विज्ञापन

बागपत के 'चाट युद्ध' वाले 'आइंस्टीन चाचा' याद हैं... उनके नए Video ने इंटरनेट पर फिर मचा दिया तहलका

बागपत की चाट वॉर का वो वायरल वीडियो याद है. और अतरंगी बालों वाले 'आइंस्टीन चाचा'? सालों बाद अचानक एक दफ्तर की लाइन में चुपचाप खड़े दिखे तो इंटरनेट पर मच गया बवाल.

बागपत के 'चाट युद्ध' वाले 'आइंस्टीन चाचा' याद हैं... उनके नए Video ने इंटरनेट पर फिर मचा दिया तहलका

अरे भाई पहचानते हो इन्हें? ये हैं अपने 'आइंस्टीन चाचा' जी हां, बागपत की उस मशहूर 'चाट वॉर' के असली हीरो, जिनका वो अतरंगी हेयरस्टाइल देखकर दुनिया ने दांतों तले उंगली दबा ली थी. सालों बाद ये चाचा एक बार फिर सोशल मीडिया की दुनिया में प्रकट हो गए हैं, और आते ही इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़ आ गई है. चलिए आपको बताते हैं कि इस बार चाचा कहां और किस हाल में दिखे हैं. 

एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में अपने हरेंद्र सिंह यानी 'आइंस्टीन चाचा' बिल्कुल शांत दिख रहे हैं. किसी दफ्तर में चुपचाप लाइन में लगे हैं, अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं और फिर काउंटर पर जाकर कुछ पूछताछ करते हैं. जैसे ही ये वीडियो 'X' पर आया, कैप्शन लिखा गया- "दोस्तों, अल्बर्ट आइंस्टीन धरती पर वापस आ चुके हैं." बस फिर क्या था, जनता ने एक झटके में पहचान लिया कि ये तो अपने बागपत वाले शेर हैं. 

जनता लिए मजे, लोग बोले- 'GTA 6' से पहले आ गए

सोशल मीडिया पर लोग इस वापसी को लेकर जमकर मजे ले रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "भाई, खुद आइंस्टीन भी होते तो इनसे कहते कि बाल थोड़े छोटे करा लो." वहीं दूसरे ने लिखा, "लो भाई, जिसका सालों से इंतजार था वो गेम GTA 6 तो नहीं आया, लेकिन अपने आइंस्टीन चाचा का कमबैक पहले हो गया." 

आखिर कौन हैं ये 'आइंस्टीन चाचा'?

जो लोग भूल गए हैं, उन्हें फ्लैशबैक में ले चलते हैं. साल 2021 में यूपी के बागपत की एक चाट मंडी में दो दुकानदारों के बीच 'महाभारत' छिड़ गई थी. ग्राहकों को अपनी तरफ खींचने के चक्कर में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड ऐसे चलीं कि वो वीडियो रातों-रात वायरल हो गया. इसी लड़ाई के बीचों-बीच खड़े थे हरेंद्र सिंह.

अपने कड़कमिजाज तेवर और सिर पर खड़े उन सुनहरे-नारंगी बालों के साथ उन्होंने जो गदर काटा, उसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया. जनता ने उनके हेयरस्टाइल की तुलना सीधे महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन से कर दी और नाम दे दिया 'आइंस्टीन चाचा'. 

इंटरनेट पर फिर मचा गदर

सालों बाद चाचा की ये बिल्कुल सादगी भरी झलक देखकर लोग पुराने दिनों को याद कर रहे हैं. लोग हैरान हैं कि जो शख्स लाठी-डंडों के बीच दहाड़ रहा था, वो दफ्तर की लाइन में इतना सीधा कैसे खड़ा है. जो भी हो, चाचा ने एक बार फिर इंटरनेट पर आग लगा दी है और साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया की दुनिया में उनका जलवा आज भी कायम है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Einstein Chacha, Baghpat Viral Video, Baghpat Viral And Trending Video, Offbeat Stories
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com