Emotional Graduation Story: बच्चों की खुशी को पूरा करने के लिए माता-पिता क्या कुछ नहीं करते. उनके सपनों को पंख देने के लिए वो अपनी खुशियों का भी मुंह नहीं देखते, लेकिन कुछ पेरेंट्स ऐसे भी हैं, जो बच्चे के खोने के गम को सीने में दबाकर भी, बच्चे के अधूरे सपने को पूरा करते हैं. एक ऐसे ही पिता की कहानी लोगों की आंखों में आंसू ला रही है. फिलीपींस (Philippines) में ग्रेजुएशन से एक महीने पहले सड़क हादसे में जान गंवाने वाली स्टूडेंट चेरिलिन काहिलिग (Cherilyn Cahilig) की जगह उनके पिता ने लाइफ साइज कटआउट (Cutout) के साथ स्टेज पर जाकर बेटी की डिग्री हासिल की.
ये भी पढ़ें:-पिता की मौत पर भी नहीं आईं बेटियां, ऑनलाइन 5100 ट्रांसफर कर कहा- गंगा में बहा देना अस्थियां
ग्रेजुएशन से पहले हादसे में गई बेटी की जान (Emotional Student Story)
फिलीपींस की 'यूनिवर्सिटी ऑफ एंटीक' (University of Antique) से एक इमोशनल कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां बिजनेस मैनेजमेंट (Business Management degree) की पढ़ाई पूरी कर चुकी छात्रा चेरिलिन काहिलिग का सपना था कि वो अपने ग्रेजुएशन सेरेमनी में अपनी डिग्री हासिल करे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और अपनी ग्रेजुएशन से ठीक एक महीने पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे (road accident) में चेरिलिन की जान चली गई.

Photo Credit: Photo- fact.philes
टीचर्स और दोस्तों ने ऐसे दिया सम्मान (Philippines Graduation Story)
चेरिलिन की मेहनत और उनके अधूरे सपने को सम्मान देने के लिए यूनिवर्सिटी के शिक्षकों और दोस्तों ने एक खास पहल की. उन्होंने चेरिलिन का ग्रेजुएशन कैप और गाउन पहने हुए एक लाइफ-साइज (life-sized standee) कार्डबोर्ड कटआउट तैयार करवाया, ताकि वो इवेंट के दिन फिजिकली मौजूद न होकर भी इसका हिस्सा बन सकें.
पिता ने कटआउट के साथ स्टेज पर लिया डिप्लोमा (Father Cutout Daughter Graduation)
ग्रेजुएशन सेरेमनी के दौरान चेरिलिन के पिता सेसर काहिलिग (Cesar Cahilig) अपनी दिवंगत बेटी के उस लाइफ-साइज कटआउट को अपने साथ पकड़कर स्टेज पर पहुंचे. उन्होंने अपनी बेटी की तरफ से स्टेज पर जाकर उसका डिप्लोमा (diploma) सर्टिफिकेट लिया. इस दौरान परिवार के और लोग भी हाथ में फूल और चेरिलिन की फोटो फ्रेम लेकर साथ खड़े रहे, जिससे वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें आंसुओं से भर गईं.

Photo Credit: Photo- fact.philes
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं इमोशनल तस्वीरें (Filipina Student Graduation Cutout)
चेरिलिन खुद स्टेज पर चलकर अपनी डिग्री लेने नहीं आ सकीं, लेकिन उनके परिवार, दोस्तों और यूनिवर्सिटी ने मिलकर ये फैसला किया कि उनका नाम भी पुकारा जाए और उनकी मेहनत को पूरा सम्मान मिले. पिता द्वारा बेटी के कटआउट के साथ डिग्री लेने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं, जिसे देखकर लोग काफी इमोशनल हो रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं