न्यूयॉर्क सिटी फायर डिपार्टमेंट (FDNY) के एक ट्रेनी फायरफाइटर ने अपनी ट्रेनिंग के दौरान ऐसा सरप्राइज दिया, जिसे उसकी गर्लफ्रेंड शायद कभी नहीं भूल पाएगी. इस खास पल को यादगार बनाने में उसके साथी फायरफाइटर्स ने भी मदद की. यह घटना शनिवार को FDNY के फैमिली डे कार्यक्रम के दौरान हुई, जो रैंडल्स आइलैंड फायर अकादमी में आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में ट्रेनी फायरफाइटर्स अपने परिवार और दोस्तों को बुलाते हैं, ताकि वे उन जरूरी बचाव और सुरक्षा कौशलों को देख सकें, जिन्हें उन्होंने कई महीनों की ट्रेनिंग में सीखा है.
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेनी फायरफाइटर जेसन राल्फ ने इसी मौके को अपनी गर्लफ्रेंड डासिया मूर को प्रपोज करने के लिए चुना. डासिया को लगा कि वह सिर्फ एक ट्रेनिंग डेमो का हिस्सा बनने के लिए वहां आई हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि उनके लिए एक खास सरप्राइज इंतजार कर रहा है.
डासिया मूर को एक ट्रेनिंग अभ्यास के तहत इमारत की खिड़की के पास बैठाया गया था. उन्हें बताया गया था कि नकली आग लगने की स्थिति में उन्हें बचाया जाएगा. इसी दौरान जेसन राल्फ पूरे फायरफाइटर गियर में इमारत की ऊंचाई से रस्सी के सहारे नीचे उतरे और डासिया तक पहुंचे. डासिया को लगा कि यह केवल एक सामान्य बचाव प्रदर्शन है, लेकिन जैसे ही जेसन ने उन्हें रेस्क्यू किया, माहौल अचानक खास बन गया. वह डासिया के सामने घुटनों के बल बैठ गए और जेब से अंगूठी निकालकर शादी के लिए प्रपोज कर दिया.
Proby Proposal™️
— FDNY (@FDNY) June 29, 2026
Probationary Firefighter Jayson Ralph got down on one knee on Saturday at Family Day. All-hands were clearly operating to help ask the question.
His now fiancée, Dasia Moore, said YES! Congrats, Proby! pic.twitter.com/WucxfT9Eub
इस दौरान आसपास मौजूद अन्य फायरफाइटर्स ने बड़े-बड़े अक्षर उठाकर "Marry Me" (मुझसे शादी करोगी?) लिखा हुआ संदेश दिखाया. FDNY ने इस खास पल की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा की. विभाग ने लिखा, "ट्रेनी फायरफाइटर जेसन राल्फ फैमिली डे कार्यक्रम में घुटनों के बल बैठकर अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज किया. उनके साथी फायरफाइटर्स ने भी इस खास मौके पर पूरा सहयोग दिया".
पोस्ट में आगे बताया गया, "उनकी अब मंगेतर बन चुकीं डासिया मूर ने 'हां' कह दिया. जेसन को बधाई". यह भावुक और यादगार प्रपोजल सोशल मीडिया पर भी लोगों का दिल जीत रहा है, जहां कई यूजर्स इस अनोखे अंदाज की तारीफ कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें:- चीन का नया कारनामा, गर्मी से निपटने के लिए बिल्डिंग की छत से पानी की बौछार, जानें कैसे काम करता है रूफटॉप कूलिंग सिस्टम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं