- ओकानागन झील के किनारे बसे कस्बों की ओर बढ़ रही है आग
- लोगों को अपने घरों को खाली करने का दिया गया आदेश
- सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में दिखा आग का तांडव
पश्चिमी कनाडा में तेजी से फैल रही जंगल की आग के कारण 20 हजार से ज्यादा लोगों को रातोंरात अपने घर छोड़ने का आदेश दिया गया. यह आग तेजी से ब्रिटिश कोलंबिया की ओकानागन झील के किनारे बसे कस्बों की ओर बढ़ रही है. विकराल होती जा रही आग रास्ते में आने वाले घरों को नष्ट कर रही थी. सीएनएन में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, समरलैंड में रहने वाले लगभग 12 हजार लोगों और पास के पीचलैंड व उसके आस-पास के करीब 8,000 लोगों को इलाका खाली करने का आदेश दिया गया. अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि आग से कितने घर नष्ट हुए हैं.
बाल्ड रेंज में लगी आग की खबर सबसे पहले शुक्रवार शाम को मिली थी. कुछ ही घंटों में यह आग करीब 50 वर्ग किलोमीटर (19 वर्ग मील) तक फैल गई. आग ने फॉल्डर की छोटी सी बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया और बहुत तेज़ी से लगभग 15 किलोमीटर (9 मील) दूर समरलैंड तक पहुंच गई. ओकानागन-सिमिलकामीन के रीजनल डिस्ट्रिक्ट के इमरजेंसी अधिकारी एरिक थॉम्पसन ने बताया कि यह आग इस इलाके में देखी गई सबसे तेजी से फैलने वाली और तेजी से बढ़ने वाली जंगल की आग में से एक है.
अपना घर छोड़कर जाने को मजबूर लोग
आग की वजह से थॉम्पसन को इमरजेंसी ऑपरेशन्स सेंटर छोड़ना पड़ा और अपने परिवार को सुरक्षित जगह पर ले जाना पड़ा. उन्होंने शनिवार सुबह अपनी गाड़ी से पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "मुझे EOC छोड़कर अपने परिवार को इस इलाके से बाहर ले जाना पड़ा. हम दक्षिण की ओर जा रहे हैं." बता दें कि जब थॉम्पसन ने यह वीडियो शूट किया, उस समय उनके आस-पास ट्रैफिक जाम देखा जा सकता है.
आग तरफ आग ही आग
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में कई घर जलते हुए दिखाई दिए, जबकि लोग सड़कों पर भाग रहे थे और सड़क के दोनों तरफ आग की लपटें उठ रही थीं. यहां अपना खुद का घर लेकर रहने वालीं केरी गोल्ड और उनके पति माइक एल्शिंगा ने पास की पहाड़ियों से आगे आग की लपटें फैलती देख रात करीब 12:30 बजे वहां से भागने का फैसला किया. गोल्ड ने कहा, "यह डरावना है. आग तेजी से फैल रही है." दोनों पति-पत्नी हाल ही में वैंकूवर शहर से यहां आया था. एल्शिंगा ने कहा, "आप यहां रहकर अपने घर को बचाना तो चाहते हैं, लेकिन आप आग की चपेट में भी नहीं आना चाहते."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं