विज्ञापन

जंक फूड की आदत छुड़ाना चाहता था पिता, माउस से किया बेटी का फेक 'अल्ट्रासाउंड'; पेट में कीड़े देख रो पड़ी बच्ची

पेट पर माउस घुमाया और लैपटॉप स्क्रीन पर दिखा दिए रेंगते हुए कीड़े! पिता के इस खौफनाक 'अल्ट्रासाउंड' ने मासूम बच्ची को तो डरा दिया, लेकिन पैरेंटिंग के इस तरीके पर इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है.

जंक फूड की आदत छुड़ाना चाहता था पिता, माउस से किया बेटी का फेक 'अल्ट्रासाउंड'; पेट में कीड़े देख रो पड़ी बच्ची
पिता के इस कदम की लोग आलोचना कर रहे हैं और तो कुछ लोग इसकी तारीफ भी कर रहे हैं.

यह बात तो हम सभी जानते हैं कि आज के दौर में बच्चों को जंक फूड और मोबाइल की लत से दूर रखना माता-पिता के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है. लेकिन क्या इस लत को छुड़ाने के लिए बच्चों के मन में डर का भूत बैठाना सही है? आजकल सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पैरेंटिंग यानी बच्चों की परवरिश के तरीकों पर एक नई बहस छेड़ दी है. दरअसल, अर्चना सिंह नाम की एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है. इस वीडियो में एक पिता अपनी मासूम बेटी की जंक फूड खाने की आदत से तंग आकर एक अनोखा और अजीबोगरीब हथकंडा अपनाता है. वह अपनी बेटी का एक फर्जी 'अल्ट्रासाउंड' करता है. इसके लिए वह लैपटॉप के माउस को स्कैनर की तरह बच्ची के पेट पर घुमाता है. कमाल की बात यह है कि लैपटॉप की स्क्रीन पर पेट के अंदर रेंगते हुए कीड़े दिखाई देते हैं, जिसे देखकर यह अहसास कराया जाता है कि ये जंक फूड खाने का नतीजा हैं. 

बेचारी मासूम बच्ची स्क्रीन पर कीड़े देखकर इतनी बुरी तरह डर जाती है कि वह रोते हुए अपनी मां की गोद में जा छिपती है. सहमी हुई बच्ची तुरंत कान पकड़ लेती है कि वह आगे से कभी जंक फूड नहीं खाएगी. वीडियो पर लिखा आता है, "पिता के एक नकली अल्ट्रासाउंड ने बेटी की जंक फूड की आदत को एक झटके में सुधार दिया."  

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

इस वीडियो ने इंटरनेट पर लोगों को दो गुटों में बांट दिया है. कुछ लोगों का मानना है कि बच्चों को सुधारने का यह तरीका मजेदार और असरदार है. वहीं, दूसरी तरफ लोग इस बात पर भड़क गए हैं कि बच्चे को इस तरह डराना सही नहीं है. एक यूजर ने लिखा, "यह मजेदार तो है, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि बच्चे वही खाते हैं जो बड़े उन्हें देते हैं." वहीं दूसरे ने तीखा तंज कसते हुए लिखा, "फिर हम इस बात पर हैरान होते हैं कि बच्चे झूठ बोलना कहां से सीखते हैं. अब समझ आया कि ये सफेद झूठ की पाठशाला कहां से शुरू होती है?"  

यह भी पढ़ें : बेंगलुरु में IT प्रोफेशनल महिला चला रही ऑटो, फर्राटेदार अंग्रेजी सुन कस्टमर बोला- इस कहानी ने तो दिल छू लिया
 

उत्तराखंड के स्कूल में भी हुआ ऐसा ही प्रयोग

दिलचस्प बात यह है कि डराकर सुधारने का यह कोई इकलौता मामला नहीं है. हाल ही में उत्तराखंड के खटीमा के एक स्कूल से भी ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया था. वहां बच्चों को मोबाइल की लत से बचाने के लिए स्कूल ने एक ऐसा नाटक रचा जिसने बच्चों की रूह कंपा दी. 

यह भी पढ़ें : भारतीय लड़की ने बताया अमेरिकियों में डिनर का सही टाइम, हैरान लोग बोले- ये तो हमारा सनातनी कल्चर है

एक बच्चे की आंखों पर पट्टी बांधकर लाल रंग लगा दिया गया, जैसे उसकी आंखें निकाल ली गई हों. उस बच्चे ने पूरी क्लास के सामने कहा कि ज्यादा मोबाइल देखने की वजह से डॉक्टरों ने उसकी आंखें निकाल ली हैं. इसे देखकर क्लास के बाकी बच्चे बुरी तरह चीखने-चिल्लाने और रोने लगे. हालांकि, डर के मारे उन्होंने भी मोबाइल न छूने की कसम खा ली. 

यह भी पढ़ें : पहली बार भारत आया ऑस्ट्रेलियन टूरिस्ट, पश्चिमी देशों को सुनाई खरी-खोटी, बोला- ऐसा एक्सपीरियंस कभी नहीं भूलूंगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ultrasound, Viral Video, Offbeat Stories, Father Daughter Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com