विज्ञापन

845 किलो से ज्यादा गांजा, चरस, कोकीन और एम्फेटामाइन जब्त, DRI की देशभर में बड़ी कार्रवाई; 15 तस्कर गिरफ्तार

नशे के खिलाफ DRI ने देश के 8 राज्यों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 845 किलो से अधिक प्रतिबंधित ड्रग्स जब्त की हैं. बिहार में 752 किलो गांजा, दिल्ली में 5.8 किलो कोकीन और कई जगहों से एम्फेटामाइन बरामद हुआ। 15 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं.

845 किलो से ज्यादा गांजा, चरस, कोकीन और एम्फेटामाइन जब्त, DRI की देशभर में बड़ी कार्रवाई; 15 तस्कर गिरफ्तार
DRI का देशभर में बड़ा ऑपरेशन, 845 किलो ड्रग्स जब्त
NDTV
  • ड्रग्स तस्करी पर DRI का बड़ा प्रहार, 845 किलो मादक पदार्थ जब्त
  • बिहार से दिल्ली तक बड़ी कार्रवाई, 8 राज्यों में छापेमारी
  • तस्करों के नए तरीके बेनकाब, चावल की भूसी और बेबी पाउडर में छिपाई ड्रग्स
नई दिल्ली:

देशभर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में DRI को बड़ी सफलता मिली है. 8 राज्यों में चलाए गए विशेष ऑपरेशन के दौरान 845 किलो से अधिक गांजा, चरस, कोकीन और एम्फेटामाइन जब्त किए गए हैं. बिहार में चावल की भूसी के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 752 किलो गांजा की खेप पकड़ी गई, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर 5.8 किलो कोकीन बरामद हुई. कई मामलों में तस्करों के नए-नए तरीके भी सामने आए हैं. बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और मध्यप्रदेश में हुई कार्रवाई से कई संगठित ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है.

8 राज्यों से नशे का जखीरा बरामद 

09 सितम्बर से 20 सितम्बर, 2026 के बीच DRI ने 8 राज्यों में अलग-अलग इंटेलिजेंस ऑपरेशन में 845 किलो से ज्यादा प्रतिबंधित मादक पदार्थ और साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस जब्त किए हैं. इनमें गांजा, चरस, कोकीन और एम्फेटामाइन शामिल हैं. वित्त मंत्रालय के मुताबिक, इस पहल के तहत अब तक ड्रग्स तस्करी के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई अलग-अलग तारीखों में देश के 8 राज्यों में की गई.

बिहार में पकड़ाया गया गांजा

बिहार में पकड़ाया गया गांजा

बिहार में चावल की भूसी में छिपाकर ले जा रहे थे 752 किलो गांजा

DRI ने 17 सितंबर 2026 को बिहार के बोधगया में बड़ी कार्रवाई की. खुफिया जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने जिंदापुर टोल प्लाजा के पास एक कंटेनर ट्रक को रोका. ट्रक की तलाशी के दौरान करीब 752.3 किलो गांजा/कैनाबिस बरामद हुआ. इसे 737 पैकेट में रखा गया था और चावल की भूसी के बीच छिपाया गया था. DRI ने गांजा, वाहन और चावल की भूसी जब्त कर ली और ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया.

गोरखपुर में ट्रेन से 6 किलो चरस बरामद

20 सितंबर 2026 को DRI अधिकारियों ने नेपाल से चरस/हशीश की तस्करी से जुड़ी खुफिया जानकारी के आधार पर गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जननायक एक्सप्रेस में यात्रा कर रही दो महिला यात्रियों को रोका. तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 6 किलो चरस/हशीश बरामद हुआ. DRI के मुताबिक, इसे घुटनों पर बांधे गए नी-कैप के अंदर और साड़ियों के नीचे छिपाया गया था. दोनों महिलाओं को NDPS Act, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है.

ओडिशा में 48.5 किलो गांजा जब्त

11 सितंबर 2026 को DRI ने ओडिशा के घड़ियाबंद वन विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की. मेंट्री गांव में दो लोगों को रोका गया. तलाशी के दौरान करीब 48.5 किलो गांजा बरामद हुआ. गांजे को 25 पैकेट में भरकर तीन बोरियों में रखा गया था. इस मामले में गांजा और उसे ले जाने के लिए इस्तेमाल किए गए स्कूटर को जब्त किया गया और दोनों लोगों को गिरफ्तार किया गया.

ओडिशा में पकड़ा गया नशे का सामान

ओडिशा में पकड़ा गया नशे का सामान

मुंबई और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 28 किलो हाई-ग्रेड कैनाबिस ज़ब्त

DRI की ओर से साझा की गई खुफिया जानकारी के आधार पर मुंबई और बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम्स अधिकारियों ने करीब 28 किलो हाई-ग्रेड कैनाबिस/हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया. ये कार्रवाई थाईलैंड और वियतनाम से आने वाले चार यात्रियों के खिलाफ की गई. NDPS एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित सामान ज़ब्त किया गया और सभी चार यात्रियों को गिरफ़्तार कर लिया गया.

दिल्ली एयरपोर्ट पर 5.8 किलो कोकीन

ड्रग्स के खिलाफ एक अन्य बड़ी कार्रवाई 15 सितंबर 2026 को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर हुई. DRI अधिकारियों ने दुबई से दोहा के रास्ते भारत पहुंचे एक भारतीय यात्री को रोका. उसके चेक-इन बैगेज की विस्तृत जांच के दौरान करीब 5.8 किलो सफेद पाउडर बरामद हुआ. ये पाउडर 9 पैकेट में रखा गया था और फील्ड टेस्ट में कोकीन की पुष्टि हुई. इसके बाद ड्रग्स जब्त कर यात्री को NDPS एक्ट, 1985 के तहत गिरफ़्तार कर लिया गया.

दिल्ली एयरपोर्ट में कोकीन पकड़ी गई

दिल्ली एयरपोर्ट में कोकीन पकड़ी गई

एम्फेटामाइन के अलग-अलग मामलों में 4.5 किलो जब्त

DRI ने तीन अलग-अलग ऑपरेशन में कुल करीब 4.5 किलो एम्फेटामाइन टाइप स्टिमुलेंट्स भी जब्त किए. इन कार्रवाइयों में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया.

  • मुंबई: 16 सितंबर को दिल्ली से यात्रा कर रही एक भारतीय महिला को रोका गया. उसके पास बेबी पाउडर लिखी बोतलों में करीब 493 ग्राम गोलियां छिपी मिलीं. फील्ड टेस्ट में इन गोलियों में एम्फेटामाइन/एक्स्टसी की पुष्टि हुई. महिला को गिरफ्तार किया गया.
  • कालीकट एयरपोर्ट: 9 सितंबर को एक यात्री के सामान से करीब 1.9 किलो एम्फेटामाइन बरामद हुआ. इसके बाद हुई कार्रवाई में रिसीवर और कथित आयोजक को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से अतिरिक्त 17 ग्राम एम्फेटामाइन और 3.45 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए.
  • इंदौर: इसी 9 सितंबर को DRI ने दिल्ली से बस से यात्रा कर रहे एक यात्री को रोका. उसके पास सलवार-सूट के कपड़ों के अंदर छिपाकर रखा करीब 2 किलो एम्फेटामाइन बरामद हुआ. उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
इंदौर में डीआरआई का एक्शन

इंदौर में डीआरआई का एक्शन

DRI ने क्या कहा?

DRI के मुताबिक, इन ऑपरेशन्स से संगठित ड्रग-ट्रैफ़िकिंग नेटवर्क को तोड़ने, नशीले पदार्थों की खेप को उनके ट्रांसपोर्ट के दौरान रोकने और उन्हें छिपाने के नए तरीकों का भी पता चला है.

यह भी पढ़ें : नशे की बढ़ती समस्या से चिंतित है सुप्रीम कोर्ट, जानें CJI ने पंजाब का उदाहरण देते हुए क्या कहा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Drug Bust, Drug Smuggling India, NDPS Act, Ganja Seizure, DRI Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com