VIRAL VIDEO: अपनी हिंदी-उर्दू भाषा से हैरान करने वाले मशहूर अमेरिकी यूट्यूबर क्रिस मिक्स ल्यूइस इस बार पाकिस्तान के सफर पर थे. क्रिस ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान के महंगे 'सेरीना होटल' में ठहरने का फैसला किया. यह पाकिस्तान का सबसे लग्जरी और महंगा होटल माना जाता है. $300 (करीब 93 हजार पाकिस्तानी रुपए) प्रति रात वाले इस आलीशान होटल में क्रिस का अनुभव काफी खराब रहा. क्रिस ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसा लग्जरी होटल नहीं देखा, जो के हालात इतने बुरे हों. उन्होंने ये खराब एक्सीपीरियंस अपने यूट्यूब चैनल Chris Lewis पर Exposed Pakistan's Top 5-Star Hotel ($300 Dirty Rooms) नाम के टाइटल से शेयर किया है. इस वीडियो को अब तक 47 लाख व्यूज मिल चुके हैं.
चेक-इन का हाल देखकर ही उड़े होश
क्रिस जब होटल पहुंचे, तो आलीशान इमारत देखकर उन्हें लगा कि अनुभव शानदार होगा. लेकिन चेक-इन काउंटर पर कदम रखते ही उनका पाला अव्यवस्था से पड़ा. ठीक दोपहर 2 बजे पहुंचने के बावजूद उन्हें करीब 20 मिनट तक बिना किसी जानकारी के खड़ा रखा गया. क्रिस ने देखा कि स्टाफ लगातार फोन पर उलझा हुआ था कि कमरे तैयार भी हैं या नहीं. क्रिस कहते हैं, "इस ढीले-ढाले रवैये ने मेरे 'खराब होटल वाले छठे सेंस' को तुरंत जगा दिया था." करीब आधे घंटे की माथापच्ची के बाद आखिरकार उन्हें कमरे की चाबी मिली.
आलीशान कमरा, पर सफाई में बिल्कुल भी नहीं
कमरे में कदम रखते ही क्रिस के पैर भीग गए. पूरे फर्श पर पानी फैला हुआ था. कमरा मुगलई दौर की याद दिलाता था और दिखने में काफी सुंदर था. पर जैसे ही क्रिस बाथरूम में गए, टब के अंदर किसी के टूटे हुए बाल पड़े थे. क्रिस तंज कसते हैं, "फाइव स्टार होटल के नाम पर सफाई का यह स्तर बेहद शर्मनाक है." हद तो तब हो गई जब कमरे की बिजली गुल हो गई और उनके नॉन-स्मोकिंग रूम में पहले से एक ऐशट्रे सजी हुई थी.
बेस्वाद हाई-टी और रूखी चिकन कड़ाही
शाम को क्रिस ने होटल की 'हाई-टी' बफे का रुख किया. करीब 3000 पाकिस्तानी रुपये के इस बफे में गोलगप्पे से लेकर समोसा चाट तक सब कुछ था. पर स्वाद? बेहद औसत. गोलगप्पे की पूरियां सीली हुई थीं और समोसा ठंडा पड़ चुका था. जब उन्होंने चाय मांगी, तो 10 मिनट के इंतजार के बाद उन्हें टी-बैग वाली बेस्वाद चाय थमा दी गई. रात को कमरे में मंगाई गई चिकन कड़ाही ने तो क्रिस को पूरी तरह निराश कर दिया. इसमें न तो असली देसी घी का तड़का था और न ही मसालों की वह महक जो पाकिस्तान की गलियों में मिलती है.
यह भी पढ़ें | पाकिस्तान की सबसे लग्जरी ट्रेन में कदम रखते ही इंडियन यूट्यूबर हैरान, बोला- 'इसने तो हद कर दी'
निराश होकर गया अमेरिकी यूट्यूबर
क्रिस कहते हैं कि अगर आप पहली बार पाकिस्तानी खाना खा रहे हैं, तो शायद यह आपको ठीक लगे. लेकिन अगर आपने लाहौर या कराची की सड़कों का असली स्वाद चखा है, तो इस फाइव स्टार कड़ाही को आप 10 में से 3 नंबर भी बमुश्किल देंगे. कुल मिलाकर, क्रिस के लिए यह $300 का अनुभव बेहद फीका और निराश करने वाला रहा.
वीडियो देख शर्मिंदा हुए पाकिस्तानी
वीडियो देखने के बाद अधिकांश पाकिस्तानियों ने अपने देश के इस नामी होटल की बदहाली और भारी-भरकम चार्ज (300 डॉलर) के बदले मिलने वाली 'गंदी' सर्विस पर गहरी शर्मिंदगी जताई है. उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के इस कड़वे सच को स्वीकार किया है कि उनके देश के पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 'क्लाइंट सर्विस' और रखरखाव की भारी कमी है. एक स्थानीय नागरिक ने लिखा है कि "इस सच को सामने लाना बेहद जरूरी था क्योंकि अक्सर वीआईपी संस्कृति के चलते ये बड़े घराने अपनी जवाबदेही भूल जाते हैं." वहीं, कुछ लोग इस खुलासे से आहत दिखे.
यह भी पढ़ें | मुंबई-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस में जैसे ही घुसा नीदरलैंड का यूटयूबर, बोला- 'ये फीचर सबसे ज्यादा मजेदार है'
यह भी पढ़ें | जर्मनी की यूट्यूबर ने राजस्थान के सूनसान गांव में बिताई रात, बोली- ये बात कभी नहीं भूलूंगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं