"बिहार के नालंदा में इंसानियत को खौलते तेल में जिंदा जला दिया गया."
जी हां, ये पढ़कर आपको अजीब लग सकता है लेकिन ये सच है....बिहार के नालंदा में एक मजदूर ने दिनभर मेहनत की और शाम को महज 500 रुपये की दिहाड़ी मांगी तो दबंगो ने उसे जिंदा ही खौलते तेल की कड़ाही में फेंक दिया गया. अस्पताल में कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच तड़पने के बाद आखिरकार उस गरीब की सांसें थम गईं. मामला नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के बथानी पर गांव का है. यहां ब्रह्मभोज यानि श्राद्धकर्म का खाना बनाने गए कंबु चौहान ने जब अपनी मजदूरी मांगी तो दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया.
ब्रह्मभोज में खाना बनाने गया था कंबु चौहान
मृतक मजदूर कंबु चौहान वेलदारी गांव का निवासी था. कंबु के भाई सूबे चौहान ने बताया कि बीती 4 अक्टूबर को गांव के ही दिलीप और राजा नाम के दो व्यक्ति कंबु को अपने साथ बथानी पर गांव लेकर गए थे. वहां रघु गोप के पिता के श्राद्ध कर्म के अवसर पर ब्रह्मभोज का आयोजन था, जिसमें खाना बनाने के लिए कंबु चौहान को बुलाया गया था. कंबु ने दिनभर चूल्हे की तपन के सामने खड़े होकर खाना तैयार किया. काम पूरा होने के बाद जब उसने अपने हक के ₹500 मांगे, तो विवाद शुरू हो गया. पैसे देने के बजाय आरोपी गाली-गलौज करने लगे.

Bihar Labourer Death: कंबु चौहान कई दिनों तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ता रहा पर आखिरकार उसकी सांसें थम गई. अब परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
अस्पताल में कई दिनों तक लड़ी जिंदगी की जंग
मृतक के भाई का आरोप है कि मजदूरी के पैसे मांगने से नाराज होकर दिलीप और राजा ने कंबु चौहान को जबरन उठाकर खौलते हुए तेल की कड़ाही में फेंक दिया. खौलते तेल में गिरने के कारण कंबु का पूरा शरीर बुरी तरह झुलस गया. कंबु की चीखें सुनकर लोग दौड़े और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिवार को उम्मीद थी कि कंबु ठीक हो जाएगा, लेकिन कई दिनों के इलाज के बाद कंबु ने दम तोड़ दिया. इस गंभीर घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है. मृतक के भाई ने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है. फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और फरार आरोपियों का पक्ष सामने आना बाकी है.गरीब मजदूर का परिवार अब प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहा है.
ये भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में मरीज के घर ऑक्सीजन मशीन, पर बिजली नहीं; हर 3 दिन में सिलेंडर भराने 15 KM दूर जाता है परिवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं