विज्ञापन

फोटोग्राफी का ऐसा जुनून! शख्स ने बनवाया 'कैमरा' जैसा घर, बेटों के नाम रखे- Canon, Nikon और Epson

कर्नाटक में एक शख्स की फोटोग्राफी की दीवानगी इन दिनों इंटरनेट पर छाई हुई है. इस शख्स ने सिर्फ अपना घर ही 'कैमरे' जैसा नहीं बनवाया, बल्कि अपने तीनों बेटों के नाम भी मशहूर कैमरा कंपनियों के नाम पर रखे हैं.

फोटोग्राफी का ऐसा जुनून! शख्स ने बनवाया 'कैमरा' जैसा घर, बेटों के नाम रखे- Canon, Nikon और Epson
जीजा ने साले के लिए डिजाइन किया कैमरे वाला घर. देखें तस्वीरें.
Instagram@priyamsaraswat

Viral Video: हम सबने अपने सपनों का घर बनाने के लिए न जाने कितने डिजाइन सोचे होंगे, लेकिन कर्नाटक के एक शख्स का जुनून देखकर आप भी दंग रह जाएंगे. फोटोग्राफी के लिए इनकी दीवानगी इस कदर है कि इन्होंने अपना पूरा घर ही एक 'बड़े कैमरे' में तब्दील कर दिया है. कंटेंट क्रिएटर प्रियम सारस्वत (Priyam Saraswat) ने इस अनोखे घर का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. 5 जुलाई 2026 को पोस्ट किए गए इस वीडियो को अब तक 2.4 करोड़ व्यूज और 16 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं.

बाहर से घर या कोई 3D कैमरा?

इस अनोखे घर को क्लिक (CLICK) नाम दिया गया है. बाहर से देखने पर यह हूबहू किसी कैमरे जैसा लगता है. घर के फ्रंट में बीचों-बीच एक बहुत बड़ा लेंस बना है, जो असल में किचन की खिड़की है. इस लेंस के ठीक ऊपर कैमरे की फ्लैश लाइट बनी है, जो बच्चों के बेडरूम की खिड़की का काम करती है. घर के साइड में एक बड़ा सा SD Card डिजाइन किया गया है. बालकनी की रैलिंग लोहे की ग्रिल की बजाय  पुराने कैमरों की रील जैसी बनाई गई है. घर के बाहर बड़े अक्षरों में EPSON लिखा हुआ है.

बेडरूम में Google Photos का डिजाइन

इंटीरियर में भी फोटोग्राफी की छाप साफ नजर आती है. बच्चों के कमरे की छत पर गूगल फोटोज (Google Photos) के लोगो का डिजाइन है. वहीं, दूसरे बेडरूम की छत को कैमरे के सेटिंग्स आइकन (Settings Icon) जैसा रूप दिया गया है. यहां तक कि खिड़कियों की लोहे की ग्रिल में भी कैमरे का आइकन बनाया गया है. घर के अंदर घुसते ही एक शोकेस पर नजर पड़ती है, जिसमें इस शख्स का पिछले 30 सालों का पुराना कैमरा कलेक्शन रखा हुआ है. घर की हर सीढ़ी के नीचे फोटोग्राफी से जुड़ा एक खास मैसेज लिखा है.

बेटों के नाम: कैनन, निकॉन और एप्सन

वीडियो में जब प्रियम दीवार पर टंगी एक फैमिली फोटो देखकर पूछते हैं, 'क्या आपके तीन बेटे हैं?' तो शख्स का जवाब मुस्कुराते हुए आता है- 'हां, और मेरे तीनों बेटों के नाम कैनन (Canon), निकॉन (Nikon) और एप्सन (Epson) हैं.' जब प्रियम ने उनके छोटे बेटे से पूछा कि क्या स्कूल में दोस्त इस नाम को लेकर चिढ़ाते हैं, तो बच्चे ने हंसकर मना कर दिया.

जीजा-साले की जोड़ी ने किया कमाल

इस अजूबे घर को बनाने का श्रेय घर के मालिक के जीजा को जाता है. उन्होंने बताया कि जब उन्हें इस 'कैमरा घर' का आईडिया सुनाया गया, तो वो भी कन्फ्यूज हो गए थे. यह साइट केवल 22x20 (कुल 1100 स्क्वायर फीट) की थी. इतने छोटे प्लॉट में पति-पत्नी, तीन बच्चों और मेहमानों के लिए जगह निकालना, और वो भी 'कैमरा लुक' के साथ—यह एक बहुत बड़ा चैलेंज था.

इंजीनियर जीजा ने मजाक में कहा कि, 'ये मेरी पत्नी के भाई हैं. मुझे अपनी पत्नी को खुश करने के लिए इस मकान को अच्छे से बनाना ही था.' आखिरकार दोनों की मेहनत रंग लाई और सबने मिलकर यह शानदार डिजाइन तैयार कर लिया.

बेटे 'कैनन' का भावुक मैसेज जीत रहा दिल

इस वायरल वीडियो पर उनके बेटे कैनन का एक बेहद भावुक कमेंट भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. कैनन ने लिखा, 'दिन-रात पापा, मम्मी और हम तीनों भाइयों ने साथ बैठकर इस घर के हर छोटे-बड़े डिटेल, रंगों और डिजाइन की प्लानिंग की. आज वो सारी मेहनत और सब्र रंग लाया है. हमारे परिवार का सपना आखिरकार सच हो गया. पापा-मम्मी को उनके बिना शर्त प्यार के लिए शुक्रिया. यह सिर्फ एक घर नहीं, बल्कि परिवार के साथ बुना गया एक सपना है.' कैनन ने इस खूबसूरत सफर को कैमरे में कैद करने और उनकी भावनाओं को हमेशा के लिए एक हसीन याद में बदलने के लिए वीडियो क्रिएटर प्रियम को भी धन्यवाद कहा है.

ये भी पढ़ें:- ब्रेकअप के बाद एक्स-गर्लफ्रेंड ने हड़पे 52 लाख रुपये, वकील महंगे लगे तो इस शख्स ने ChatGPT से पूछकर जीत लिया केस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video, Karnataka, Unique House Design, Priyam Saraswat, Zara Hatke News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com