विज्ञापन

एक स्विमिंग पूल से 22.5 लाख रुपये की कमाई कर रहा शख्स! दोस्त ने सोशल मीडिया पर किया दावा

सोशल मीडिया पर पूजा नाम की एक कंटेंट क्रिएटर की पोस्ट वायरल हो रही है. इस पोस्ट में उन्होंने अपने एक दोस्त की कमाई को लेकर ऐसा दावा किया है, जिसे सुनकर लोग हैरान हैं.

एक स्विमिंग पूल से 22.5 लाख रुपये की कमाई कर रहा शख्स! दोस्त ने सोशल मीडिया पर किया दावा
स्विमिंग पूल से 22.5 लाख रुपये की कमाई का दावा वायरल.
(P.C- @poojaofficial5/X)

आज के समय में लोग कमाई के नए-नए तरीके तलाश रहे हैं. लेकिन एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी जमीन का ऐसा इस्तेमाल किया है कि अब उसकी कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के मुताबिक, यह व्यक्ति अपने स्विमिंग पूल से पीक सीजन में करीब 22.5 लाख रुपये की कमाई कर रहा है. आइए जानते हैं कैसे-  

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पूजा नाम की एक कंटेंट क्रिएटर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि हाल ही में वे अपने एक दोस्त के फार्म पर गई थीं. वहां बने स्विमिंग पूल को देखकर उन्होंने अपने दोस्त से मजाक में पूछा कि क्या इससे कोई कमाई भी होती है या ये पूल उसने सिर्फ शौक के लिए बनाया गया है. इसपर दोस्त ने पहले जवाब दिया कि 'ठीक-ठाक कमाई हो जाती है.' लेकिन फिर जब उन्होंने इसे लेकर थोड़ी और बातें की, तो कमाई के आंकड़े सुनकर वे हैरान रह गईं.

लाखों की कमाई का दावा

अपनी इस पोस्ट में कंटेंट क्रिएटर ने बताया है कि गर्मियों की छुट्टियों में उनके दोस्त के पूल में रोज करीब 700 से 800 लोग नहाने आते हैं. अगर औसतन 750 लोगों की बात करें और प्रति व्यक्ति टिकट 100 रुपये मानें, तो एक दिन की कमाई करीब 75,000 रुपये होती है.  इसी हिसाब से 30 दिनों में यह रकम लगभग 22.5 लाख रुपये पहुंच जाती है.

ऑफ-सीजन में भी अच्छी आमदनी

पूजा ने बताया कि पीक सीजन खत्म होने के बाद भी रोज करीब 250 लोग पूल में आते हैं. 100 रुपये प्रति टिकट के हिसाब से रोजाना 25,000 रुपये की कमाई होती है. यानी महीने में करीब 7.5 लाख रुपये की आय हो सकती है.

खर्च कितना है?

पूजा के अनुसार, उनके दोस्त की अपनी जमीन है, इसलिए किराया नहीं देना पड़ता. पूल की देखरेख के लिए उन्होंने बस गार्ड रखे हैं, जिन्हें वे 20000 रुपये महीने की सैलरी देते हैं.

पानी से भी होती है कमाई

पूजा ने आगे बताया कि जब पूल का पानी बदला जाता है, तो उसे फेंका नहीं जाता, बल्कि वही पानी किसानों को सिंचाई के लिए बेच दिया जाता है. यानी एक ही पानी से दो बार कमाई की जाती है.

सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय

अब, कंटेंट क्रिएटर की ये पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है. हालांकि, कई लोगों ने इन दावों पर सवाल भी उठाए हैं. कुछ यूजर्स ने कहा कि पूजा ने जो पोस्ट शेयर की है, उसमें पूल खाली नजर आ रहा है. वहीं, कई लोगों ने इस पोस्ट को फेक तक बता दिया और कहा कि क्लोरीन मिला पानी खेती में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.

बहरहाल इस पोस्ट में किए गए दावों में कितनी सच्चाई है, ये कहना थोड़ा मुश्किल है लेकिन फिलहाल यह कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल जरूर हो रही है. सच चाहे जो भी हो, इस पोस्ट ने लोगों को यह सोचने पर  मजबूर जरूर कर दिया है कि अगर सही प्लान किया जाए, तो अपनी जमीन का सही इस्तेमाल करके कमाई के नए रास्ते तो जरूर बनाए जा सकते हैं.

(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

यह भी पढ़ें- 12 साल की बच्ची बनकर परिवार के साथ रही 37 साल की महिला, गोद लेने की तैयारी थी पूरी, फिर ऐसे खुला चौंकाने वाला राज

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com