भारत की सस्ती और आसानी से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं एक बार फिर विदेशियों का ध्यान खींच रही हैं. इस बार एक अमेरिकी महिला ने भारत में बिना किसी अपॉइंटमेंट और बिना इंश्योरेंस के महज 26 डॉलर में कॉन्टैक्ट लेंस खरीदने का अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इंस्टाग्राम पर महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर कमेंट दे रहे हैं.
मॉल पहुंची और आसानी से मिल गए लेंस
इंस्टाग्राम यूजर आइवी ने अपने वीडियो में बताया कि वह भारत घूमने आई थीं और उनके पास सिर्फ एक जोड़ी कॉन्टैक्ट लेंस थे. ऐसे में उन्हें नए लेंस की जरूरत पड़ी. वह करीब 20 मिनट पैदल चलकर एक मॉल के ऑप्टिकल स्टोर पहुंचीं और वहां अपना प्रिस्क्रिप्शन दिखाया. आइवी ने बताया कि स्टोर में काम करने वालों ने तुरंत उनके लिए उसी ब्रांड के लेंस मंगवा दिए और कुछ ही समय में उन्हें लेंस मिल भी गए.
बिना अपॉइंटमेंट के मिल गए कॉन्टैक्ट लेंस
वीडियो में आइवी ने कहा कि भारत में बिना इंश्योरेंस और बिना किसी अपॉइंटमेंट के कॉन्टैक्ट लेंस मिल जाना उनके लिए हैरानी की बात थी. उन्होंने कहा कि मैं किसी भी ऑप्टिकल स्टोर में गई और आसानी से लेंस खरीद लिए. अमेरिका को इससे कुछ सीखना चाहिए. महिला ने बताया कि उन्हें तीन जोड़ी लेंस करीब 26 डॉलर में मिले, जो अमेरिका के मुकाबले काफी सस्ते हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई हैरानी
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने हैरानी जताई कि अमेरिका में कॉन्टैक्ट लेंस खरीदने के लिए भी इंश्योरेंस और अपॉइंटमेंट की जरूरत पड़ सकती है. एक यूजर ने लिखा कि मैं तो कभी भी अपने चश्मे की दुकान पर चला जाता हूं और वे मुफ्त में एडजस्टमेंट कर देते हैं.
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी कहानियां
कुछ दिन पहले एक अन्य अमेरिकी महिला ने भी भारत की तारीफ की थी. उसने दावा किया था कि अमेरिका में 1 हजार डॉलर की दवा उसे भारत से सिर्फ 25 डॉलर में मिल गई. महिला ने अमेरिकी स्वास्थ्य व्यवस्था को महंगा बताते हुए इसे आम लोगों के लिए बोझ बताया था.
ये भी पढ़ें: मरीना बीच देख खुला रह गया विदेशी ट्रैवलर का मुंह, कही ऐसी बात...VIDEO हो गया वायरल
ये भी पढ़ें: VIDEO: धरती पर स्वर्ग का रास्ता! चीन के इस विशाल 'दरवाजे' को देख ठहर जाती हैं सांसें, आपने देखा क्या?
ये भी पढ़ें: दोस्त को नौकरी के लिए किया रेफर, कैंडिडेट फेल हुआ तो HR ने कहा- अब आपका भी होगा इंटरव्यू, पोस्ट वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं