विज्ञापन

चीन का नया कारनामा, गर्मी से निपटने के लिए बिल्डिंग की छत से पानी की बौछार, जानें कैसे काम करता है रूफटॉप कूलिंग सिस्टम

चीन ने गर्मी से निपटने के लिए एक नया तरीका निकाला है. उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत के युन्चेंग शहर में ऊंची रिहायशी इमारतों की छतों पर खास रूफटॉप मिस्टिंग सिस्टम लगाया गया है. यह सिस्टम हवा में पानी की बहुत बारीक फुहार छोड़ता है, जिससे तापमान कम होता है.

चीन का नया कारनामा, गर्मी से निपटने के लिए बिल्डिंग की छत से पानी की बौछार, जानें कैसे काम करता है रूफटॉप कूलिंग सिस्टम
चीन रूफटॉप कूलिंग सिस्टम

चीन के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है. ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए वहां एक अनोखा तरीका अपनाया गया है. उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत के युन्चेंग शहर में ऊंची रिहायशी इमारतों की छतों पर खास रूफटॉप मिस्टिंग सिस्टम लगाया गया है. यह सिस्टम हवा में पानी की बहुत बारीक फुहार छोड़ता है, जिससे आसपास का तापमान कम होता है और लोगों को गर्मी से राहत मिलती है. इस तकनीक के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि इमारतों की छतों से घने बादलों जैसी पानी की धुंध निकल रही है, जो नीचे सड़कों और पैदल चलने वाले रास्तों तक फैल जाती है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह फुहार आसपास के क्षेत्र को ठंडा रखने में मदद करती है और तेज धूप तथा गर्म हवाओं के असर को कम करती है. भीषण गर्मी के बीच यह अनोखी व्यवस्था लोगों का ध्यान खींच रही है. बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन के बीच कई शहर तापमान कम करने के नए तरीके खोज रहे हैं. ऐसे में चीन का यह प्रयोग दिखाता है कि भविष्य में शहरों की योजना और इमारतों के डिजाइन में भी बदलाव करना पड़ सकता है.

कैसे काम करता है यह कूलिंग सिस्टम?

यह सिस्टम इवेपोरेटिव कूलिंग के वैज्ञानिक सिद्धांत पर काम करता है. इसके तहत इमारतों की छतों पर लगाए गए हाई-प्रेशर नोजल हवा में पानी की बेहद बारीक बूंदों का छिड़काव करते हैं. जब ये बूंदें हवा में होती हैं, तो आसपास की गर्मी को अपने साथ सोख लेती हैं. ठीक उसी तरह जैसे पसीना शरीर से गर्मी खींचकर हमें ठंडक पहुंचाता है. चीनी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जब बाहर का तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस होता है, तब यह सिस्टम कुछ ही मिनटों में आसपास के इलाके का तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकता है.

इस सिस्टम की खास बात यह है कि पानी की बूंदें बहुत छोटी होती हैं. इसलिए गर्म और सूखे मौसम में वे तेजी से भाप में बदल जाती हैं. इससे सड़कों, इमारतों या लोगों के कपड़ों पर ज्यादा पानी नहीं पड़ता, लेकिन वातावरण में ठंडक महसूस होने लगती है. भीषण गर्मी से जूझ रहे शहरों के लिए यह तकनीक एक नया और प्रभावी समाधान मानी जा रही है, जो लोगों को राहत देने के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में तापमान कम करने में भी मदद कर सकती है.

यह भी पढ़ें:- 'घोड़ा गाड़ी तो देखी थी, आज कुत्ता गाड़ी भी देख ली...' बच्चे का देसी जुगाड़ देख लोग बोले- 'ये तो बचपन का सपना था' 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China, Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com