- भारतीय मौसम विभाग ने 14 अगस्त को उत्तराखंड, दिल्ली-NCR, यूपी समेत 15 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है
- बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय हैं, जिससे अच्छी बारिश हो रही है.
- मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक देश में भारी बारिश हो सकती है. पहाड़ी राज्यों में भी मॉनसून फिलहाल पूरी तरह से सक्रिय हैं, जिसके चलते यहां झमाझम बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड, दिल्ली-NCR, यूपी-बिहार समेत देश के 15 राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड में अगले कुछ घंटों में तेज बारिश होने की संभावना है, जिसके चलते यहां अलग-अलग जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि भूस्खलन की संभावना के चलते यहां लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. क्योंकि मौसम तेजी से बदल रहा है. वहीं दिल्ली-NCR में भी बारिश की संभावना बन रही है. मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में एक्टिव सिस्टम की वजह से उत्तर पश्चिमी और पहाड़ी राज्यों में अच्छी बरसात हो रही है.
उत्तराखंड में ऑरेंज-येलो अलर्ट
उत्तराखंड में एक बार फिर मॉनसून पूरी तरह आक्रामक रूप ले चुका है. मौसम विभाग अपडेट के मुताबिक आने वाले चार दिन यानी 14 से 17 अगस्त तक बारिश का मिजाज बेहद खतरनाक रहने वाला है. मौसम विभाग ने देहरादून से लेकर हरिद्वार और हल्द्वानी से लेकर नैनीताल तक भारी बारिश की संभावना जताई है. उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम इस तरह रहने की संभावना है.
- 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर , नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट.
- 14 अगस्त को चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार , ऊधमसिंह नगर में बारिश का येलो अलर्ट.
- 16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर , नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट.
- 16 अगस्त को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा , पिथौरागढ़ में बारिश का येलो अलर्ट.
- 17 अगस्त को देहरादून, टिहरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट.
- 17 अगस्त को 11 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट.
#WATCH सीतापुर, उत्तर प्रदेश: शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। pic.twitter.com/S1s0tE2Syc
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 14, 2026
उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह से ही कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है. बनारस में भारी बारिश के बाद गंगा नदी उफान पर हैं, यहां कई घाटों में पानी सीढ़ियों तक पहुंच गया है. ऐसे में लोगों को घाट किनारे सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने 14 अगस्त को लखनऊ, कानपुर, मथुरा, आगरा, गोंडा, गोरखपुर, जोनपुर, सोनभद्र, मऊ, मिर्जापुर, अलीगढ़, बहराइच, झांसी समेत आसपास के जिलों में अगले कुछ घंटों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है. लगातार बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है. जिससे सुबह के वक्त कुछ इलाकों में हल्की ठंडी देखी जा रही है.
Realised rainfall during past 24 hours at 0830 hrs IST of today 14 August 2026 #RealisedRainfall #Monsoon2026 pic.twitter.com/2sfCQmoGsn
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 14, 2026
दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में भी अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव दिख सकता है. 14 अगस्त को भी यहां बारिश की संभावना जताई गई है. बीते 24 घंटे के दौरान दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई है. मोती बाग मेट्रो स्टेशन के पास सड़कें पानी में डूब गई थी. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम में अगले कुछ घंटों में अच्छी बरसात की संभावना बन रही है. मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक बारिश होने के चांस बन रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर में बारिश की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. दिल्ली में मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन मॉनसून के लिहाज से अहम बताए हैं.
हिमाचल प्रदेश-जम्मू-कश्मीर में भी बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी तेज बरसात होने के चांस दिए हैं. कांगड़ा, मंडी, सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर, शिमला, मनाली समेत कई जिलों में अगले कुछ घंटों में तेज बारिश हो सकती है. भूस्खलन की संभावना के चलते प्रशासन अलर्ट पर बना हुआ है, जबकि लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं जम्मू-कश्मीर में भी मौसम बदला है और यहां भी बारिश का दौर शुरू हो गया है. बारामूला, सांबा, पुंछ, किश्तवाड़, अनंतनाग, डोडा जिलों में बारिश की संभावना बन रही है.
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव से बारिश
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन से मॉनसून पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ा है. अगले 24 घंटों के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने की बहुत संभावना है. जिससे यहां बारिश की संभावना तेजी से बढ़ रही है.
ये भी पढे़ंः उत्तराखंड के चमोली में टनल के अंदर घुसा पानी, 6 की मौत, 2 अब भी फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं