VIRAL VIDEO: सफर सिर्फ मंजिल तक पहुंचने का नाम नहीं, बल्कि रास्ते को जीने का भी जरिया है. यूट्यूबर मल्हार (@malhar_31) का एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने मुंबई से नई दिल्ली के बीच 'मुंबई राजधानी एक्सप्रेस' के फर्स्ट AC का अपना अनुभव साझा किया है. मल्हार ने इस सफर के लिए पूरे 5,300 रुपए चुकाए, जो कि कई बार फ्लाइट के टिकट से भी महंगे होते हैं. तो फिर उन्होंने ट्रेन क्यों चुनी? मल्हार ने वीडियो की शुरुआत में ही साफ किया कि उन्हें फ्लाइट का टिकट इससे कम में मिल रहा था, लेकिन वे ट्रेन के इस खास सफर का मजा लेना चाहते थे. ट्रेन में चढ़ते ही उनका स्वागत पानी की बोतल से हुआ. फर्स्ट AC के साफ-सुथरे बाथरूम और ट्रेन खुलते ही शुरू हुए शाम के नाश्ते ने उनका मूड बना दिया. गरमा-गरम चाय और स्नैक्स का लुत्फ उठाते हुए उन्होंने फर्स्ट AC की गैलरी से 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन के बाहर के खूबसूरत नजारे दिखाए. यूट्यूबर ने कहा कि इस ट्रेन में बेशुमार इज्जत मिली और खाते-पीते सफर कटा.
गरमा-गरम सूप और कॉन्टिनेंटल खाने का ऑर्डर
इस पूरे सफर में 'खाना' सबसे खास रहा. शाम के नाश्ते के बाद उन्हें गरमा-गरम सूप परोसा गया. इसके बाद डिनर में उन्होंने शाकाहारी भोजन के साथ-साथ कॉन्टिनेंटल खाना भी ऑर्डर किया, जिसे उन्होंने बेहद स्वादिष्ट बताया. खाने का अंत शानदार आइसक्रीम के साथ हुआ. वडोदरा स्टेशन आते-आते मल्हार ने अपना बिस्तर तैयार किया और चैन की नींद सो गए.
सुबह करीब 6:30 बजे चाय के साथ उनकी आंख खुली. मल्हार ने मजाक में कहा कि यहां यात्री सोकर उठते हैं और खाना-पीना खुद उनके पास आ जाता है. नाश्ते में कॉर्नफ्लेक्स, उपमा, पोहा और वेज कटलेट की भारी-भरकम थाली देखकर वे बोल पड़े, "यह सिर्फ ब्रेकफास्ट नहीं, पूरा ब्रंच है!" दिल्ली पहुंचने से पहले चाय का एक और दौर चला और ट्रेन सुबह 8:35 बजे बिल्कुल सही समय पर नई दिल्ली स्टेशन पहुंच गई.
Watch Video
इंटरनेट पर छिड़ी बहस: ट्रेन या फ्लाइट?
इस वीडियो ने सोशल मीडिया को दो हिस्सों में बांट दिया है. ट्रेन के दीवाने और इस रूट पर सफर कर चुके लोग मल्हार की बात से पूरी तरह सहमत दिखे. किसी ने लिखा, "सफर का असली मजा तो ट्रेन में ही है," तो किसी ने खाने की तारीफ करते हुए मजाक में कहा, "इसका मतलब बस खाते ही रहो." एक यूजर ने लिखा, "5300 रुपये दिए हैं, तो स्वाद तो लाजवाब होना ही था."
यह भी पढ़ें | इन्फ्लुएंसर के सिर से उतरा पहाड़ों पर जिंदगी बिताने का भूत, मनाली से दिल्ली आकर बोली- 2 बातों ने फंसा दिया
दूसरी तरफ, फ्लाइट के समर्थकों का तर्क अलग था. एक यूजर ने लिखा, "फ्लाइट तेज है, सस्ती है और वहां भी अच्छे नजारे और खाना मिलता है. आपके थ्री-कोर्स मील खत्म होने से पहले तो फ्लाइट आपको दिल्ली पहुंचा देगी." हालांकि, कुछ समझदार लोगों ने यह भी याद दिलाया कि फ्लाइट के सफर में एयरपोर्ट आने-जाने, चेक-इन और सुरक्षा जांच में लगने वाले समय को जोड़ लिया जाए, तो ट्रेन का यह आरामदायक सफर कहीं से भी घाटे का सौदा नहीं लगता.
यह भी पढ़ें | पहली बार बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर में बैठी लड़की, सुरक्षा देखकर बोली- महिलाओं का दिल जीत लिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं