VIRAL VIDEO: अक्सर हमें लगता है कि अच्छी अंग्रेजी सिर्फ बड़े स्कूलों में पढ़ने वाले या टाई-कोट पहनने वाले ही बोल सकते हैं. लेकिन बिहार के बिंदेश्वरी कुमार ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है. पेशे से वेल्डर बिंदेश्वरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक विदेशी इंटरव्यूअर के सामने पूरे आत्मविश्वास के साथ फर्राटेदार अंग्रेजी बोल रहे हैं. इंटरव्यू की शुरुआत में जब विदेशी शख्स ने बिंदेश्वरी से उनके काम के बारे में पूछा, तो बिंदेश्वरी बिल्कुल नहीं हिचकिचाए. उन्होंने बेझिझक बताया कि वे बिहार से हैं और पिछले 14 साल से मिग (MIG) वेल्डर का काम कर रहे हैं. उन्होंने 7 साल भारत में और 7 साल यूएई (UAE) में काम किया है. बिंदेश्वरी ने बड़े ही सधे हुए शब्दों में बताया कि वे वेल्डिंग की हर पोजिशन में माहिर हैं. उन्हें टेक्निकल ड्राइंग पढ़ने, फैब्रिकेशन और वेल्डिंग के अंतरराष्ट्रीय मानकों (ISO और AWS) की पूरी समझ है.
पाइप नहीं, फौज की बख्तरबंद गाड़ियां बनाते थे
बातचीत में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया, जब इंटरव्यूअर ने पूछा कि वे यूएई में क्या वेल्ड करते थे, क्या वे पाइप जोड़ने का काम करते थे? इस पर बिंदेश्वरी ने बड़े गर्व से जवाब दिया, "नहीं सर, मेरा काम सेना के लिए बख्तरबंद गाड़ियां (Armored Vehicles) बनाने का था." उनके पास इस हाई-प्रोफाइल काम का 5 साल का तगड़ा अनुभव है. यह सुनते ही विदेशी इंटरव्यूअर खुश हो गया और बोला, "शानदार मेरे भाई. तुम्हारा तजुर्बा और तुम्हारी अंग्रेजी, दोनों कमाल के हैं. तुम मेरी तरफ से पास हो."
Meet Bindeswari Kumar from Bihar, a skilled welder with 14 years of experience and excellent communication skills, now recruited for a job in Europe. Good for him! Sadly, even working in Bihar or elsewhere in India, he might not earn even one-fifth of what he can make in Europe.
— Magadh Updates (@magadh_updates) November 9, 2026
कामयाबी के पीछे एक कड़वा सच भी
अपनी काबिलियत के दम पर बिंदेश्वरी का सेलेक्शन अब यूरोप के लिए हो गया है. यह उनके और उनके परिवार के लिए गर्व का पल है. लेकिन इस कामयाबी के पीछे एक कड़वी हकीकत भी छिपी है. बिंदेश्वरी के पास जो हुनर है, भारत में रहकर वे शायद उसका पांचवां हिस्सा भी नहीं कमा पाते, जो अब उन्हें यूरोप में मिलेगा. सवाल यही है कि हमारे देश के ऐसे हुनरमंद हाथों को सही कीमत के लिए आखिर कब तक देश छोड़ना पड़ेगा?
लोगों ने रिएक्शन में मजदूर की तारीफ की
वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए Kiran Kumar Mattey ने लिखा कि जिंदगी में टिके रहने और इसे बेहतर बनाने के लिए किताबी पढ़ाई से कहीं ज्यादा हुनर (स्किल्स) जरूरी हैं, क्योंकि सिर्फ डिग्री से कामयाबी नहीं मिलती. इसी बात को आगे बढ़ाते हुए Nikhilam ने भारतीय उद्योगों पर निशाना साधा और कहा कि हमारे यहां हुनरमंद मजदूरों (ब्लू कॉलर वर्कर्स) को बहुत कम पैसे दिए जाते हैं और फिर कुशल कामगारों की कमी का रोना रोया जाता है, अब वक्त आ गया है कि हम हर तरह के हुनर को बराबर सम्मान और पैसा दें. वहीं, बिहार के युवाओं के संदर्भ में Smita Kumar और Epic Quest News का मानना है कि वहां के लोगों को दूसरों राज्यों में जाकर अपमान सहने के बजाय अपनी कम्युनिकेशन स्किल्स को सुधारकर सीधे विदेशों का रुख करना चाहिए, ताकि वे बेहतर कमा सकें. दूसरी तरफ, CEO of Lying Down ने एक व्यावहारिक चिंता जताते हुए याद दिलाया कि यूरोप में रहने का खर्च भारत से 10 गुना ज्यादा है, तो dumbmostprobably जैसे कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि भाई ने तो पबजी (PUBG) गेम की गाड़ी वेल्ड कर दी है.
यह भी पढ़ें | गोलगप्पे वाले के सारे खर्च हटाकर महीने की 1.2 लाख कमाई, IIT ग्रेजुएट लड़की बोली- हमारी डिग्री मजाक बन गई
यह भी पढ़ें | 'इस दुकान पर औरतों का आना मना है', प्रयागराज में मालिक हुआ मजबूर, बोला- सच बहुत कड़वा है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं