ऑनलाइन कैब बुक करना आज लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. कुछ ही मिनटों में कैब मिल जाती है और लोग बिना किसी परेशानी के अपनी मंजिल तक पहुंच जाते हैं. लेकिन हाल ही में गुरुग्राम की एक महिला के साथ कुछ ऐसा हुआ जिसने एक बार फिर ऑनलाइन कैब सेवाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. महिला का दावा है कि सुबह 4 बजे की एक Uber राइड उनके लिए बेहद डरावना अनुभव बन गई. अब उनकी LinkedIn पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
क्या है पूरा मामला?
गुरुग्राम की रहने वाली एक महिला ने LinkedIn पर एक पोस्ट शेयर की है. महिला का नाम संजना शर्मा है. अपनी इस पोस्ट में संजना ने बताया कि उन्होंने सुबह करीब 4 बजे Uber कैब बुक की थी. ड्राइवर से ऐप के जरिए संपर्क नहीं हो पा रहा था, इसलिए सुविधा के लिए उन्होंने अपना निजी मोबाइल नंबर ड्राइवर के साथ शेयर कर दिया, ताकि वह उन्हें आसानी से ढूंढ सके. लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उनका यही फैसला आगे चलकर परेशानी की वजह बन जाएगा.
संजना के मुताबिक, राइड के दौरान ड्राइवर ने ऐप में दिख रहे किराए से अलग एक्स्ट्रा पैसे मांगने शुरू कर दिए. जब उन्होंने ज्यादा पैसे देने से इनकार किया, तो ड्राइवर ने उन्हें तुरंत कैब से उतरने नहीं दिया.
महिला का कहना है कि उस वक्त वह अकेली थीं और सुबह के 4 बजे का समय था. ऐसे में वह खुद को डरा हुआ और असुरक्षित महसूस करने लगीं.
राइड खत्म होने के बाद भी नहीं रुकी परेशानीसंजना का आरोप है कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. राइड पूरी होने के बाद ड्राइवर ने उनके निजी नंबर पर बार-बार कॉल करना शुरू कर दिया. परेशान होकर उन्होंने ड्राइवर का नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन इसके बाद भी उन्हें दूसरे नंबरों से फोन आने लगे.

Uber ने दिया ऐसा जवाब
संजना ने बताया कि उन्होंने पूरी घटना की शिकायत Uber कस्टमर सपोर्ट से की, लेकिन उन्हें उम्मीद के मुताबिक मदद नहीं मिली. उनका दावा है कि कंपनी की ओर से कहा गया कि उनके अकाउंट से कोई राइड जुड़ी हुई नहीं दिख रही है, इसलिए फिलहाल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा सकती.
हालांकि, LinkedIn पर पोस्ट वायरल होने के बाद अब Uber ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. कंपनी ने घटना पर खेद जताते हुए कहा है कि उनकी सेफ्टी टीम ने सीधे महिला से संपर्क किया है और संबंधित ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
कंपनी ने यह भी बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऐप में 'सेफ्टी लाइन' फीचर मौजूद है, जिसका इस्तेमाल यात्रा के दौरान और राइड खत्म होने के 30 मिनट तक किया जा सकता है. इसके अलावा, 24 घंटे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है.
Uber ने यात्रियों को सलाह दी कि वे अपनी निजी जानकारी, खासकर मोबाइल नंबर, ड्राइवर के साथ शेयर करने से बचें. कंपनी का कहना है कि यात्रियों और ड्राइवरों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए ऐप के अंदर फोन नंबर छिपाकर रखे जाते हैं.
फिलहाल संजना शर्मा की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. कई लोगों ने उनका समर्थन किया है और कैब सेवाओं में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है. वहीं, कुछ लोगों ने महिलाओं को देर रात अकेले सफर करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह भी दी.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें- रूस में मच्छरों का आतंक, वायरल वीडियो में दिखा 'हॉरर मूवी' जैसा नजारा, दंग रह गए लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं