कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों, तो हालात भी रास्ता नहीं रोक पाते. चेन्नई की एक छोटी-सी बच्ची ने इस बात को सच साबित कर दिया. दरअसल, सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट की हल्की रोशनी में, गाड़ियों के शोर और भीड़भाड़ के बीच वह पूरे मन से पढ़ाई करती नजर आ रही है, जबकि मां पास में टेबल पर फूल बेच रही है. संघर्ष और उम्मीद की यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर लाखों लोगों की आंखें नम कर रही है और हर किसी को शिक्षा की असली कीमत याद दिला रही है. इस वायरल पोस्ट पर लोग तरह-तरह के कमेंट भी कर रहे हैं.
कैंप रोड सिग्नल का है मामला
वीडियो वायरल के अनुसार, यह वीडियो चेन्नई के तांबरम स्थित कैंप रोड सिग्नल का है. इस वीडियो को संतोष नाम के यूजर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है. उन्होंने कैप्शन में लिखा कि कल, जब मैं कैम्परोड सिग्नल के पास ताम्बरम में काम कर रहा था, तो मैंने एक बच्ची को पढ़ते हुए और उसकी मां को सड़क के किनारे फूल बेचते हुए देखा. यह देखकर मुझे बहुत हैरानी और खुशी हुई कि वह इस उम्मीद के साथ पढ़ रही थी कि शिक्षा ही उसकी स्थिति बदलने का एकमात्र जरिया है.
मां फूल बेच रही थी और बेटी कर रही थी पढ़ाई
वीडियो में आप देख सकते हैं कि वीडियो में बच्ची की मां पास ही एक स्टूल पर फूल बेचती नजर आ रही है. वहीं उनकी बेटी जमीन पर बैठकर अपनी किताबों में पूरी तरह खोई हुई है. यह दृश्य दिखा रहा है कि आर्थिक तंगी के बावजूद मां-बेटी ने शिक्षा का साथ नहीं छोड़ा है.
पोस्ट पर लोगों ने दिए रिएक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद लोग बच्ची की लगन की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि भगवान इसे खूब सफलता दे. दूसरे ने कहा, "'She will be in best position . She choose Right path to get success". कई लोगों ने मां और बेटी की हिम्मत को सलाम करते हुए दिल वाले इमोजी भी शेयर किए.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: ब्लिंकइट राइडर को मिली 500 रुपये की टिप, दिल छू लेने वाला वीडियो किया शेयर
यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क में ट्रेनिंग ले रहे फायरफाइटर ने किया शानदार अंदाज में शादी का प्रपोजल, देखिए फोटोज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं