दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकियों में गिने जाने वाले ओसामा बिन लादेन को मारे जाने के 15 साल बाद अब CIA ने एक ऐसी तस्वीर शेयर की है जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. अमेरिकी खुफिया एजेंसी ने उस कंपाउंड से मिली एक ईंट की फोटो सार्वजनिक की है, जहां पाकिस्तान के ऐब्टाबाद में ओसामा अपने परिवार के साथ छिपकर रह रहा था. इस तस्वीर के साथ CIA ने उस ऐतिहासिक ऑपरेशन से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी शेयर की हैं.
CIA ने दिखाई Artifact of the Week की तस्वीर
अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA ने बुधवार (6 मई) को सोशल मीडिया पर Artifact of the Week नाम से एक पोस्ट शेयर किया है. इसमें उस ईंट की तस्वीर दिखाई गई, जो ऐब्टाबाद स्थित उसी कंपाउंड से लाई गई थी जहां अल-कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन रहता था. CIA ने बताया, कि यह कंपाउंड करीब 2006 में बनाया गया था और यह पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी से सिर्फ एक मील की दूरी पर मौजूद था. इस घर के चारों तरफ 12 से 18 फीट ऊंची दीवारें थीं, जिन पर कांटेदार तार लगाए गए थे.
घर में नहीं था फोन और इंटरनेट
CIA के मुताबिक, ओसामा और उसका परिवार दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहता था. तीसरी मंजिल पर सात फीट ऊंची प्राइवेसी वॉल बनाई गई थी ताकि बाहर से कोई अंदर न देख सके. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि इस घर में न तो कोई टेलीफोन कनेक्शन था और न ही इंटरनेट सेवा. यहां रहने वाले लोग अपना कचरा बाहर फेंकने की बजाय उसे जला देते थे ताकि किसी को शक न हो. CIA ने बताया, कि ऑपरेशन के बाद वहां से 13 ईंटें बरामद की गई थीं, जिन पर अलग-अलग A, M और S के निशान बने हुए थे. इनमें से एक ईंट CIA म्यूजियम में रखी गई है.
Artifact of the Week: Brick from Abbottabad Compound.
— CIA (@CIA) May 5, 2026
Learn more: https://t.co/VcWYYuyEKx pic.twitter.com/vOLIHZuYRk
सोशल मीडिया पर पाकिस्तान को लेकर छिड़ी बहस
CIA की पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पाकिस्तान की सेना और सरकार पर सवाल उठाए. यूजर्स का कहना था कि ओसामा इतने सालों तक पाकिस्तान में छिपा रहा और किसी को इसकी जानकारी नहीं थी, यह मानना मुश्किल है. एक यूजर ने लिखा, यह पाकिस्तान की सेना और उसके समर्थकों के लिए शर्म की बात है. वहीं दूसरे यूजर ने कहा, यह वही कंपाउंड था जिसे पाकिस्तान आर्मी की सुरक्षा मिली हुई थी.
कैसे मारा गया था ओसामा बिन लादेन?
2 मई 2011 को अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ने ऐब्टाबाद में सुबह-सुबह बड़ा ऑपरेशन चलाया था. करीब 25 नेवी सील्स 2 ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों से कंपाउंड के बाहर पहुंचे थे. दीवार तोड़कर सैनिक तीन मंजिला इमारत के अंदर घुसे. इस ऑपरेशन में ओसामा के बेटे समेत तीन पुरुष और एक महिला की मौत हुई थी.
बाद में ओसामा की पहचान उसकी पत्नी ने की थी. अमेरिकी सैनिकों ने फेस रिकग्निशन तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी पहचान पक्की की. इसके बाद उसके शव को USS Carl Vinson जहाज पर ले जाकर इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार 24 घंटे के भीतर अरब सागर में दफना दिया गया था.
यह भी पढ़ें: 30 साल दिल्ली में रहकर हैदराबाद शिफ्ट हुआ शख्स, बोला- अब पत्नी के बाहर जाने पर डर नहीं लगता… वायरल Video
दूल्हे ने चलती कार से विदेशी टूरिस्ट्स को दिया शादी का कार्ड, वायरल Video ने लोगों को कर दिया इमोशनल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं