मौजूद हैं. लोकेशन या घर के साइज को लेकर समझौता न करना पड़े. पूरी गाइड यहां.

दिल्ली-NCR में 60 लाख का 2BHK चाहिए, जानिए नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में कहां मिलेगा कैसा घर
Budget Flat in Delhi-NCR: अपना मकान खरीदने की पूरी गाइड यहां
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

दिल्ली-NCR में अपना घर लेना बहुतों को दूरी की कौड़ी लगती है. हालांकि ये इतना मुश्किल भी नहीं है. बस जरूरत है सही जानकारी और सही प्‍लानिंग की. तो बस इसी में हम आपकी हेल्‍प करने के लिए ये बड़ी, लेकिन जानकारियों से भरी रिपोर्ट लेकर आए हैं. हमने दिल्‍ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में काम कर रहे करीब 14 वर्किंग प्रोफेशनल्‍स से बात की तो पता चला कि अपना मकान लेने के लिए मिडिल क्‍लास और अपर मिडिल क्‍लास का बजट 60 लाख से 75 लाख रुपये के बीच है. हमने रियल एस्‍टेट इंडस्‍ट्री एक्‍सपर्ट्स से बात करके इसी बजट के अनुसार ये रिपोर्ट तैयार की है. इस रिपोर्ट में आपके काम के आंकड़े हैं, डिटेल हैं और सलाह भी. तो इसे पढि़ए भी और दूसरों के साथ इस रिपोर्ट को शेयर भी कीजिए. 

NCR में 60 से 75 लाख रुपये के बीच आपके सामने कई विकल्प दिख सकते हैं. हालांकि, एक ही बजट में हर शहर में मिलने वाला 2BHK फ्लैट एक जैसा नहीं होगा. कहीं इसी रकम में अपेक्षाकृत बड़ा घर मिल सकता है, तो कहीं बेहतर लोकेशन के लिए छोटे साइज, पुरानी प्रॉपर्टी या रीसेल फ्लैट का विकल्प देखना पड़ सकता है. नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गुरुग्राम, दिल्ली, फरीदाबाद और गाजियाबाद में कीमतें भी बहुत वैरी करती हैं और फ्लैट भी काफी अलग-अलग तरह के दिखेंगे.  

पूरे NCR की तुलना करना जरूरी

रियल एस्टेट एजेंसीज की रिपोर्ट्स में भी NCR के अलग-अलग बाजारों में डिमांड और प्राइस में काफी अंतर दिखाई देता है. JLL की Q2 2026 रिपोर्ट  के मुताबिक, बड़ी-बड़ी कंपनियों के ऑफिसेस और वर्कप्‍लेस के चलते गुरुग्राम और नोएडा पिछले कुछ वर्षों से NCR के प्रमुख रेजिडेंशियल मार्केट बने हुए हैं, जबकि गाजियाबाद की भी हिस्सेदारी बढ़ रही है. MagicBricks की Q2 2026 रिपोर्ट में एक बात और दिखती है कि 2BHK यानी 2 बेडरूम, हॉल+किचन वाले फ्लैट ज्‍यादातर खरीदारों की पहली पसंद हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

ऐसे में 60-75 लाख रुपये का बजट रखने वाले परिवारों के लिए सवाल सिर्फ ये नहीं है कि घर कहां मिलेगा, बल्कि ये भी है कि किस शहर में इसी बजट में कितना बड़ा और किस तरह का घर मिल सकता है. मिगसन ग्रुप के MD यश मिगलानी कहते हैं, 'खरीदार को किसी खास इलाके तक सीमित रहने के बजाय पूरे NCR को तुलना के आधार पर देखना चाहिए.' 

गुरुग्राम में तो मुश्किल है, लेकिन... 

मिगलानी कहते हैं, 'गुरुग्राम में इसी बजट में लोकेशन को लेकर समझौता करना पड़ सकता है, जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद में ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं.' वे सलाह देते है कि खरीदार को घर की कीमत के साथ मेंटेनेंस, पार्किंग, रजिस्ट्री और दूसरे खर्चों को भी अपने कुल बजट में शामिल करना चाहिए. 

नॉर्थविंड एस्टेट्स के चेयरमैन मनोज कुमार गर्ग का भी ऐसा ही मानना है. आगे वो कहते हैं कि आज घर खरीदने का फैसला केवल कीमत के आधार पर नहीं हो रहा है. खरीदार कनेक्टिविटी, वर्कप्‍लेस, स्कूल, अस्पताल और भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी देख रहे हैं. बेहतर कनेक्टिविटी वाले माइक्रो-मार्केट आने वाले समय में खरीदारों को और आकर्षित कर सकते हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

नोएडा-ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कहां-कहां हैं विकल्‍प? | Budget 2BHK in Noida- Greater Noida

60 से 75 लाख रुपये के बजट में 2BHK तलाशने वालों के लिए नोएडा और खासकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट महत्वपूर्ण बाजार हैं. अलग-अलग सेक्टर और प्रोजेक्ट के हिसाब से यहां कीमतों में अंतर है. MagicBricks की रिपोर्ट के मुताबिक ग्रेटर नोएडा में रेजिडेंशियल डिमांड तिमाही आधार पर बढ़ी है.

सिक्का ग्रुप के चेयरमैन हरविंदर सिंह सिक्का का कहना है कि NCR में खरीदारों की जरूरत अब बहुत क्लियर है. 60 से 75 लाख रुपये के बजट में खरीदार घर का साइज, कनेक्टिविटी, सुविधाएं और आसपास का इंफ्रास्ट्रक्चर देख रहे हैं. 

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इस बजट में 2BHK के कई विकल्प तलाशे जा सकते हैं. नए प्रोजेक्ट में घर का साइज, सुविधाओं और प्रोजेक्ट की लोकेशन के हिसाब से कीमत बजट से ऊपर जा सकती है. वहीं रीसेल या पुराने प्रोजेक्ट में इसी रकम में अपेक्षाकृत बड़ा फ्लैट मिलने की संभावना रहती है.

नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास तस्वीर थोड़ी अलग है. सेक्टर-137, 168 और आसपास के इलाकों में 60-75 लाख रुपये के बजट में छोटे साइज के 2BHK, पुराने प्रोजेक्ट या रीसेल प्रॉपर्टी ज्यादा व्यावहारिक विकल्प हो सकते हैं.

यानी अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा स्पेस है तो ग्रेटर नोएडा वेस्ट में विकल्प ज्यादा मिल सकते हैं. वहीं एक्सप्रेसवे के आसपास बेहतर लोकेशन के लिए घर के साइज या प्रॉपर्टी की उम्र को लेकर समझौता करना पड़ सकता है.

गुरुग्राम में 60-75 लाख का मतलब लोकेशन से समझौता | Budget 2BHK in Gurugram

गुरुग्राम में इसी बजट में 2BHK खरीदना अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण हो सकता है. JLL की Q2 2026 रिपोर्ट में गुरुग्राम को NCR के प्रमुख रेजिडेंशियल मार्केट्स में शामिल किया गया है और यहां कीमतों में सालाना आधार पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

इस बजट में खरीदार को न्‍यू गुरुग्राम (New Gurugram) और उभरते सेक्टरों की तरफ देखना ज्यादा व्यावहारिक हो सकता है. सेक्टर-37D, 89, 92 और आसपास के इलाकों में 2BHK के विकल्प तलाशे जा सकते हैं. हालांकि, प्रोजेक्ट की लाइफ, घर का साइज और उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर कीमत में काफी अंतर हो सकता है.

इसके मुकाबले गोल्‍फ कोर्स रोड (Golf Course Road), DLF फेज और गुरुग्राम के दूसरे प्रीमियम इलाकों में 60-75 लाख रुपये में 2BHK का विकल्प सीमित हो सकता है. यहां खरीदार को छोटे साइज, पुराने फ्लैट या रीसेल प्रॉपर्टी पर विचार करना पड़ सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

दिल्ली में 60-75 लाख में घर, लेकिन इलाका अहम | Budget 2BHK in Delhi

दिल्ली में 2BHK की कीमत सिर्फ शहर के नाम से तय नहीं होती. एक इलाके से दूसरे इलाके में कीमतों में बड़ा अंतर हो सकता है. 60-75 लाख रुपये के बजट में उत्तम नगर, मोहन गार्डन, द्वारका मोड़, महावीर एन्क्लेव और रोहिणी के कुछ हिस्सों में 2BHK के विकल्प तलाशे जा सकते हैं.

वहीं द्वारका के प्रीमियम सेक्टरों में इसी बजट में विकल्प सीमित हो सकते हैं. बेहतर कनेक्टिविटी वाली लोकेशन प्राथमिकता है तो खरीदार को छोटे साइज, पुराने फ्लैट या रीसेल प्रॉपर्टी का विकल्प देखना पड़ सकता है.

पुरानी प्रॉपर्टी खरीदने वालों को सिर्फ फ्लैट की कीमत नहीं देखनी चाहिए. प्रॉपर्टी की उम्र, पार्किंग, लिफ्ट, सोसायटी की स्थिति और संभावित मरम्मत खर्च भी कुल बजट को प्रभावित कर सकते हैं.

फरीदाबाद में ज्यादा स्पेस का विकल्प | Budget 2BHK in Faridabad

अगर आपकी प्राथमिकता 60-75 लाख रुपये के बजट में ज्यादा जगह पाना है, तो फरीदाबाद पर भी नजर रखी जा सकती है. शहर के नए विकसित सेक्टरों में इस बजट में 2BHK के विकल्प मिल सकते हैं. सेक्टर-75, 77, 82, 85, 86, 88 और 89 जैसे इलाकों में प्रोजेक्ट और साइज के हिसाब से अलग-अलग कीमतें देखने को मिलती हैं.

करीब 60 लाख रुपये के बजट में छोटे या पुराने प्रोजेक्ट का विकल्प मिल सकता है. वहीं 70-75 लाख रुपये तक बजट बढ़ाने पर बेहतर सोसायटी, बड़ा साइज या नई प्रॉपर्टी के विकल्प बढ़ सकते हैं.

JLL की Q2 2026 रिपोर्ट में फरीदाबाद के रेजिडेंशियल कैपिटल वैल्यू में तिमाही आधार पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

गाजियाबाद में राज नगर एक्सटेंशन पर नजर | Budget 2BHK in Ghaziabad

60-75 लाख रुपये के बजट में गाजियाबाद भी 2BHK खरीदारों के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प है. खासकर राज नगर एक्सटेंशन में इस बजट में कई विकल्प तलाशे जा सकते हैं.

प्रोजेक्ट और साइज के हिसाब से यहां 2BHK की कीमत करीब 60-75 लाख रुपये की रेंज में देखने को मिल सकती है. इस बजट में करीब 800 से 1,000 वर्गफुट के आसपास के फ्लैट भी प्रोजेक्ट के हिसाब से मिल सकते हैं.

60-65 लाख रुपये में विकल्प सीमित हो सकते हैं, जबकि 70-75 लाख रुपये तक जाने पर बेहतर साइज, सोसायटी या रीसेल के विकल्प बढ़ सकते हैं.

सिद्धार्थ विहार में भी इस बजट के बीच 2BHK तलाशे जा सकते हैं. हालांकि कुछ प्रोजेक्ट्स में इसी रकम में मिलने वाला फ्लैट राज नगर एक्सटेंशन की तुलना में छोटा हो सकता है.

वहीं इंदिरापुरम में पुराने फ्लैट, रीसेल और कुछ बिल्डर-फ्लोर विकल्प देखे जा सकते हैं. नई सोसायटी और बेहतर सुविधाओं वाले प्रोजेक्ट के लिए बजट बढ़ाना पड़ सकता है.

JLL की Q2 2026 रिपोर्ट के मुताबिक गाजियाबाद ने NCR की रेजिडेंशियल सेल्स में करीब 18% हिस्सेदारी दर्ज की.

सिर्फ घर की कीमत देखकर फैसला न करें

जानकारों की सलाह है कि खरीदारों को केवल घर की कीमत के आधार पर फैसला नहीं करना चाहिए. अंसल हाउसिंग के डायरेक्टर कुशाग्र अंसल का कहना है आज का होमबायर सिर्फ शहर नहीं देख रहा, बल्कि अपने बजट में मिलने वाली पूरी वैल्यू को देख रहा है. 60 से 75 लाख रुपये के बजट में नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे बाजारों में लोकेशन, कनेक्टिविटी और घर के साइज के बीच अच्छा संतुलन बनाया जा सकता है. खरीदार के लिए जरूरी है कि वह केवल शुरुआती कीमत न देखे, बल्कि प्रोजेक्ट की गुणवत्ता, सुविधाएं और भविष्य की कनेक्टिविटी को भी ध्यान में रखकर फैसला करे. 

मनोज कुमार गर्ग के मुताबिक आज घर खरीदने का फैसला केवल कीमत के आधार पर नहीं हो रहा है. खरीदार कनेक्टिविटी, रोजगार केंद्रों तक पहुंच, स्कूल, अस्पताल और भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी देख रहा है. वहीं हरविंदर सिंह सिक्का का कहना है कि अलग-अलग शहरों और इलाकों में घर के साइज, कनेक्टिविटी, सुविधाओं और आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार पर विकल्प तलाशना चाहिए. 

Latest and Breaking News on NDTV

कुल मिलाकर लब्‍बोलुआब ये है कि 60-75 लाख रुपये में NCR में 2BHK खरीदना संभव है, लेकिन हर शहर में आपकी प्राथमिकता अलग होगी. ज्यादा स्पेस की तलाश है तो ग्रेटर नोएडा वेस्ट, फरीदाबाद और गाजियाबाद के कुछ बाजारों में विकल्प तलाशे जा सकते हैं. वहीं दिल्ली और गुरुग्राम में बेहतर लोकेशन के लिए घर के साइज, प्रॉपर्टी की उम्र या रीसेल विकल्प को लेकर समझौता करना पड़ सकता है.

घर खरीदने से पहले सिर्फ फ्लैट की कीमत नहीं, बल्कि रजिस्ट्री, पार्किंग, मेंटेनेंस, सोसायटी चार्ज और संभावित मरम्मत खर्च को जोड़कर अपना वास्तविक बजट तय करना जरूरी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Budget Flat In Delhi NCR, Budget Flats In Delhi Under 50 Lakhs, Flats In Delhi-NCR, Real Estate Market, Buy Flat In 60000 Salary
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com