Microsoft employee salary breakdown: हैदराबाद की एक टेक गर्ल सानिया आहूजा ने अपना मार्च 2026 का कच्चा चिट्ठा इंटरनेट पर खोल कर रख दिया है. महीने का खर्चा 1.36 लाख रुपये...सुनकर कान खड़े हो गए न? लेकिन रुकिए, ये सिर्फ फिजूलखर्ची नहीं बल्कि स्मार्ट प्लानिंग की भी कहानी है. आजकल की भागदौड़ भरी लाइफ में हम सबको लगता है कि पैसा हाथ में आता तो है पर जाता कहां है, पता ही नहीं चलता, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट हैदराबाद में काम करने वाली सानिया आहूजा ने इस गुत्थी को सुलझा दिया है. उन्होंने अपनी एक रील के जरिए बताया कि मार्च के महीने में उन्होंने पूरे 1,36,857 रुपये ठिकाने लगाए हैं. हालांकि, उन्होंने खुद माना कि इस बार हाथ थोड़ा ज्यादा ही खुल गया था, पर मैडम का हिसाब किताब देखकर अच्छे अच्छे 'फाइनेंस गुरु' भी सोच में पड़ जाएंगे.
आधी से ज्यादा कमाई सीधे तिजोरी में! (Investment financial planning)
सानिया के खर्चों की सबसे धांसू बात ये है कि उन्होंने अपनी कमाई का आधे से ज्यादा हिस्सा यानी पूरे 70,000 रुपये म्यूच्यूअल फंड (SIP) और दूसरे निवेशों में डाल दिए. इसे कहते हैं 'देसी दूरदर्शिता'...जहां लोग सैलरी आते ही आईफोन और ब्रैंडेड जूतों के पीछे भागते हैं, वहां इस बंदी ने अपने कल को सुरक्षित करने को सबसे ऊपर रखा. ये उनकी लिस्ट का सबसे बड़ा हिस्सा था, जो बताता है कि बंदा चाहे जितना भी उड़ाए, अगर बचत तगड़ी है तो सब चंगा है.
शॉपिंग और सफर ने बिगाड़ा बजट का जायका (Monthly expenses of techie)
अब भाई, दिल है कि मानता नहीं...निवेश के बाद नंबर आया शौक का. सानिया ने कुबूल किया कि इस महीने शॉपिंग का 'भूत' उन पर थोड़ा ज्यादा सवार था, जिस पर 16,749 रुपये स्वाहा हो गए. ऊपर से हवाई किराये के बढ़ते दाम ने आग में घी का काम किया और ट्रैवल का बिल 10,913 रुपये तक जा पहुंचा. खाने-पीने की शौकीनों की तरह उन्होंने बाहर के खाने पर करीब 10 हजार लुटाए, तो वहीं सेहत और सब्सक्रिप्शन जैसी छोटी मोटी चीजों पर भी कुछ हजार खर्च हुए.
ये भी पढ़ें:-Google ने नौकरी से निकाला तो छलका दर्द, कहा- खूब काम किया, छुट्टियां नहीं ली, फिर भी मिली छंटनी की मार
हिसाब रखने का नया 'देसी' नुस्खा (How she tracks every penny, The Money Manager)
जब लोगों ने उनसे पूछा कि इतना सटीक हिसाब रखती कैसे हो, तो सानिया ने बड़े प्यार से अपने राज से पर्दा उठाया. उन्होंने बताया कि वह 'Money Manager' नाम का एक टूल इस्तेमाल करती हैं. उनका कहना है कि हर धेले का हिसाब रखने से उन्हें पता चलता है कि कहां 'ब्रेक' मारना है. उन्होंने ठोक कर कहा कि इस महीने भले ही ज्यादा खर्च हो गया, पर अगले महीने वो इसकी भरपाई कर लेंगी. इसे ही तो कहते हैं असली अनुशासन.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं